ट्रेन में समोसे पर पैर रखकर बैठा वेंडर, आप भी खाते हैं तो देखें Video

चलती ट्रेन में समोसे पर पैर रखकर बैठे एक व्यक्ति का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे की खाद्य स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं. वीडियो में व्यक्ति कथित तौर पर यात्रियों को बेचने के लिए रखे समोसों के ऊपर पैर रखे नजर आया. मामले में रेलवे ने जांच कर कहा कि वीडियो में दिख रहा व्यक्ति अधिकृत स्टाफ नहीं था.

Advertisement
वेंडर ट्रेन के दरवाजे के पास फर्श पर बैठा नजर आ रहा है. (Photo: Screengrab) वेंडर ट्रेन के दरवाजे के पास फर्श पर बैठा नजर आ रहा है. (Photo: Screengrab)

पीयूष मिश्रा

  • नई दिल्ली,
  • 26 मई 2026,
  • अपडेटेड 10:09 PM IST

चलती ट्रेन में समोसे बेचने वाले एक व्यक्ति का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने रेलवे में खाने-पीने की चीजों की स्वच्छता और अनधिकृत वेंडरों को लेकर नई बहस छेड़ दी है. वायरल वीडियो में एक व्यक्ति ट्रेन के दरवाजे के पास फर्श पर बैठा नजर आ रहा है. वह फोन पर बात करता दिखाई दे रहा है, जबकि उसके पैरों के नीचे समोसे रखे हुए हैं, जिन्हें कथित तौर पर यात्रियों को बेचने के लिए रखा गया था.

Advertisement

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने तीखी प्रतिक्रिया दी. कई यूजर्स ने इसे बेहद अस्वच्छ बताते हुए रेलवे में बिकने वाले खाने की गुणवत्ता और सुरक्षा पर सवाल उठाए. लोगों का कहना है कि यात्रियों की सेहत के साथ इस तरह का खिलवाड़ बेहद चिंताजनक है.

सवाल उठने पर रेलवे ने क्या दिया जवाब?
मामले ने तूल पकड़ा तो रेलवे ने इसकी जांच कराई और आधिकारिक बयान जारी किया. रेलवे ने कहा कि 20 मई से 22 मई 2026 के बीच ट्रेन नंबर 12809-10 में की गई जांच में प्रथम दृष्टया ऐसा कोई अधिकृत स्टाफ तैनात नहीं पाया गया, जैसा वीडियो में दिखाई दे रहा है. इससे संकेत मिलता है कि वीडियो में नजर आ रहा व्यक्ति अधिकृत रेलवे कर्मचारी नहीं था.

रेलवे ने यह भी कहा कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है. एक्शन टेकन रिपोर्ट के मुताबिक संबंधित लाइसेंस वालों को निर्देश दिए गए हैं कि ट्रेनों में किसी भी अनधिकृत फेरीवाले या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत रेलवे कंट्रोल रूम को दें.

Advertisement

अवैध रूप से सामान बेचने वालों का क्या होगा?
रेलवे अधिकारियों ने कहा कि लाइसेंसी को संवेदनशील बनाते हुए रियल टाइम में शिकायत दर्ज कराने और निगरानी बढ़ाने को कहा गया है. इस घटना ने एक बार फिर ट्रेनों में अवैध रूप से सामान बेचने वाले फेरीवालों की समस्या को उजागर कर दिया है.

यात्रियों की ओर से लंबे समय से शिकायत की जाती रही है कि कई ट्रेनों में बिना अनुमति वाले वेंडर खाने-पीने की चीजें बेचते हैं और स्वच्छता मानकों का पालन नहीं करते. वायरल वीडियो के बाद अब ट्रेनों में खाद्य सुरक्षा, निगरानी व्यवस्था और यात्रियों की सेहत को लेकर सख्त नियम लागू करने की मांग तेज हो गई है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement