Advertisement

Parliament Budget Session Live: 'श्रमिकों के हित में कानून, 17 यूनियनों ने किया समर्थन', लोकसभा में बोले मनसुख मंडाविया

aajtak.in | नई दिल्ली | 12 फरवरी 2026, 3:59 PM IST

Parliament Session Live Updates: राहुल गांधी की ओर से लगाए गए आरोप को लेकर आक्रामक सरकार ने विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव लाने का ऐलान किया था. सरकार ने अब कदम पीछे खींच लिए हैं. राहुल गांधी के खिलाफ अब विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव नहीं आएगा. ताजा अपडेट्स के लिए पेज को रिफ्रेश करते रहें...

राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव लाने वाली थी सरकार (Photo: PTI)

संसद का बजट सत्र चल रहा है. लोकसभा में आज भी कार्यवाही की हंगामेदार शुरुआत हुई है. लोकसभा में कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सदस्य प्ले कार्ड लेकर वेल में आ गए. विपक्ष के जोरदार हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी. लोकसभा में आसन पर कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी आए थे.

वहीं, राज्यसभा में कार्यवाही की शांतिपूर्ण शुरुआत हुई. शून्यकाल के दौरान विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने ओडिशा में एक दलित व्यक्ति के साथ अमान्वीय व्यवहार का मुद्दा उठाया और मध्य प्रदेश की पुरानी घटना का भी जिक्र किया. राज्यसभा में भी हंगामा देखने को मिला.

3:46 PM (14 मिनट पहले)

Lok Sabha Live: श्रमिकों के हित सुरक्षित करें- चंद्रशेखर

Posted by :- Bikesh Tiwari

एडवोकेट चंद्रशेखर ने कहा कि कहा जा रहा है कि ये केवल तकनीकी संशोधन है. बात जब मजदूरों और उनके अधिकारों पर आती है, तब कोई संशोधन तकनीकी नहीं होता. जिनके लिए कानून ला रहे हैं, उनसे कोई सलाह ली है. क्यों ट्रेड यूनियनें हड़ताल पर हैं. कर्मचारियों की सीमा घटा दी गईं छंटनी के लिए. इससे एससी, एसटी और पिछड़े वर्ग के ज्यादातर श्रमिक इस कानून से प्रभावित होंगे. छोटी इकाइयों में कार्यरत श्रमिकों पर असर पड़ेगा. यह कानून हायर और फायर की छूट देते हैं. सरकार ट्रेड यूनियनों का पर्याप्त प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करे. हम सुधार विरोधी नहीं हैं, लेकिन श्रमिकों के हित सुरक्षित रहें. कर्मचारियों को पूर्ण संरक्षण मिले. जब विरोध का अधिकार ही छीन लेंगे, तो मजदूरों को पूंजीपति मार देंगे न. सरकार उचित संशोधन करे, जिससे श्रमिकों के साथ अन्याय न हो. 

3:30 PM (30 मिनट पहले)

'श्रम कानून वापस ले सरकार', लोकसभा में लेफ्ट सांसद की डिमांड

Posted by :- Bikesh Tiwari

लेफ्ट सांसद सुदामा प्रसाद ने मांग की है कि सरकार नए श्रमिक कानून वापस ले. बिहार के आरा से सांसद सुदामा प्रसाद ने कहा कि नए कानून श्रमिकों के हितों के खिलाफ हैं. ये कानून वापस लिए जाने चाहिए. हमें श्रमिकों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी होगी. 

2:15 PM (एक घंटा पहले)

Lok Sabha Live: श्रमिकों की सुरक्षा के लिए हमेशा लड़ेंगे- सुप्रिया सुले

Posted by :- Bikesh Tiwari

महाराष्ट्र के बारामती से एनसीपी (एसपी) की सांसद सुप्रिया सुले ने कहा कि हम इनके कैपिटलिज्म के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन श्रमिकों के हित की सुरक्षा होनी चाहिए. हर एक श्रमिक भारतीय है और हर भारतीय को अधिकार हैं. उनके अधिकारों की सुरक्षा के लिए हम हमेशा लड़ेंगे.

2:06 PM (एक घंटा पहले)

राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव नहीं लाएगी सरकार

Posted by :- Bikesh Tiwari

लोकसभा में बजट चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के भाषण ने सियासी तूफान खड़ा कर दिया है. केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने 'एपस्टीन फाइल्स' से जुड़े आरोपों पर पलटवार करते हुए राहुल के दावों को बेबुनियाद बताया है.

यह भी पढ़ें: राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव नहीं लाएगी सरकार

Advertisement
1:54 PM (2 घंटे पहले)

Parliament Live: बजट में वरिष्ठ नागरिकों के लिए कुछ नहीं- प्रियंका चतुर्वेदी

Posted by :- Bikesh Tiwari

शिवसेना (यूबीटी) की राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने वरिष्ठ नागरिकों का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि इस बजट से वरिष्ठ नागरिकों को बहुत उम्मीद थी, लेकिन इसमें उनके लिए कुछ भी नहीं है. वरिष्ठ नागरिकों को ओल्ड एज पेंशन मिलती भी है तो वह बहुत कम होती है. उनके पास पैसे नहीं होते. आय का कोई साधन नहीं होता.
 

1:44 PM (2 घंटे पहले)

Parliament Live: विशेषाधिकार प्रस्ताव के सवाल को लेकर पत्रकारों पर भड़के राहुल गांधी

Posted by :- Bikesh Tiwari

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ सरकार ने विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव लाने का ऐलान किया था. गुरुवार को संसद भवन के मकरद्वार पर पत्रकारों ने राहुल गांधी से इसे लेकर सवाल पूछ लिया. पत्रकारों के सवाल पर भड़के राहुल गांधी ने सीधा जवाब देने की जगह उन्हें ही घेर लिया. राहुल ने पत्रकारों पर ही उल्टा सवाल दाग दिया- क्या आज आपको यही कोड वर्ड दिया गया है? कल कोड वर्ड ‘ऑथेंटिकेट’ था? थोड़ा अपना काम किया करो भाई. अब जो मैंने कहा है, वही चलाइए.


 

1:33 PM (2 घंटे पहले)

Budget Session: लोकसभा 2 बजे तक स्थगित, राज्यसभा में बजट पर चर्चा जारी

Posted by :- Bikesh Tiwari

लोकसभा में इंडस्ट्रियल रिलेशन बिल पर चर्चा चल रही थी. लोकसभा में अब भोजनावकाश हो गया है. लोकसभा की कार्यवाही दो बजे तक के लिए स्थगित हो गई है. वहीं, राज्यसभा में बजट पर चर्चा जारी है.

 

1:09 PM (2 घंटे पहले)

राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव नहीं लाएगी सरकार

Posted by :- Bikesh Tiwari

राहुल गांधी ने एक दिन पहले लोकसभा में बजट पर बोलते हुए एपस्टीन फाइल्स का जिक्र किया था. राहुल गांधी ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के नाम लेकर भी आरोप लगाए थे. सरकार ने इसे लेकर राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव लाने का ऐलान किया था. सरकार ने अब अपना फैसला बदल लिया है. सरकार अब राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव नहीं लाएगी. सरकार ने खुद प्रस्ताव लाने का ऐलान किया था और अब फैसला बदल लिया. इसके पीछे गतिरोध के बाद मशक्कत से पटरी पर लौटी लोकसभा में नया गतिरोध शुरू करने से बचने की कवायद भी वजह बताई जा रही है. गौरतलब है कि विपक्ष ने प्रिविलेज मोशन लाए जाने को ध्यान भटकाने की साजिश बताते हुए सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा था. विपक्षी शिवसेना (यूबीटी) की राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा था कि विशेषाधिकार हनन सत्ता में बैठे लोगों ने किया है देश का सौदा करके. अमेरिका के सामने घुटने टेके हैं और 140 करोड़ लोगों का विश्वास तोड़ने का काम किया है.

 

12:28 PM (3 घंटे पहले)

Parliament Live: इंडस्ट्रियल रिलेशन कोड (संशोधन) बिल लोकसभा में पेश

Posted by :- Bikesh Tiwari

इंडस्ट्रियल रिलेशन कोड (संशोधन) बिल लोकसभा में पेश हो गया है. श्रम मंत्री मनसुख मंडाविया ने लोकसभा में यह बिल पेश कर दिया है. मनसुख मंडाविया ने ये बिल पेश करते हुए कहा कि छोटा सा संशोधन लेकर आए हैं. सदन इसे विचार कर पारित करे. विपक्ष की ओर से के सुरेश ने इस बिल पर बोलते हुए कहा कि यह श्रमिकों के हित में नहीं है. लोकसभा में इस बिल पर चर्चा चल रही है.

 

Advertisement
12:06 PM (3 घंटे पहले)

Lok Sabha Live: लोकसभा की कार्यवाही फिर शुरू, लिए जा रहे लिस्टेड बिजनेस

Posted by :- Bikesh Tiwari

लोकसभा की कार्यवाही फिर शुरू हो गई है. सदन में लिस्टेड बिजनेस लिए जा रहे हैं. चेयर पर संध्या राय हैं. इससे पहले, 11 बजे जब लोकसभा की कार्यवाही शुरू हुई, विपक्षी सांसद हंगामा करते हुए प्ले कार्ड लेकर वेल में आ गए. हंगामे के बीच ही पीठासीन कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी ने सदन की कार्यवाही चलाने की कोशिश की. जोरदार हंगामे के कारण 10 मिनट में ही सदन की कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी थी.
 

11:55 AM (4 घंटे पहले)

Parliament Live: पीएम मोदी ने की लोकसभा में वित्त मंत्री के भाषण की तारीफ

Posted by :- Bikesh Tiwari

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने एक दिन पहले लोकसभा में बजट पर हुई चर्चा का जवाब दिया था. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया है. पीएम मोदी ने अपनी एक्स पोस्ट में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के भाषण की तारीफ की है. उन्होंने कहा है कि लोकसभा में अपने भाषण में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने ये बताया कि इस वर्ष का बजट हमारे देश के आर्थिक परिवर्तन में किस तरह महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. वित्त मंत्री ने ‘रिफॉर्म एक्सप्रेस’ पर जोर दिया और एमएसएमई को समर्थन, कौशल विकास, नई पीढ़ी के बुनियादी ढांचे को बढ़ावा, स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और शिक्षा सहित कई अन्य क्षेत्रों में सुधार के प्रयासों पर विशेष रूप से प्रकाश डाला.
 

11:43 AM (4 घंटे पहले)

राजीव शुक्ला ने उठाया डीप फेक वीडियो का मुद्दा, की नोडल एजेंसी बनाने की डिमांड

Posted by :- Bikesh Tiwari

कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने राज्यसभा में एआई आधारित डीप फेक वीडियो का मुद्दा उठाया. शून्यकाल के दौरान उन्होंने कहा कि डीप फेक वीडियो समाज के लिए बड़ा संकट है. आज एक आदमी भी अपने मोबाइल में महज एक ऐप डाउनलोड करके किसी की भी आवाज, चेहरे को कॉपी करके मनगढंत वीडियो बना सकता है. यह तेजी से वायरल होता है. आज हमारे पास कोई ऐसा नोडल तंत्र नहीं, जो इन्हें पकड़े और कार्रवाई करे. कल मेरे साथ ही ऐसा हुआ. पाकिस्तान के चैनलों ने वर्ल्ड कप को लेकर दो बातें जोड़कर मेरा वीडियो बना दिया. मुझे खंडन जारी करना पड़ा. चुनाव के समय नेताओं के बयानों का वीडियो भी खूब सर्कुलेट किया गया. इससे लोगों का असली वीडियो से भरोसा कम हो रहा है. वीडियो वायरल होने के बाद खंडन जारी करने पर भी नुकसान हो चुका होता है.