वेस्ट एशिया में बढ़ते तनाव का सबसे बुरा असर पाकिस्तान पर पड़ा है, जहां की अर्थव्यवस्था संकट में है और महंगाई के साथ तेल की कीमतें आसमान छू रही हैं. इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से फोन पर बातचीत की. भारत के लिए राहत की खबर यह है कि उसके दो LPG टैंकर सफलतापूर्वक 'होर्मुज़ स्ट्रेट' पार कर चुके हैं. वहीं, दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर इंडिगो विमान की सुरक्षित लैंडिंग से बड़ा हादसा टल गया. खेल के मैदान में आज से IPL 2026 का आगाज हो रहा है, जहां पहले मुकाबले में RCB और SRH की भिड़ंत है. पढ़े आज की बड़ी खबरें.
वेस्ट एशिया में टेंशन के कारण पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था संकट में आ चुकी है. महंगाई और तेल की कीमतें वहां तेजी से बढ़ी है. इस बीच, IMF फिर से पाकिस्तान लोन देने की तैयारी कर रहा है. इस बार पाकिस्ता को 1.2 अरब डॉलर का लोन मिल सकता है. IMF ने शुक्रवार को बताया कि इंटरनेशनल मॉनेटरी फंड और पाकिस्तान के बीच लोन प्रोग्राम को लेकर स्टाफ-स्तरीय समझौता हो गया है. यह समझौता 1.2 अरब डॉलर की फंडिंग जारी करने की दिशा में एक खास कदम माना जा रहा है. हालांकि अभी तक इसे लेकर मंजूरी नहीं मिली है.
पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस और प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन सलमान से बातचीत की. इस दौरान उन्होंने समुद्री मार्गों की सुरक्षा और नेविगेशन की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि उन्होंने सऊदी नेतृत्व के साथ क्षेत्रीय हालात पर चर्चा की है. बातचीत के दौरान उन्होंने एनर्जी ठिकानों पर हो रहे हमलों की निंदा की.
पश्चिम एशिया में जंग का असर जारी है. इसके चलते दुनियाभर में तेल और गैस का संकट गहराता जा रहा है. स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में रुकावट आने से समस्या और गंभीर हो गई है. भारत के कई तेल और गैस से लदे जहाज भी इस मार्ग में फंसे हुए हैं. इस बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. दो LPG टैंकर, BW ELM और BW TYR, ईरान जंग के बीच खतरनाक बनी होर्मुज स्ट्रेट को सफलतापूर्वक पार कर गए हैं.
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) हवाई अड्डे पर शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब विशाखापत्तनम से दिल्ली आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट में तकनीकी खराबी की खबर मिली. विमान के इंजन फेल होने की आशंका के चलते रनवे 28 पर 'फुल इमरजेंसी' घोषित कर दी गई थी. हालांकि, पायलट की सूझबूझ और एयरपोर्ट प्रशासन की मुस्तैदी से एक बड़ा हादसा टल गया और विमान की इमरजेंसी लैंडिंग हुई.
आईपीएल 2026 की शुरुआत एक हाई-वोल्टेज मुकाबले से होने जा रही है. डिफेंडिंग चैम्पियन आरसीबी का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से होगा. एक तरफ विराट कोहली की वापसी पर नजरें होंगी, तो दूसरी ओर ईशान किशन की कप्तानी का भी टेस्ट होगा. ईशान पहली बार आईपीएल में कप्तानी की बागडोर संभाल रहे हैं.
aajtak.in