दिल्ली में मेट्रो किराए पर शुरू हुआ घमासान खत्म नहीं हुआ है. मेट्रो का बढ़ा हुआ किराया लागू हो चुका है, लेकिन इसके विरोध में दिल्ली में सत्ताधारी पार्टी सड़क पर उतर आई है. मेट्रो सत्यागृह के नाम से शुरू हुए किराया विरोधी आंदोलन के तीसरे दिन के कार्यकर्ताओं ने शहरी विकास मंत्रालय का घेराव किया और केंद्र सरकार पर दिल्ली वालों पर आर्थिक बोझ बढ़ाने का आरोप लगाया.
आम आदमी पार्टी के दिल्ली के संयोजक और दिल्ली सरकार में मंत्री गोपाल राय भी शुक्रवार को निर्माण भवन पहुंचे और मोदी सरकार को मेट्रो का किराया बढ़ाने के लिए खूब कोसा. गोपाल राय ने आरोप लगाया कि केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय की दिल्ली में मेट्रो में दिल्ली सरकार के साथ आधी हिस्सेदारी है, लेकिन दिल्ली मेट्रो के अफसर दिल्ली सरकार की बात नहीं सुनते और केंद्र के इशारे पर काम करते हैं.
गोपाल राय ने कहा कि दिल्ली सरकार होने वाले नुकसान को भुगतने के लिए तैयार थी, लेकिन केंद्र इसके लिए तैयार नहीं हुआ और नतीजा ये हुआ कि अब दिल्ली वालों को मेट्रो के किराए के लिए अपनी जेब ढीली करनी पड़ रही है.
दिल्ली सरकार में ही मंत्री राजेंद्र पाल गौतम की अगुवाई में आप कार्यकर्ताओं ने निर्माण भवन पर हल्ला बोला. हालांकि पुलिस ने निर्माण भवन के गेट पर ही इन लोगों को रोक दिया. के कार्यकर्ताओं ने यहीं जमकर प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाज़ी की. गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता और समर्थक दिल्ली के सभी मेट्रो स्टेशनों पर पिछले दो दिनों से प्रदर्शन कर किराया बढ़ोतरी पर अपना विरोध जता रहे हैं.
कपिल शर्मा