पिछले कुछ दिनों से तापमान में हो रही वृद्धि के बाद शाम होते होते अचानक आसमान में काले बादल छा गए, जिसके बाद धूल भरी आंधी और बारिश से दिल्ली वासियों को थोड़ी राहत मिली. दिल्ली एनसीआर के इलाकों में सीजन की पहली धूल भरी आंधी रिकॉर्ड की गई. धूल भरी आंधी और बारिश होने के पीछे वजह, दिल्ली एनसीआर समेत उत्तर भारत के तमाम इलाकों में दिन के तापमान में तेज बढ़ोतरी बताई जा रही है.
दिल्ली में सफदरजंग ऑब्जर्वेटरी में 30 मार्च को अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड गया, जो सामान्य से 7 डिग्री सेल्सियस ऊपर रहा. दिन के तापमान में हुई तेज बढ़ोतरी की वजह से शाम होते होते दिल्ली और आसपास के इलाकों में मौसम ने करवट ले ली. गर्मी की वजह से कम दबाव का क्षेत्र बना, जिसकी बजह से दिल्ली एनसीआर और आसपास के इलाकों में धूल भरी आंधी और बारिश ने मौसम को खुशनुमा बना दिया. दिल्ली में तेज गरज के साथ कई इलाकों में धूल भरी आंधी के साथ बारिश भी रिकॉर्ड की गई.
मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक यानी 1 अप्रैल तक दिल्ली और आसपास के इलाकों में दिन के वक्त तेज हवाएं चलेंगी और तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किए जाएंगे. मौसम की ताजा अनुमानों के मुताबिक राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र के अंदरूनी हिस्सों और गुजरात में अगले दो दिनों तक कई इलाकों में गर्मी की लहर बनी रहेगी.
मौसम विभाग की ताजा आंकड़ों के मुताबिक जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य के मुकाबले 5.1 डिग्री सेल्सियस पर रिकॉर्ड किए जा रहे हैं. पश्चिमी मध्य प्रदेश में दिन का अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है, जो पूरे देश में सर्वाधिक है. दिन के तापमान के साथ साथ रात के तापमान भी कई इलाकों में सामान्य के मुकाबले काफी ऊपर हैं. राजस्थान, सौराष्ट्र और कच्छ में कई जगह रात के तापमान सामान्य के मुकाबले 5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रिकॉर्ड किए जा रहे हैं.
सिद्धार्थ तिवारी