लोकसभा में सोमवार को नक्सलवाद पर चर्चा की शुरुआत हुई. लोकसभा में विपक्ष के सदस्यों ने इस चर्चा का विरोध करते हुए जोरदार हंगामा किया. विपक्षी सदस्यों ने देश में एलपीजी संकट पर चर्चा की मांग करते हुए कहा कि बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक में सरकार ने भी इस पर चर्चा का भरोसा दिलाया था. आप नियम 193 के तहत नक्सलवाद पर चर्चा लेकर आ गए. स्पीकर ने इस पर कहा कि यह संवेदनशील मुद्दा है. इसे लेकर मंत्री विस्तार से बयान दे चुके हैं, सर्वदलीय बैठक हो चुकी है.
स्पीकर की इस बात के बावजूद विपक्षी सदस्यों का हंगामा जारी रहा. विपक्ष के सदस्यों ने कहा कि हम नक्सलवाद पर चर्चा से भाग नहीं रहे हैं. हम इस पर भी चर्चा के लिए तैयार हैं, लेकिन सरकार एलपीजी संकट पर चर्चा कराए. यह गंभीर मुद्दा है. विपक्ष के हंगामे पर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने खड़े हुए. उन्होंने विपक्षी सदस्यों से लिस्टेड बिजनेस लेने देने की डिमांड की और कहा कि हम चर्चा से भाग नहीं रहे हैं. जरूरत पड़ी तो चर्चा के लिए भी हम तैयार हैं.
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसी सदन में वादा किया था कि हम 31 मार्च 2026 तक वामपंथी उग्रवाद खतम कर देंगे, निर्णायक कदम उठाएंगे. उन्होंने पीएम का बयान याद दिलाते हुए कहा कि हम इस सदन में पीएम की ओर से किया गया वही वादा निभा रहे हैं. गृह मंत्री यहां बोलेंगे. किरेन रिजिजू ने एलपीजी क्राइसिस पर चर्चा की मांग पर कहा कि जितना कदम उठा रहे हैं, सबकी सूचना आपको दी है. हम प्रधानमंत्री के आदेश पर काम कर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि फाइनेंस बिल पर चर्चा के दौरान सभी ने यही मुद्दा (एलपीजी क्राइसिस का) उठाया. जरूरत पड़ी तो हम आपसे बात करेंगे. किरेन रिजिजू ने कहा कि आज शाम को भी हम आपसे मिलेंगे, बात करेंगे. आज का जो लिस्टेड बिजनेस है, वह तो होने दीजिए. उन्होंने सदन में यह आश्वस्त किया कि हम विपक्ष के साथियों से बात करके काम करेंगे. आज का बिजनेस हम लोग समाप्त करें, इसके बाद हम लोग बात करेंगे.
संसदीय कार्य मंत्री के बयान के बाद स्पीकर ओम बिरला ने चेयर से सदन की कार्यवाही 12.30 बजे तक के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी. दोपहर 12 बजकर 30 मिनट पर सदन की कार्यवाही जब दोबारा शुरू हुई, तब सदन में विपक्ष के विरोध के बीच नक्सलवाद पर चर्चा की शुरुआत हुई. शिवसेना (एकनाथ शिंदे) के सांसद डॉक्टर श्रीकांत शिंदे ने चर्चा की शुरुआत की.
aajtak.in