केंद्र सरकार में मंत्री रामदास अठावले यूं तो अपने भाषण देने के अंदाज और शायरी के लिए जाने जाते हैं, लेकिन महाराष्ट्र में उनकी राजनीतिक पकड़ भी काफी मजबूत है. अठावले ने अपनी पार्टी रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया की बाल शाखा का गठन किया है. उन्होंने इस शाखा की कमान अपने 12 साल के बेटे जीत को सौंपी है.
मंगलवार को पार्टी की ओर से जारी एक बयान के अनुसार के चेंबूर में जीत की देखरेख में बाल शाखा के गठन की घोषणा की. जीत ने पार्टी के अन्य पदाधिकारियों की भी नियुक्ति कर दी है, ये सभी बच्चे हैं. हालांकि अभी यह नहीं बताया गया है कि बाल शाखा किस प्रकार से काम करेगी. आपको बता दें कि रामदास अठावले केंद्र सरकार में सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री हैं. अठावले राज्यसभा सांसद हैं.
आरक्षण को लेकर उठाते रहे हैं आवाज़
हाल ही में रामदास अठावले ने आरक्षण को लेकर बयान दिया था. अठावले ने सेना में आरक्षण को लेकर मांग उठाई थी. रामदास अठावले ने मांग की है कि सेना में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लोगों को आरक्षण दिया जाए. इसके लिए अठावले ने बाकायदा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की है.
BHASHA