राजस्थान के सीकर जिले का एक शख्स नगर पालिका में घूस मांगने से इतना परेशान हो गया कि उसने अपनी घर की दीवार पर ही अपनी दुख भरी कहानी लिखवा दी. भ्रष्टाचार के खिलाफ इस आदमी की जंग सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है.
दरअसल, सीकर के लक्ष्मणगढ़ कस्बे में भाना राम अपने मकान का सरकारी दस्तावेज यानि पट्टा बनवाने के लिए अधिकारियों के चक्कर लगा रहा था, जबकि सरकार लोगों को उसकी जमीन पर उसके मकान के पट्टे देने का अभियान चला रही है. इस शख्स का दावा है कि अधिकारी रिश्वत मांगते हैं और उसके पास देने के लिए इतने पैसे नही है. भानाराम ने मकान का पट्टा नहीं मिलने पर अपने घर की दीवार पर ही नगर पालिका सीईओ और जेईएन पर पचास हजार रुपये की रिश्वत मांगने की बात पुतवा दिया है.
लक्ष्मणगढ़ कस्बे के वार्ड नंबर 28 के रहने वाले भानाराम ने आरोप लगाया कि वो पिछले कई दिनों से अपने मकान का पट्टा लेने के लिये नगर पालिका के चक्कर काट रहा था, लेकिन बार-बार उससे रिश्वत की मांग की जा रही थी. आला अधिकारियों को भी मामले की जानकारी देने के बाद भी उसे उसके मकान का पट्टा नहीं दे रही है.
वहीं भानाराम द्वारा अपने घर की दीवार पर रिश्वत मांगने की बात लिखे जाने की बात पूरे कस्बे में भी आग की तरह फ़ैल गयी और साथ ही साथ दीवार के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर भी जमकर वायरल किये जा रहे है. वीडियो के बाद राज्य सरकार ने कलेक्टर से पूरी रिपोर्ट मांगी है. भानाराम ने अपनी दीवार पर जिन अधिकारियों के बारे में रिश्वत मांगने की बात लिखी है, उनकी तरफ से कोई बयान अबतक नही आया है.
शरत कुमार