फैक्ट चेक: नासा ने नहीं जारी की सूरज के सतह की ये एडिटेड तस्वीर

सोशल मीडिया पर सूरज के सतह की एक चमकदार तस्वीर वायरल हो रही है. दावा किया जा रहा है कि इसे अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा (NASA) ने जारी किया है.

Advertisement

आजतक फैक्ट चेक

दावा
यह सूरज की सतह की स्पष्ट तस्वीर है जिसे नासा ने जारी की है.
सच्चाई
ये तस्वीर एक अमेरिकी फोटोग्राफर जैसन गुएंजेल ने खींची है और इसे कलात्मक ढंग से एडिट किया है. इस तस्वीर का नासा से कोई संबंध नहीं है.

ज्योति द्विवेदी

  • नई दिल्ली,
  • 09 फरवरी 2021,
  • अपडेटेड 10:33 PM IST

सोशल मीडिया पर सूरज के सतह की एक चमकदार तस्वीर वायरल हो रही है. दावा किया जा रहा है कि इसे अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा (NASA) ने जारी किया है. कई फेसबुक यूजर इसे शेयर करते हुए लिख रहे हैं, “नासा की ओर से जारी सूरज की सतह की ज्यादा स्पष्ट तस्वीर.”  

इंडिया टुडे के एंटी फेक न्यूज वॉर रूम (AFWA) ने पाया कि ये तस्वीर जैसन गुएंजेल नाम के एक अमेरिकी फोटोग्राफर ने खींची है और फिर इसे डिजिटली एडिट किया है. नासा का इस तस्वीर से कोई लेना-देना नहीं है.

Advertisement

इस दावे के साथ ये तस्वीर फेसबुक और ट्विटर पर काफी वायरल है. ऐसी ही एक फेसबुक पोस्ट को स्टोरी लिखे जाने तक 76 हजार से ज्यादा बार शेयर किया जा चुका है. पोस्ट का आर्काइव्ड वर्जन यहां देखा जा सकता है. 

AFWA की पड़ताल

कई यूजर इस दावे को सच मान रहे हैं कि ये तस्वीर नासा की ओर से जारी की गई है, जबकि कुछ अन्य यूजर मान रहे हैं कि ये सूरज की असली तस्वीर नहीं बल्कि‍ महज एक आर्ट वर्क है.

तस्वीर को रिवर्स सर्च करने पर हमें “Fine Art America” नाम की एक वेबसाइट मिली, जो कि ऑनलाइन मार्केटिंग करती है. यहां पर इसे जैसन गुएंजेल ने 16 जनवरी, 2021 को अपलोड किया है और कैप्शन लिखा है, “जादुई सूरज: सोलर क्लोज-अप का एक खास चित्रण. ये तस्वीर हमारे तारे की सतह पर अशांत चुंबकीय क्षेत्र को दर्शाती है.” 

Advertisement

इस वेबसाइट के ‘अबाउट’ सेक्शन में गुएंजेल की प्रोफाइल के मुताबिक, वे मिशिगन, अमेरिका के फोटोग्राफर हैं.

हमने सोशल मीडिया पर गुएंजेल की तलाश की और पाया कि उन्होंने 13 जनवरी को यही तस्वीर ट्विटर पर पोस्ट की है. कैप्शन में उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि ये "सोलर क्रोमोस्फीयर की साफ्टवेयर से संशोधि‍त की हुई तस्वीर" है. क्रोमोस्फीयर सूर्य के ऊपर एक गैसीय परत होती है. कैप्शन की दूसरी लाइन में उन्होंने लिखा है, “विज्ञान और कला के बीच की महीन रेखा का फर्क... शायद और धुंधला हो रहा है.” ये लाइन इशारा करती है कि असली तस्वीर को बाद में कलात्मक ढंग से एडिट किया गया है.

एक ट्विटर यूजर ने नासा की तारीफ करते हुए ये तस्वीर शेयर की तो गुएंजेल ने उसे जवाब देते हुए लिखा, “शेयर करने के लिए धन्यवाद. इसका मूल रचनाकार मैं हूं. ये मेरे घर के अहाते से सोलर टेलीस्कोप के जरिये खींची गई तस्वीर है जिसे बाद में प्रॉसेस किया गया है!”  

गुएंजेल ने इस पर चिंता जताते हुए एक फेसबुक पोस्ट भी लिखी कि ये तस्वीर उनकी जगह नासा के हवाले से शेयर की जा रही है.

उन्होंने पोस्ट में लिखा, पिछले कुछ हफ्तों से मेरी सोलर तस्वीर "मैग्नेटिक सन" फेसबुक, ट्विटर और रेडिट पर खूब शेयर की गई है. ज्यादातर जगह इसके लिए गलत तरीके से नासा को क्रे‍डिट दिया गया. अगर आप इसे कहीं देखते हैं तो मुझ पर एक एहसान करें और कमेंट्स के रिकॉर्ड कायम करने का प्रयास करें. दिलचस्पी के लिए शुक्रिया!” 

Advertisement

हमें नासा की आधिकारिक वेबसाइट या सोशल मीडिया हैंडल पर इस वायरल तस्वीर के बारे में या इससे जुड़ी कोई जानकारी नहीं मिली. हमें नासा के फोटोजर्नल में सूरज की और कई तस्वीरें जरूर मिलीं.

जाहिर है कि वायरल तस्वीर न तो स्पष्ट तौर पर सूरज की सतह है और न ही इसे नासा ने जारी किया है. इसे एक अमेरिकी फोटोग्राफर जैसन गुएंजेल ने खींची थी, जिसे कलात्मक ढंग से एडिट किया गया है.

क्या आपको लगता है कोई मैसैज झूठा ?
सच जानने के लिए उसे हमारे नंबर 73 7000 7000 पर भेजें.
आप हमें factcheck@intoday.com पर ईमेल भी कर सकते हैं
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement