लोकसभा चुनाव से काफी पहले आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली की सातों सीट पर प्रचार शुरू कर दिया है. पूर्वी दिल्ली के बाद अब चांदनी चौक लोकसभा क्षेत्र में पार्टी ने कैम्प ऑफिस तैयार कर लिया है. मंगलवार को चांदनी चौक से 'आप' के लोकसभा प्रभारी पंकज गुप्ता, बल्लीमारान से विधायक और दिल्ली सरकार में मंत्री इमरान हुसैन के साथ चांदनी चौक विधानसभा की विधायक अलका लांबा ने कैम्प ऑफिस का उद्घाटन किया.
आम आदमी पार्टी ने में सबसे पहले कैम्प ऑफिस की शुरुआत की है. यह कैम्प ऑफिस पार्टी के प्रचार की रणनीति बनाने से लेकर जनता तक पहुंचने का एक केंद्र होगा.
बल्लीमारान विधानसभा में सदर थाने से सटे कैम्प ऑफिस तक आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने ढोल, नगाड़ों और शहनाई के साथ रैली निकाली. मंत्री इमरान हुसैन ने कहा कि आज बल्लीमारान में लोकसभा का कैम्प ऑफिस खोला जा रहा है. लोकसभा चुनाव की तैयारी नेता कम और जनता ज्यादा कर रही है.
हुसैन ने आरोप लगाते हुए कहा कि यहां से चुने गए बीजेपी के सांसद इलाके में नजर नहीं आते हैं. उन्होंने दावा किया कि कार्यकर्ताओं में बेहद उत्साह है और उनकी पार्टी चांदनी चौक से पंकज गुप्ता को जीताकर भेजेगी.
उद्धाटन के मौके पर लोकसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी की प्रभारी पंकज गुप्ता ने कहा कि लोगों को चुनाव से पहले जोड़ने के लिए इस कैम्प ऑफिस का खुलना जरूरी था. पिछले 3 महीने से जनता के बीच जाकर दिल्ली सरकार के कामकाज का जिक्र कर रहे हैं. लोगों ने ठान लिया है कि इस लोकसभा चुनाव में वो आम आदमी पार्टी को वोट करेंगे.
पंकज गुप्ता ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली की जनता को बुनियादी सुविधाएं हमारी सरकार दे रही है जबकि नगर निगम और केंद्र में बीजेपी होने के बावजूद हमें समर्थन नहीं मिल रहा है. ऐसे में लोकसभा सीट जीतने पर काम में तेजी आएगी और केंद्र पर दवाब बनाने में आम आदमी पार्टी कामयाब होगी.
आपको बता दें कि आम आदमी पार्टी लगभग सभी सीटों पर लोकसभा प्रभारी का ऐलान कर चुकी है. हर में 10 विधानसभा क्षेत्र हैं, जहां आम आदमी पार्टी के विधायक और नेता दिल्ली सरकार के कामकाज का जमकर प्रचार कर रहे हैं.
पंकज जैन