Indian Railways News: सोशल मीडिया पर रेलवे को लेकर एक खबर वायरल हो रही है. इस खबर में दावा किया गया था कि रेलवे सभी टिकट काउंटर बंद करने की योजना बना रहा है. अब इसपर भारतीय रेलवे का ट्वीट आया है. ट्वीट के मुताबिक रेलवे ऐसी किसी भी योजना पर काम नहीं कर रहा है. ना ही आगे भविष्य में इस तरह की योजना पर काम करने का प्रस्ताव है.
कैसे होती है ट्रेन टिकट बुकिंग?
बता दें कि ट्रेन टिकट बुकिंग ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से की जाती है. यात्री आईआरसीटीसी की वेबसाइट और आईआरसीटीसी ट्रेन टिकट बुकिंग ऐप से भारतीय रेलवे ट्रेन टिकट बुक कर सकते हैं और वे आरक्षित और अनारक्षित ट्रेन टिकट प्राप्त करने के लिए भारतीय रेलवे ट्रेन टिकट बुकिंग काउंटर पर भी जा सकते हैं.
पहले भी भ्रामक खबरें होती रही हैं वायरल
कुछ दिनों पहले ऐसी खबरें थीं कि भारतीय रेलवे 5 साल से कम उम्र के बच्चों के ट्रेन टिकट के लिए किराया वसूलेगा. उस वक्त भी रेलवे ने ट्वीट कर दावे को भ्रामक बताया था और कहा था कि 5 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए ट्रेन टिकट बुक करने के किसी मौजूदा नियम में कोई बदलाव नहीं किया है. हालांकि अगर माता-पिता अपने लिए अलग बर्थ चाहते हैं, तो वे इसे मौजूदा ट्रेन टिकट की कीमत पर बुक कर सकते हैं.
रेलवे को करना पड़ा था बयान जारी
रेलवे ने बयान जारी कर कहा था कि यात्रियों की मांग पर उन्हें टिकट खरीदने और अपने 5 साल से कम उम्र के बच्चे के लिए बर्थ बुक करने का विकल्प दिया गया है. और अगर वे अलग बर्थ नहीं चाहते हैं यात्रियों से अलग से किराया नहीं वसूला जाएगा. हालांकि, अगर 5 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए माता-पिता अलग से सीट की मांग करते हैं तो वयस्क लोगों के बराबर किराया लिया जाएगा.
aajtak.in