लोकसभा के चालू बजट सत्र के दौरान पूर्व सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे के नरवणे मेमोयर को लेकर गतिरोध जारी है. प्रश्नकाल की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसद वेल में आ गए और जोरदार हंगामा शुरू कर दिया. हंगामे के कारण प्रश्नकाल नहीं चल सका और कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी.
लोकसभा में राहुल गांधी को बोलने से रोकते हुए पीठासीन ने अगले वक्ताओं के नाम ले लिए. सपा, टीएमसी और अन्य विपक्षी दलों के सांसदों ने भी बोलने से इनकार कर दिया. जोरदार हंगामा हुआ. विपक्षी सांसद राहुल गांधी के समर्थन में हंगामा करते हुए वेल में आ गए और आसन की तरफ पेपर भी उछाले. जोरदार हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही नहीं चल सकी और पीठासीन कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी ने सदन की कार्यवाही तीन बजे तक के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी.
राहुल गांधी ने फिर से नरवणे मेमोयर का मुद्दा उठा दिया है. राहुल गांधी ने कहा कि मुझे बोलने क्यों नहीं दिया जा रहा है. मैं विपक्ष का नेता हूं, मुझे बोलने दिया जाए. उन्होंने कहा कि आर्टिकल पर ऐतराज, तो नहीं बोलूंगा. राहुल गांधी ने चीन का जिक्र किया और कहा कि ईस्टर्न लद्दाख में भारतीय सैनिक मारे गए. इस पर आसन से तेन्नेटी ने नरेश उत्तम पटेल का नाम ले लिया. अब आसन से तेन्नेटी एक एक कर अगले वक्ताओं के नाम लेते जा रहे हैं.
राहुल गांधी लोकसभा में बोल रहे हैं. राहुल गांधी ने शुरुआत में ही नेशनल सिक्योरिटी का विषय उठाया और ऑथेंटिकेट किया. आसन पर कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी हैं. राहुल गांधी ने कहा कि यह चीन और पाकिस्तान के साथ जुड़ा राष्ट्रीय सुरक्षा का विषय है. इस पर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने आपत्ति करते हुए कहा कि ये सदन को गुमराह कर रहे हैं. उन्होंने स्पीकर की बैठक में हूुई बात का जिक्र करते हुए कहा कि हम सुनने के लिए बैठे हैं. उस विषय को छोड़ना चाहिए. लोकसभा में जोरदार हंगामा हो रहा है. इसी दौरान किसी सदस्य ने चेयर को संबोधित करते हुए यार बोल दिया. इस पर चेयर ने फटकार लगाते हुए कहा कि यह संसद है.
संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही फिर शुरू हो गई है. राज्यसभा की कार्यवाही रात आठ बजे तक चलेगी.
बीजू जनता दल के सांसद मुजीबुल्ला खान ने नवरंगपुर और मलकानगिरि जिलों को रेल नेटवर्क से जोड़ने की मांग संसद में उठाई है. उन्होंने राज्यसभा में 2016 के एमओयू की भी याद दिलाई.
यह भी पढ़ें: 'आज तक नहीं देखी रेल लाइन...', BJD सांसद ने राज्यसभा में की ये डिमांड
लोकसभा में जारी गतिरोध खत्म कराने के लिए स्पीकर ओम बिरला अब एक्टिव मोड में आ गए हैं. स्पीकर ने कांग्रेस और बीजेपी के फ्लोर लीडर्स के साथ बैठक की है. कांग्रेस की ओर से स्पीकर की बैठक में डिप्टी लीडर गौरव गोगोई पहुंचे थे. सरकार की ओर से संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू थे. स्पीकर की इस बैठक के बाद यह कहा जा रहा है कि सदन की कार्यवाही दो बजे जब तीसरी बार शुरू होगी, तब सुचारू तरीके से चल सकती है.
अमेरिका के साथ डील पर विपक्षी सांसदों ने मंगलवार को संसद भवन परिसर में प्रोटेस्ट किया. लोकसभा की कार्यवाही स्थगित होने के बाद विपक्षी सांसद बाहर आ गए थे, वहीं कांग्रेस के राज्यसभा सांसदों ने वॉकआउट कर दिया था.
राज्यसभा में यूएस डील को लेकर विपक्ष के हंगामे पर नेता सदन जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर पलटवार किया. जेपी नड्डा ने कहा कि कांग्रेस को अच्छे काम में भी सिर्फ बुराई दिखती है. उन्होंने कहा कि ट्रंप ने टैरिफ लगाया, तब भी विपक्ष कह रहा था कि सरकार कहां है, क्या कर रही है. अब ट्रंप ने टैरिफ घटा दिया, तब भी विपक्ष को दिक्कत है. हम हर विषय पर चर्चा के लिए तैयार हैं. जेपी नड्डा ने विपक्ष को कठघरे में खडड़ा करते हुए कहा कि इन्हें न तो विकास में इंट्रेस्ट है, ना ही ट्रेड में. इनको सिर्फ राजनीति में इंट्रेस्ट है. उन्होंने कहा कि कल देर रात अमेरिका के राष्ट्रपति ने एक ट्वीट किया है, जिसमे टैरिफ के बारे में प्रधानमंत्री को अवगत कराया और तारीफ की. उन्होंने कहा कि यहां ये बताना चाहता हूं कि विपक्ष फ्रस्ट्रेट है. सरकार की तरफ से ये बताना चाहता हूं कि हम इस ट्रेड डील पर स्टेटमेंट लेकर आएंगे और संबंधित मंत्री इसकी पूरी जानकारी देंगे. सरकार स्टेटमेंट देने वाली है और हम इस पर चर्चा के लिए पूरी तरह से तैयार हैं.
लोकसभा की कार्यवाही फिर से स्थगित हो गई है. हंगामे के बीच ही आसन से कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी ने लिस्टेड बिजनेस लिए. लिस्टेड बिजनेस लेने के बाद पीठासीन ने सदन में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा शुरू करानी चाही, लेकिन विपक्षी सदस्यों ने हंगामा जारी रखा. पीठासीन ने इसके बाद सदन की कार्यवाही दो बजे तक के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी.
भारत और अमेरिका के बीच डील को लेकर विपक्ष ने राज्यसभा में जोरदार हंगामा किया. विपक्ष ने इस पर चर्चा की मांग की. हंगामे को लेकर नेता सदन जेपी नड्डा ने विपक्ष पर पलटवार करते हुए कहा कि अच्छे काम में भी कांग्रेस को सिर्फ बुराई दिखती है. उन्होंने कांग्रेस को आड़ेहाथों लिया और कहा कि हम हर विषय पर चर्चा के लिए तैयार हैं. विपक्षी कांग्रेस के सदस्य राज्यसभा से वॉकआउट कर गए हैं. राज्यसभा की कार्यवाही जारी है.
लोकसभा की कार्यवाही फिर से शुरू हो गई है. सदन की कार्यवाही शुरू होने पर इस बार स्पीकर ओम बिरला नहीं आए हैं. स्पीकर पैनल के कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी आए हैं. पीठासीन लिस्टेड बिजनेस ले रहे हैं. उन्होंने सदन को यह जानकारी दी कि कुछ विषयों पर कई सदस्यों की ओर से स्थगन प्रस्ताव के नोटिस दिए हैं. स्पीकर ने किसी भी नोटिस को अनुमति नहीं दी है.
आरजेडी सांसद प्रोफेसर मनोज कुमार झा ने आईआईटी कानपुर के एक छात्र की आत्महत्या का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षण संस्थानों में आत्महत्या की लंबी श्रृंखला है. हर आत्महत्या कहीं न कहीं हत्या साबित होती है. मनोज झा ने रोहित वेमुल्ला से अब तक कई छात्रों के सुसाइड करने का मुद्दा उठाया और कहा कि खुशी है कि सरकार ने गाइडलाइंस तैयार किया. सर्वोच्च न्यायालय ने भी एक पहल की थी- टास्क फोर्स बनाने की. लेकिन टास्क फोर्स में फोर्स ही नहीं है. उत्पीड़न पर विराम नहीं लगा, तो किस बात की सरकार. इसे गंभीरता से लिया जाए.
सुरेंद्र सिंह नागर ने ग्रेटर नोएड़ा के निवासियों की रेल समस्याएं राज्यसभा में उठाई. बीजेपी सांसद नागर ने कहा कि ग्रेटर नोएडा की आबादी करीब 12 लाख 50 हजार हो चुकी है. यहां अन्य राज्यों के लोग भी बड़ी संख्या में रहते हैं, जिन्हें लंबी दूरी की ट्रेन पकड़ने के लिए 50 किलोमीटर दूर दिल्ली और गाजियाबाद जाना पड़ता है. उन्होंने ग्रेटर नोएडा को रेल हब के तौर पर विकसित करने की डिमांड करते हुए कहा कि दादरी और बोड़ाकी स्टेशन पर लंबी दूरी की ट्रेनों का ठहराव किया जाना चाहिए. सुरेंद्र सिंह नागर ने बोड़ाकी रेलवे स्टेशन का विकास करने की मांग भी की.
लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही जोरदार हंगामा शुरू कर दिया. विपक्षी सदस्य वेल में आ गए और नारेबाजी शुरू कर दी. स्पीकर ओम बिरला ने हंगामे के बीच प्रश्नकाल की कार्यवाही जारी रखी. उन्होंने वेल में आकर हंगामा कर रहे सांसदों से अपनी सीट पर जाने का आग्रह करते हुए सदन चलने देने की अपील की, लेकिन इसका कोई असर नहीं हुआ. स्पीकर के बार-बार आग्रह के बावजूद विपक्षी सदस्यों का हंगामा नहीं रुका. इसके बाद स्पीकर ने प्रश्नकाल की कार्यवाही स्थगित करने की घोषणा कर दी. स्पीकर ने सदन की कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी.