लोकसभा में बहुमत न मिलने के कारण महिला आरक्षण बिल (नारी शक्ति वंदन अधिनियम) गिर गया है, जिसके बाद अब सियासत सड़कों पर उतरने वाली है. इस बिल के पारित न होने के विरोध में बीजेपी शनिवार से देशभर में विपक्ष के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन शुरू करने जा रही है. दूसरी तरफ, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका और ईरान के बीच न्यूक्लियर डील को लेकर सोमवार को इस्लामाबाद में अहम बैठक हो सकती है. इसी बीच, ट्रंप प्रशासन ने एक चौंकाने वाला फैसला लेते हुए रूसी तेल खरीद पर देशों को फिर से अस्थायी छूट दे दी है. खेल के मैदान की बात करें तो आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स की लगातार पांचवीं हार के बाद कप्तान अजिंक्य रहाणे का दर्द छलक पड़ा. वहीं दिल्ली से डीटीसी के लिए अच्छी खबर है, जहां पिछले एक साल में उसकी आय में ₹173 करोड़ की बढ़ोतरी दर्ज की गई है.
संसद के बाद अब सड़क पर प्रदर्शन, महिला आरक्षण बिल गिरने पर आज से BJP का देशव्यापी प्रोटेस्ट
लोकसभा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के लिए 131वें संविधान संशोधन बिल दो-तिहाई बहुमत न मिलने के कारण पारित नहीं हो सका. इसके विरोध में बीजेपी की महिला सांसदों ने विपक्ष के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. वहीं. अब बीजेपी शनिवार से देश भर में प्रदर्शन करने जा रही है.
अमेरिका-ईरान की नई वार्ता की आ गई तारीख, इस दिन इस्लामाबाद पहुंचेंगे दोनों मुल्कों के नेता
अमेरिका और ईरान के बीच न्यूक्लियर मुद्दे पर नई वार्ता का दौर शुरू होने वाला है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों देशों के प्रतिनिधियों के बीच सोमवार को इस्लामाबाद में औपचारिक बातचीत शुरू हो सकती है. हालांकि अभी वॉशिंगटन और तेहरान की ओर से इस बैठक की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन ट्रंप पहले ही संकेत दे चुके हैं कि बातचीत जल्द हो सकती है.
DTC की आय में 173 करोड़ की बढ़ोतरी! दिल्ली के परिवहन मंत्री का बड़ा दावा
दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ पंकज सिंह ने दावा किया है कि पिछले एक साल में डीटीसी की आय में ₹173 करोड़ की बढ़ोतरी हुई है, जिससे निगम की वित्तीय स्थिति में सुधार देखने को मिल रहा है. ट्रांसपोर्ट मंत्री डॉ पंकज सिंह के मुताबिक, वित्तीय वर्ष 2024–25 में डीटीसी की कुल आय ₹822.53 करोड़ थी, जो 2025–26 में बढ़कर ₹995.55 करोड़ पहुंच गई है.
होर्मुज संकट के बीच अमेरिका का U-टर्न, रूसी तेल खरीद पर ट्रंप प्रशासन ने फिर दी छूट
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने रूसी तेल खरीदने पर एक बार फिर अस्थायी छूट दे दी है. खास बात ये है कि यह फैसला ठीक दो दिन बाद आया है, जब खुद अमेरिकी ट्रेजरी से कहा गया था कि इस छूट को आगे नहीं बढ़ाया जाएगा. अमेरिकी ट्रेजरी डिपार्टमेंट के नोटिफिकेशन के तहत देशों को 16 मई तक रूसी तेल खरीदने की अनुमति दी गई है.
'हर छोटी गलती भारी पड़ रही...', लगातार हार से टूटे KKR के कप्तान अजिंक्य रहाणे
IPL 2026 में शुक्रवार को गुजरात टाइटन्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 5 विकेट से हरा दिया. इस हार के बाद KKR के कप्तान अजिंक्य रहाणे का दर्द छलक पड़ा. रहाणे का मानना है कि एक छोटी सी गलती भी भारी पड़ती है और एक टीम के तौर पर खिलाड़ियों को भरोसा रखना होगा. KKR की मौजूदा IPL सीजन में ये पांचवी हार रही. टीम को अब तक एक भी जीत नहीं मिली है.
'7 दावे और सातों सफेद झूठ', ट्रंप पर भड़का ईरान, बोला- होर्मुज में सिर्फ हमारा कानून चलेगा
ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघर ग़ालिबफ़ ने शुक्रवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की कड़ी आलोचना की. उन्होंने ट्रंप पर वॉशिंगटन और तेहरान के बीच चल रहे गतिरोध को लेकर झूठे दावे करने का आरोप लगाया. इसके साथ ही, ईरानी लीडर ने चेतावनी दी है कि ईरान पर लगातार दबाव डालने के ग्लोबल शिपिंग पर गंभीर नतीजे हो सकते हैं.
aajtak.in