राजस्थान के मशहूर डांसर क्वीन हरीश की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई. यह हादसा रविवार सुबह जोधपुर में बिलाड़ा के पास हुआ. इस हादसे में क्वीन हरीश के साथ उनके तीन अन्य सहयोगी कलाकारों की भी मौके पर ही मौत हो गई. यह दुर्घटना तब हुई जब ये लोग एक एसयूवी में जैसलमेर से अजमेर की तरफ जा रहे थे.
गौरतलब है कि क्वीन हरीश ने हाल ही में देश के सबसे अमीर मुकेश अंबानी की बेटी ईशा अंबानी की शादी में परफॉर्म किया था. क्वीन हरीश ने राजस्थानी नृत्य को देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी एक अलग पहचान दिलाई थी.
क्वीन हरीश की मौत पर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने लोक कला क्षेत्र की एक बड़ी क्षति बताया है. उन्होंने ट्वीट कर कहा, 'जोधपुर में हुए भीषण सड़क हादसे में ख्यातनाम कलाकार हरीश कुमार उर्फ़ क्वीन हरीश सहित चार लोगों की दर्दनाक मृत्यु बेहद दुखद है. वहीं, राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भी शोक जताया.
मिली जानकारी के मुताबिक, हरीश एक कार्यक्रम में भाग लेने अपनी टीम के साथ जा रहे थे, तभी जोधपुर के बिलाड़ा के पास ट्रक के साथ इनकी गाड़ी की भिड़ंत हुई और हरीश सहित चार लोक कलाकारों की मौत हो गई. हरीश की मौत की खबर से जैसलमेर के लोगों में दुख है. बता दें कि हरीश का जन्म जैसलमेर में हुआ था. क्वीन हरीश एक पुरुष होते हुए महिला के रूप में प्रस्तुतियों के लिए देश व विदेश में विख्यात थे.
क्वीन हरीश घूमर, कालबेलिया, चंग, भवई, चरी समेत कई लोकनृत्य कलाओं में पारंगत थे. अपनी कला से क्वीन हरीश ने विश्वभर में अपनी पहचान बनाई थी. वे 60 देशों में नृत्य प्रस्तुतियां दे चुके थे. उन्हें कई अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिले थे. क्वीन हरीश अपने बैले डांस के लिए पूरी दुनिया में जाने जाते हैं. इसके अलावा वे कलर्स के शो इंडियाज गॉट टैलेंट का भी हिस्सा रह चुके हैं.
बताया जाता है कि क्वीन हरीश का परिवार आर्थिक रूप से काफी कमजोर था, इसीलिए उन्होंने काफी समय तक पोस्ट ऑफिस में डाक बांटने का काम किया और इस बीच डांस की प्रैक्सिस भी करते रहे. इस तरह उन्होंने डांस के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाना शुरू किया.
aajtak.in