फैक्ट चेक: गदर 2 की रिकॉर्ड तोड़ कमाई के बीच सनी देओल पर हमला होने की उड़ी अफवाह

सनी देओल की फिल्म गदर 2 ने रिलीज होने के महज छह दिनों में ही 250 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है. फेसबुक पर एक वीडियो के जरिए कहा जा रहा है कि गदर 2 रिलीज होने के बाद सनी देओल पर हमला हो गया है. हालांकि हकीकत कुछ और ही है.

Advertisement

आजतक फैक्ट चेक

दावा
गदर 2 की सफलता के बीच कुछ लोगों ने सनी देओल पर हमला किया, जिसके बाद वो अस्पताल में भर्ती कराया गया.
सच्चाई
सनी देओल पर हमला होने की बात सरासर झूठ है. सनी की पीआर टीम ने खुद ‘आजतक’ से इस बात की पुष्टि की है.

संजना सक्सेना

  • नई दिल्ली,
  • 17 अगस्त 2023,
  • अपडेटेड 10:24 PM IST

सनी देओल की फिल्म गदर 2 ने रिलीज होने के महज छह दिनों में ही 250 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है. इसके साथ ही ये फिल्म साल 2023 की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली बॉलीवुड मूवी बन गई है. लेकिन, कुछ लोगों की मानें तो गदर 2 की ये सफलता सनी पर ही भारी पड़ गई है. 

फेसबुक पर एक वीडियो के जरिए कहा जा रहा है कि गदर 2 रिलीज होने के बाद सनी देओल पर हमला हो गया. ऐसा कहा जा रहा है कि कुछ लोगों से गदर 2 की सफलता बर्दाश्त नहीं हुई, जिसके बाद उन्होंने सनी देओल पर हमला कर दिया. 

Advertisement

इस वीडियो के थम्बनेल में कुछ तस्वीरें मौजूद हैं. पहली फोटो देखकर ऐसा लग रहा है कि सनी किसी अस्पताल के बेड पर आंखें बंद कर लेटे हैं. दूसरी फोटो में कुछ लोग एक व्यक्ति को पकड़े हैं, जिसकी शक्ल काले कपड़े से ढकी है. तीसरी तस्वीर में धर्मेन्द्र और बॉबी देओल को साथ खड़े देखा जा सकता है. 

वीडियो की शुरुआत प्रधानमंत्री मोदी के भाषण से होती है. पीएम मोदी कहते हैं कि वो गलत करने वालों को छोड़ेंगे नहीं. इसके बाद सड़क पर चलती एम्बुलेंस का वीडियो आता है, जो कथित तौर पर सनी को अस्पताल ले जा रही है. इसके बाद, सनी को खाट पर लेटे देखा जा सकता है. वीडियो में एक व्यक्ति कह रहा है कि सनी देओल पिछले 24 घंटे से अस्पताल में बेडरेस्ट पर हैं. 

Advertisement

आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि सनी देओल पर हमला होने की बात सरासर झूठ है. सनी की पीआर टीम ने खुद हमसे इस बात की पुष्टि की है. दरअसल, अलग-अलग घटनाओं की तस्वीरें और वीडियो जोड़कर लोगों में ये भ्रम फैलाया जा रहा है. आइए एक-एक करके इनकी सच्चाई जानते हैं. 

अस्पताल में लेटे सनी की तस्वीर

तस्वीर को रिवर्स सर्च करने पर हमें ‘दि स्कॉटिश सन’ की एक रिपोर्ट मिली. खबर के मुताबिक स्कॉटलैंड के रहने वाले गेविन रोबर्टन छुट्टियां मनाने के लिए स्पेन के पास स्थित इबिसा टापू गए थे. वहां 28 अगस्त, 2019 को कुछ लोगों ने उनपर हमला कर दिया. इसके बाद उन्हें एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां करीब दो हफ्ते वो कोमा में थे. रिपोर्ट में अस्पताल में लेटे गेविन की एक तस्वीर मौजूद है. इसे देखकर साफ होता है कि एडिटिंग की मदद से इस फोटो पर सनी देओल का चेहरा लगाया गया है. 

मुंह को काले कपड़े से ढके शख्स की तस्वीर 

रिवर्स सर्च की मदद से हमें इस फोटो के बारे में ‘इंडिया टीवी’ की एक रिपोर्ट मिली. इसमें दी गई जानकारी के मुताबिक, ये शख्स ‘शक्ति मिल’ गैंगरेप केस का एक दोषी है.

दरअसल, अगस्त 2013 में मुंबई के शक्ति मिल में एक नाबालिग समेत पांच लोगों ने एक फोटो पत्रकार का सामूहिक बलात्कार किया था. इसके बाद, किसी टेलीफोन ऑपरेटर के साथ सामूहिक बलात्कार का एक और मामला सामने आया. इस महिला का रेप भी शक्ति मिल परिसर में 31 जुलाई, 2013 को हुआ था. इस केस में तीन लोग ऐसे थे, जो दोनों महिलाओं के साथ बलात्कार करने के मामले में दोषी पाए गए थे. 

Advertisement

रोते हुए धर्मेन्द्र को संभालते बॉबी देओल की तस्वीर 

रिवर्स सर्च करने पर हमें इस तस्वीर के बारे में ‘द इंडियन एक्स्प्रेस’ की रिपोर्ट मिली. इसके मुताबिक 23 अक्टूबर, 2015 को धर्मेन्द्र के छोटे भाई अजीत सिंह देओल की मौत हो गई थी. धर्मेन्द्र की ये तस्वीर अजीत के अंतिम संस्कार के दौरान ही ली गई थी. हालांकि, ये तस्वीर भी एडिटिड है. असली फोटो में धर्मेन्द्र के साथ बॉबी देओल नहीं, बल्कि कोई और था.  

 

प्रधानमंत्री मोदी का भाषण 

कीवर्ड सर्च की मदद से हमें ‘पीएमओ इंडिया’ के यूट्यूब चैनल पर प्रधानमंत्री मोदी का ये भाषण मिला. उन्होंने मार्च 2019 में अहमदाबाद के एक अस्पताल के उद्घाटन के दौरान ये स्पीच दी थी. अपने भाषण में वो अहमदाबाद में साल 2008 में हुए बम धमाकों के बारे में बात कर रहे थे. 

 

सड़क पर तेजी से जाती एम्बुलेंस 

कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने पर हमें इस वीडियो का एक लंबा वर्जन मिला. एक यूट्यूब चैनल ने इसे अप्रैल 2018 में अपलोड किया था. इसके मुताबिक ये घटना केरल के तिरुवनंतपुरम शहर की है. दरअसल, सड़क पर तेजी से चल रही ये एम्बुलेंस किसी बीमार बच्चे को अस्पताल ले जा रही थी, तभी रास्ते में वो एक बाइक वाले से टकरा गई. मीडिया संस्था Asianet ने भी इसके लेकर खबर की थी. 

Advertisement

खुले मैदान में खाट पर लेटे सनी का वीडियो 

कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने पर हमें ये वीडियो एक यूट्यूब चैनल पर मिला  जहां इसे अप्रैल, 2023 में शेयर किया गया था. दरअसल, सनी ने खुद ये वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर 16 अप्रैल को शेयर किया था. खबर के मुताबिक सनी छुट्टियों पर कहीं घूमने गए थे, जहां से उन्होंने ये वीडियो शेयर किया था. 


 

इसके अलावा हमने सनी देओल के पीआरओ गगन ओबेरॉय से भी संपर्क किया, जिन्होंने सनी पर हमला होने की बात को सरासर झूठ बताया. 

क्या आपको लगता है कोई मैसैज झूठा ?
सच जानने के लिए उसे हमारे नंबर 73 7000 7000 पर भेजें.
आप हमें factcheck@intoday.com पर ईमेल भी कर सकते हैं
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement