दुश्मन की 'परमाणु साजिश' को नाकाम करेगा RDE, भारत की सीमाओं पर लगेगा ये अमेरिकी सिस्टम

सीमा पार से रेडियो एक्टिव एलीमेंट (यूरेनियम) की तस्करी को रोकने के लिए भारत सरकार अपने सभी बार्डर्स पर आरडीई सिस्टम लगाएगी. इस सिस्टम के लगने से अगर किसी भी देश से रेडियो एक्टिव सामग्री की तस्करी होगी तो भारतीय एजेंसियों को इसका अलर्ट मिल जाएगा. भारत को ये तकनीक अमेरिकी सहयोग से मिला है.

Advertisement
यह सांकेतिक तस्वीर है. यह सांकेतिक तस्वीर है.

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 15 अक्टूबर 2023,
  • अपडेटेड 4:40 PM IST

भारत ने तमाम पड़ोसी देशों की सीमा पर रेडियो एक्टिव एलीमेंट की तस्करी की जांच के लिए विकिरण जांच उपकरण (आरडीई) लगाने का फैसला किया है. अधिकारियों ने कहा कि परमाणु उपकरण बनाने में इसके संभावित उपयोग को लेकर रेडियो एक्टिव सामग्री की तस्करी की जा सकती है. यही वजह है कि पाकिस्तान, बांग्लादेश, म्यांमार और नेपाल की सीमाओं पर आठ जगह लैंड क्रांसिंग प्वाइंट पर ये उपकरण लगाए जाएंगे.

Advertisement

आरडीई को अटारी (पाकिस्तान सीमा), पेट्रापोल, अगरतला, डावकी और सुतारकांडी (सभी बांग्लादेश सीमा पर), रक्सौल और जोगबनी (नेपाल) और मोरेह (म्यांमार) के एकीकृत चेक पोस्ट और बंदरगाहों पर स्थापित किया जाएगा.

इसको लेकर एक अधिकारी ने कहा कि उपकरणों की आपूर्ति, इंस्टालेशन और मेंटेनेंस के लिए सरकार द्वारा पिछले साल किए गए एक समझौते के बाद ऑर्डर दिया गया था. इसके डीलर जल्द ही आरडीई की डिलीवरी देंगे जिसके बाद इसे इंस्टाल किया जाएगा.

रेडियो एक्टिव एलीमेंट की रुकेगी तस्करी

केंद्र सरकार ने आरडीई स्थापित करने की ये पहल इसलिए की है ताकि अंतरराष्ट्रीय सीमाओं से रेडियो एक्टिव सामग्रियों की तस्करी पर रोक लगाई जा सके. एक अन्य अधिकारी ने कहा कि रेडियो एक्टिव सामग्री की कोई भी तस्करी भारत की सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक चुनौती हो सकती है क्योंकि इसका इस्तेमाल परमाणु उपकरण या रेडियोलॉजिकल उपकरण बनाने के लिए किया जा सकता है. आरडीई को ड्राइव-थ्रू मॉनिटरिंग स्टेशन में स्थापित किया जाएगा जो ट्रकों और उनके कार्गो की निगरानी करता है.

Advertisement

भले ही पाकिस्तान के साथ संबंधों में खटास आने के बाद अटारी बॉर्डर के माध्यम से लोगों और सामानों की आवाजाही में भारी कमी आई है, लेकिन अन्य बॉर्डर पर ये उपकरण बेहद महत्वपूर्ण है. आईसीपी की सुरक्षा एजेंसियां ​​सीमा पार कार्गो आवाजाही की निगरानी के लिए आरडीई का उपयोग कर सकती है.

कैसे काम करेगी ये तकनीक

अधिकारी ने कहा, "आरडीई अलग-अलग गामा और न्यूट्रॉन विकिरण अलार्म सिस्टम और संदिग्ध वस्तुओं के वीडियो फ्रेम तैयार करने की तकनीक से लैस है." इसमें विशेष परमाणु सामग्री और उर्वरक या सिरेमिक में प्राकृतिक रूप से होने वाले विकिरण के साथ-साथ उच्च-ऊर्जा गामा आइसोटोप के बीच अंतर करने की क्षमता भी होगी जो यूरेनियम का एक महत्वपूर्ण गुण है. माना जा रहा है कि सरकार ने आरडीई स्थापित करने में संयुक्त राज्य अमेरिका सहित कुछ विदेशी एजेंसियों से तकनीकी मदद ली है.


 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement