Advertisement

Bihar New CM Live: सम्राट चौधरी ने पेश किया सरकार बनाने का दावा, कल सुबह लेंगे बिहार CM पद की शपथ

aajtak.in | नई दिल्ली | 14 अप्रैल 2026, 8:52 PM IST

Bihar New CM Announcement Live Updates: सम्राट चौधरी बिहार के अगले मुख्यमंत्री होंगे. उन्हें बीजेपी और एनडीए विधामंडल दल का नेता चुन लिया गया है. सम्राट चौधरी ने कहा कि यह उनके लिए सिर्फ एक पद नहीं, बल्कि बिहार की जनता के सपनों को साकार करने का पवित्र अवसर है.

सम्राट चौधरी ने बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन से लोकभवन में मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया. (Photo: X/@samrat4bjp)

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता और बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अब राज्य के अगले मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं. यह बिहार के इतिहास में पहली बार होगा जब बीजेपी का मुख्यमंत्री राज्य का नेतृत्व करेगा. उन्हें बीजेपी और एनडीए विधानमंडल दल का नेता चुन लिया गया है. इससे पहले नीतीश कुमार ने दो दशक से अधिक समय तक बिहार के मुख्यमंत्री पद पर अपनी सेवाएं देने के बाद मंगलवार को इस्तीफा दे दिया. उन्होंने बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) सैयद अता हसनैन से मुलाकात करके उन्हें मुख्यमंत्री पद से अपना इस्तीफा सौंपा.

6:48 PM (7 घंटे पहले)

Samrat Choudhury Bihar New CM: सम्राट चौधरी ने सरकार बनाने का पेश किया दावा

Posted by :- deepak mishra

सम्राट चौधरी ने मंगलवार शाम को लोकभवन पहुंचर बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन से मुलाकात की और राज्य में नई एनडीए सरकार के गठन का दावा पेश किया. राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने उनका यह दावा स्वीकार कर लिया. कल सुबह 11:00 बजे शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन  होगा. सम्राट चौधरी बिहार के अगले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे. उनके साथ बिहार की नई कैबिनेट के सदस्य भी शपथ लेंगे. बता दें कि नीतीश कुमार ने बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में मंगलवार को अपनी कैबिनेट की आखिरी बैठक बुलाई. उन्होंने इस बैठक में अपने इस्तीफे की औपचारिक घोषणा की और कैबिनेट भंग करने का प्रस्ताव पेश किया, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया. इसके बाद वह लोकभवन पहुंचे और राज्यपाल से मुलाकात कर उन्हें अपना इस्तीफा सौंपा. इसके साथ ही बिहार में एक राजनीतिक युग का अंत हो गया. नीतीश कुमार ने दो दशक से अधिक समय तक बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में अपनी सेवाएं दीं. अब हाल ही में बिहार से राज्यसभा के लिए चुने गए हैं. नीतीश के इस्तीफे के बाद पटना में बीजेपी विधानमंडल दल की बैठक में सम्राट चौधरी को सर्वसम्मति से विधानमंडल दल का नेता चुना गया. इसके बाद एनडीए विधानमंडल दल की बैठक में भी उनके नाम पर मोहर लगी, जिसमें नीतीश कुमार भी शामिल थे.

5:34 PM (8 घंटे पहले)

Bihar New CM Live: एनडीए विधानमंडल दल की बैठक में नीतीश कुमार का भावुक संबोधन

Posted by :- deepak mishra

एनडीए विधानमंडल दल की बैठक में नीतीश कुमार ने भावुक संबोधन देते हुए कहा, 'मैं आप सबों को धन्यवाद देता हूं. मैंने राज्यपाल से मिलकर अपना इस्तीफा दे दिया है. अब नई सरकार का गठन होगा और उसे मेरा पूरा मार्गदर्शन मिलता रहेगा.' उन्होंने आगे कहा, 'मैं नरेंद्र मोदी को नमन करता हूं. उनके नेतृत्व में बिहार और तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ेगा.'

5:20 PM (8 घंटे पहले)

Bihar New CM: एनडीए विधानमंडल दल की बैठक में नीतीश कुमार ने किया सम्राट चौधरी का स्वागत

Posted by :- deepak mishra

एनडीए विधानमंडल दल की बैठक में सम्राट चौधरी का स्वागत किया गया. नीतीश कुमार ने भी बिहार में अपने उत्तराधिकारी का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया. सम्राट चौधरी को बैठक में एनडीए विधानमंडल दल का नेता चुना गया. वह कल सुबह 11 बजे बिहार के अगले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे. उनके साथ बिहार के नए कैबिनेट सदस्यों का भी शपथ ग्रहण होगा.

5:13 PM (8 घंटे पहले)

Bihar New CM Live: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सम्राट चौधरी को दी बधाई

Posted by :- deepak mishra

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सम्राट चौधरी को बधाई दी है. उन्होंने कहा, 'बिहार में सम्राट चौधरी को भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर बहुत-बहुत बधाई और मेरी शुभकामनाएं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में विकसित बिहार के संकल्प को और अधिक मजबूती प्राप्त होगी, ऐसा मेरा पक्का विश्वास है.'

Advertisement
5:07 PM (8 घंटे पहले)

Samrat Choudhury News: सम्राट चौधरी जहां से पहली बार बने थे विधायक वहां लोग मना रहे जश्न

Posted by :- deepak mishra

सम्राट चौधरी के बीजेपी विधायक दल का नेता चुने जाने और बिहार के अगले सीएम होने की खबर से खगड़िया के परबत्ता विधानसभा क्षेत्र में जश्न का माहौल है. परबत्ता वही विधानसभा क्षेत्र है जहां से सम्राट चौधरी वर्ष 2000 के विधानसभा चुनाव में राजद के टिकट पर पहली बार चुनाव जीतकर विधायक बने थे. वह 2010 में दोबारा परबत्ता से विधायक बने थे. परबत्ता के महाद्दीपु से सम्राट चौधरी का खास लगाव रहा है. ग्रामीण ढोल-नगाड़ा और एक दूसरे को रंग-अबीर लगाकर और आतिशबाजी करके अपनी खुशियों का इजहार कर रहे हैं.

4:57 PM (8 घंटे पहले)

नीतीश कुमार एनडीए विधायक दल की बैठक में होंगे शामिल

Posted by :- deepak mishra

नीतीश कुमार एनडीए विधायक दल की बैठक में भाग लेने के लिए मुख्यमंत्री आवास से विधानसभा के लिए रवाना हो गए हैं.

4:42 PM (9 घंटे पहले)

Samrat Choudhury News: सम्राट चौधरी होंगे बिहार के अगले मुख्यमंत्री

Posted by :- deepak mishra

सम्राट चौधरी ने पटना स्थित भाजपा कार्यालय में मौजूद समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ का अभिवादन किया. उन्हें सर्वसम्मति से बिहार में भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया है.

4:38 PM (9 घंटे पहले)

Samrat Choudhary: मध्य प्रदेश के CM मोहन यादव ने सम्राट चौधरी को दी बधाई

Posted by :- deepak mishra

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सम्राट चौधरी बधाई दी. उन्होंने कहा, 'सम्राट चौधरी को बिहार में भाजपा विधानमंडल दल का नेता चुने जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. पूर्ण विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में आपका नेतृत्व बिहार को विकास, सुशासन और जनकल्याण की नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा.'

4:36 PM (9 घंटे पहले)

Bihar New CM: गिरिराज सिंह ने सम्राट चौधरी को दी बधाई

Posted by :- deepak mishra

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने सम्राट चौधरी को बधाई दी है. उन्होंने X पर लिखा, 'सम्राट चौधरी को बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में चुने जाने पर हार्दिक अभिनंदन. आपके कुशल मार्गदर्शन में प्रदेश में सुशासन और समृद्धि के नए द्वार खुलेंगे. उज्ज्वल भविष्य के लिए अनंत शुभकामनाएं.'

Advertisement
4:27 PM (9 घंटे पहले)

Bihar New CM Announcement: सबकी अपेक्षाओं पर खरा उतरने का संकल्प लेता हूं- सम्राट चौधरी

Posted by :- deepak mishra

बिहार के नए मुख्यमंत्री बनने जा रहे सम्राट चौधरी ने बीजेपी विधानमंडल दल का नेता चुने जाने के बाद पहली प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने X पर एक पोस्ट में लिखा, 'भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा मुझ पर विश्वास जताते हुए बिहार भाजपा विधानमंडल दल के नेता का दायित्व सौंपने पर हृदय से आभार व्यक्त करता हूं. यह मेरे लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि बिहार की जनता की सेवा, उनके विश्वास और सपनों को साकार करने का एक पवित्र अवसर है. मैं पूर्ण निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ जन-जन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का संकल्प लेता हूं. देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मार्गदर्शन में बिहार को विकास, सुशासन और समृद्धि के नए आयामों तक ले जाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहूंगा. आप सभी का स्नेह, आशीर्वाद और सहयोग ही मेरी सबसे बड़ी शक्ति है. जय बिहार, जय भारत!'

 

4:21 PM (9 घंटे पहले)

Bihar New CM Live: झारखंड के पूर्व CM चंपाई सोरेन ने भी सम्राट चौधरी को दी बधाई

Posted by :- deepak mishra

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने भी सम्राट चौधरी को बधाई दी है. उन्होंने X पर लिखा, 'बिहार में भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर सम्राट चौधरी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. मुझे आशा है कि आपके नेतृत्व में बनने जा रही बिहार की डबल इंजन की सरकार, निवर्तमान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों को दुगुनी रफ्तार से आगे बढ़ाएगी.'

4:18 PM (9 घंटे पहले)

Samrat Choudhury Bihar New CM: बिहार को नया सम्राट मुबारक हो- जीतन राम मांझी

Posted by :- deepak mishra

केंद्रीय मंत्री और हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा प्रमुख जीतन राम मांझी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बिहार के नए मुख्यमंत्री बनने जा रहे सम्राट चौधरी को बधाई  दी. उन्होंने X पर लिखा, 'पुत्रवत सम्राट चौधरी जी को बिहार भाजपा विधानमंडल दल का नेता चुने जाने की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. बिहार को नया सम्राट मुबारक हो.'

Jitan Ram Manjhi
4:10 PM (9 घंटे पहले)

Samrat Choudhury News: सम्राट चौधरी होंगे बिहार के अगले मुख्यमंत्री

Posted by :- deepak mishra

सम्राट चौधरी ही बिहार के अगले मुख्यमंत्री होंगे. उन्हें ​बीजेपी विधायक दल का नेता चुना गया है. पटना में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में हुई बीजेपी विधानमंडल की बैठक में विजय सिन्हा, मंगल पांडे और दिलीप जायसवाल ने भाजपा विधायक दल के नेता के रूप में सम्राट चौधरी के नाम का प्रस्ताव रखा. सम्राट चौधरी थोड़ी देर में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) सैयद अता हसनैन से मुलाकात करेंगे और सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे. 

3:43 PM (10 घंटे पहले)

पटना के बीजेपी कार्यालय में विधानमंडल दल की बैठक शुरू

Posted by :- deepak mishra

पटना के बीजेपी कार्यालय में विधानमंडल दल की बैठक शुरू हो गई है. केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृव में बैठक हो रही है. सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा बीजेपी कार्यालय पहुंच गए हैं. सम्राट चौधरी के पार्टी कार्यालय पहुंचने के साथ कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की. 

Advertisement
3:41 PM (10 घंटे पहले)

बिहार में अब नई सरकार काम करेगी- नीतीश कुमार

Posted by :- deepak mishra

उन्होंने आगे कहा, 'इन दिनों काम को और आगे बढ़ाया गया है. अगले पांच वर्षों यानि 2025 से 2030 के लिए 7 निश्चय-3 का गठन किया गया है. इससे और ज्यादा काम होगा जिससे बिहार काफी आगे बढ़ेगा. बिहार के विकास में केन्द्र का भी पूरा सहयोग मिल रहा है. इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का नमन करते हैं. बिहार और तेजी से विकसित होगा और देश के टॉप राज्यों में शामिल हो जाएगा तथा देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देगा. हमने बिहार के लोगों के लिए बहुत काम किया है. इतने दिनों से हमने लगातार लोगों की सेवा की है. हमने तय किया था कि अब मुख्यमंत्री का पद छोड़ देंगे और इसलिए आज मंत्रिमंडल की बैठक के बाद माननीय राज्यपाल से मिलकर उन्हें इस्तीफा सौंप दिया. अब नई सरकार यहां का काम देखेगी. नई सरकार को मेरा पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन रहेगा. आगे भी बहुत अच्छा काम होगा तथा बिहार बहुत आगे बढ़ेगा. सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद करता हूं तथा शुभकामनाएं देता हूं.'

3:40 PM (10 घंटे पहले)

हमने बिहार के लोगों के लिए बहुत काम किया- नीतीश कुमार

Posted by :- deepak mishra

नीतीश कुमार के इस्तीफे के साथ बिहार में एक राजनीतिक युग का अंत हो गया है. उन्होंने राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया है. सम्राट चौधरी बिहार के अगले मुख्यमंत्री हो सकते हैं. इस्तीफे के बाद नीतीश कुमार ने X पर एक पोस्ट में अपने कार्यकाल की उप​लब्धियों का जिक्र किया. उन्होंने लिखा, 'आप जानते हैं कि 24 नवंबर, 2005 को राज्य में पहली बार एनडीए सरकार बनी थी. तब से राज्य में कानून का राज है और हम लगातार विकास के काम में लगे हुए हैं. सरकार ने शुरू से ही सभी तबकों का विकास किया है चाहे हिंदू हो, मुस्लिम हो, अपर कास्ट हो, पिछड़ा हो, अति पिछड़ा हो, दलित हो, महादलित हो- सभी के लिए काम किया गया है. हर क्षेत्र में काम हुआ है चाहे शिक्षा हो, स्वास्थ्य हो, सड़क हो, बिजली हो, कृषि हो. महिलाओं एवं युवाओं के लिए भी बहुत काम किया गया है.'

3:22 PM (10 घंटे पहले)

नीतीश कुमार ने CM पद से दिया इस्तीफा

Posted by :- Ritu Tomar

नीतीश कुमार ने बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंप दिया है. 

 

3:02 PM (10 घंटे पहले)

राज भवन पहुंचने वाले हैं नीतीश कुमार

Posted by :- Vishnu Rawal

नीतीश कुमार थोड़ी देर में मुख्यमंत्री आवास से निकलकर राज भवन पहुंचने वाले हैं. यहां वो इस्तीफा देंगे. सम्राट चौधरी सीएम हाउस पहुंचे.

1:44 PM (12 घंटे पहले)

सम्राट चौधरी के नाम पर लगेगी मोहर, JDU से होंगे दो डिप्टी सीएम

Posted by :- Vishnu Rawal

सम्राट चौधरी के नाम पर बीजेपी विधायक दल की बैठक में मुहर लगना तय. सूत्रों के मुताबिक सारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं. औपचारिक तौर पर सम्राट चौधरी का नाम तय होगा. जेडीयू से दो डिप्टी सीएम के नाम भी तय हैं.

Advertisement
12:44 PM (13 घंटे पहले)

नीतीश कैबिनेट की आखिरी बैठक खत्म

Posted by :- Vishnu Rawal

नीतीश कुमार ने अपने इस्तीफा के फैसले के बारे में कैबिनेट को जानकारी दी. नीतीश कुमार ने कहा कि मेरा मार्गदर्शन नई सरकार के साथ बना रहेगा. कैबिनेट की बैठक में नीतीश के अलावा केवल डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने अपनी बात रखी. नीतीश कैबिनेट की आखिरी बैठक के बाद की ग्रुप फोटो सामने आई.

11:34 AM (14 घंटे पहले)

नीतीश कुमार की कैबिनेट बैठक खत्म

Posted by :- Nitin

पटना में आयोजित नीतीश कुमार की कैबिनेट बैठक खत्म हो गई है. बताया जा रहा है कि नीतीश कुमार आज ही मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देंगे.

10:58 AM (14 घंटे पहले)

आज शाम 4 बजे चुना जाएगा बिहार का नया सीएम

Posted by :- Vishnu Rawal

नीतीश कुमार के आज बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने की खबर पर राज्य मंत्री और JD(U) नेता श्रवण कुमार का बयान आया. वह बोले, 'यह अच्छा नहीं लग रहा कि आज कैबिनेट की आखिरी बैठक है. उनके साथ काम करते हुए हमें बहुत कुछ सीखने को मिला. आज शाम 4 बजे NDA विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें बिहार के मुख्यमंत्री का चुनाव किया जाएगा.'

10:30 AM (15 घंटे पहले)

मुख्यमंत्री आवास से निकले सीएम नीतीश

Posted by :- Vishnu Rawal

सीएम नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री आवास से निकले. पटना हाई कोर्ट स्थित बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमा पर जा रहे हैं.

10:13 AM (15 घंटे पहले)

सीएम की रेस में सम्राट चौधरी का नाम सबसे आगे

Posted by :- Vishnu Rawal

उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जो पहले राज्य BJP अध्यक्ष रह चुके हैं और निवर्तमान सरकार में गृह मंत्रालय का प्रभार संभाल रहे हैं, उन्हें मुख्यमंत्री पद के लिए चर्चा में चल रहे नामों में सबसे आगे माना जा रहा है.

हालांकि, BJP के अंदरूनी सूत्रों का मानना ​​है कि पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व की ओर से किसी 'चौंकाने वाले फैसले' की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता, जैसा कि हाल ही में राजस्थान, दिल्ली और मध्य प्रदेश में देखने को मिला था.

Advertisement
10:11 AM (15 घंटे पहले)

BJP 89 विधायकों के साथ सबसे बड़ी पार्टी

Posted by :- Vishnu Rawal

243 सदस्यों वाली विधानसभा में 89 विधायकों के साथ सबसे बड़ी पार्टी BJP, इसके बाद अपने विधायक दल के नेता का चुनाव करेगी. विधायक दल की बैठक आज दोपहर करीब 3 बजे होनी तय है.

202 सदस्यों वाले NDA में JD(U) के 85 विधायकों के अलावा, लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के 19 और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (जीतन राम मांझी) के 5 विधायक भी शामिल हैं. इसके अलावा, राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय लोक मोर्चा के भी 5 विधायक इसमें शामिल हैं.

NDA के सभी विधायकों की बैठक आज शाम 4 बजे राज्य विधानसभा के सेंट्रल हॉल में होनी है. सभी घटक दलों की ओर से औपचारिक समर्थन की घोषणा के बाद, नई सरकार के गठन के लिए राज्यपाल से संपर्क किया जाएगा.

9:42 AM (16 घंटे पहले)

Bihar New CM: बिहार के नए सीएम की शपथ कल

Posted by :- Vishnu Rawal

आज नीतीश कुमार का इस्तीफे और नए सीएम का ऐलान होगा. फिर बुधवार 15 अप्रैल को 11 बजे लोकभवन में नए मुख्यमंत्री और उनकी कैबिनेट का शपथ ग्रहण होगा. 

9:40 AM (16 घंटे पहले)

Bihar New CM Announcement: बीजेपी विधायक दल की मीटिंग का शेड्यूल

Posted by :- Vishnu Rawal

प्रदेश कार्यालय में दोपहर तीन बजे बीजेपी विधायक दल की मीटिंग होगी. पर्यवेक्षक शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में बीजेपी विधायक दल का नेता चुना जाएगा. 4 बजे बिहार विधानसभा के सेंट्रल हॉल में एनडीए विधानमंडल दल की बैठक होगी. नए मुख्यमंत्री के चेहरे पर एनडीए विधानमंडल दल मुहर लगाएगा. नई सरकार के गठन को लेकर राज्यपाल के पास दावा पेश होगा. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज पटना पहुंचेंगे. केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी पटना पहुंचेंगे.

9:38 AM (16 घंटे पहले)

Nitish Kumar Resignation: नीतीश कुमार आज देंगे सीएम पद से इस्तीफा

Posted by :- Vishnu Rawal

नीतीश कुमार आज मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे. नीतीश सुबह 10:30 बजे पटना हाई कोर्ट स्थित बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि देने पहुंचेंगे. 11 बजे मुख्य सचिवालय में कैबिनेट की आखिरी बैठक में शामिल होंगे. अपने कैबिनेट की आखिरी बैठक के बाद मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ फोटोग्राफी कराएंगे.

मुख्य सचिवालय से नीतीश कुमार वापस मुख्यमंत्री आवास पहुंच जाएंगे. 3:10 बजे मुख्यमंत्री आवास से लोकभवन के लिए रवाना होंगे. राज्यपाल को अपना इस्तीफा देने के बाद नीतीश कुमार वापस मुख्यमंत्री आवास आ जाएंगे.