प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार रात नौ बजे भारत-अमेरिका संबंधों पर होने वाले एक शिखर सम्मेलन को संबोधित करेंगे. पीएम मोदी की ओर से सुबह ट्वीट कर इस बारे में जानकारी दी गई. कोरोना संकट काल में आर्थिक और सामरिक क्षेत्र में दोनों देश लगातार आगे बढ़ रहे हैं, ऐसे में पीएम का संबोधन काफी मायने रखता है.
पीएम मोदी ने अपने ट्वीट में लिखा कि आज शाम USISP फोरम को संबोधित करूंगा. रात नौ बजे जरूर जुड़ें.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से तीन सितंबर को 9 बजे यूएसआईएसपीएफ के तीसरे सालाना लीडरशिप समिट में विशेष संबोधन देंगे. यूएस-इंडिया स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप फोरम (यूएसआईएसपीएफ) एक गैर-लाभकारी संगठन है, जो भारत और यूएस की साझेदारी के लिए काम करता है.
इस बार इसमें भारत में ग्लोबल मैन्यूफैक्चरिंग हब बनने की संभावनाएं, भारत के गैस बाजार में अवसर, भारत में एफडीआई को आकर्षित करने के लिए ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, कॉमन अपॉर्च्युनिटीज एंड चैलेंजेज इन टेक स्पेस, इंडो-पैसिफिक इकोनॉमिक इश्यूज, इनोवेशन इन पब्लिक हेल्थ और अन्य विषय शामिल है.
गौरतलब है कि इस वक्त दुनिया कोरोना के संकट से गुजर रही है, साथ ही भारत के सामने पड़ोसी चीन की भी चुनौती है. ऐसे में पीएम मोदी के संबोधन पर हर किसी की नजर है. बीते दिनों में चीन ने लगातार भारत को अमेरिका के झांसे में आने का आरोप लगाया है तो अमेरिका चीन की इस चुनौती के मसले पर भारत के साथ खड़ा है.
aajtak.in