एक्ट्रेस हंसिका मोटवानी और बिजनेसमैन सोहेल कथूरिया की शादी टूटने की खबरों ने उनके फैंस को चौंका दिया है. जो कपल अपनी शानदार शादी और 'लव शादी ड्रामा' को लेकर चर्चा में था, आज वह बांद्रा फैमिली कोर्ट के फैसले के बाद कानूनी तौर पर अलग हो चुका है.
सोशल मीडिया पर उनके रिश्ते को लेकर कई तरह की बातें हो रही हैं, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की है कि आखिर इस हाई-प्रोफाइल तलाक में एलिमनी यानी गुजारा भत्ते के तौर पर हंसिका को कितने रुपये मिले है?
आपसी सहमती से हुए अलग
जानकारी के लिए बता दें कि हंसिका मोटवानी और सोहेल कथूरिया ने अपनी शादी को खत्म करने के लिए मुंबई की बांद्रा फैमिली कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था. दोनों के बीच पिछले कुछ समय से अनबन चल रही थी, जिसे सुलझाने की काफी कोशिशें की गईं, लेकिन बात नहीं बनी. अंत में, दोनों ने कड़वाहट पालने के बजाय आपसी सहमति से एक-दूसरे से अलग होने का फैसला किया. कोर्ट में दी गई अर्जी में भी यह साफ था कि यह फैसला किसी दबाव में नहीं, बल्कि दोनों की रजामंदी से लिया गया है.
एलिमनी को लेकर बड़ा खुलासा
वहीं जब भी किसी बड़े सेलिब्रिटी का तलाक होता है, तो करोड़ों की एलिमनी की खबरें सुर्खियां बनने लगती हैं. हालांकि, हंसिका और सोहेल के मामला बाकी केस से काफी अलग है. कोर्ट में जमा किए गए दस्तावेजों और एफिडेविट (शपथ पत्र) के मुताबिक अलग हो रहे इस कपल में से किसी ने भी दूसरे से किसी तरह के दावे या मांगें नहीं कीं. वहीं एक्ट्रेस हंसिका ने स्पष्ट कर दिया है कि उन्हें भी सोहेल से कोई एलिमनी नहीं चाहिए.
हंसिका के वकील ने क्या बताया?
कोर्ट की सुनवाई के दौरान मोटवानी की तरफ से वकील अदनान शेख पेश हुए, जिन्होंने बताया कि शादी के बाद कपल कुछ दिनों तक साथ रहा, लेकिन धीरे-धीरे उन्हें एहसास हुआ कि उनके स्वभाव, विचारों और लाइफ स्टाइल में बहुत ज्यदा अंतर है, और धीरे-धीरे इसका नतीजा यह हुआ कि उनके बीच झगड़े बढ़ने लगे. अर्जी में कहा गया था कि कपल लगभग हर दिन छोटी-छोटी बातों पर झगड़ता था, और उनके लिए एक ही छत के नीचे साथ रहना बहुत मुश्किल हो गया था, इसलिए उन्होंने अलग होने का फैसला किया.
शादी में कितने रुपये हुए खर्च?
हंसिका मोटवानी और सोहेल कथूरिया की शादी साल 2022 की सबसे चर्चित शादी में से एक थी.दोनों कपल ने 4 दिसंबर, 2022 को जयपुर के 450 साल पुराने मुंडोता किले और महल में शादी की थी. जो भारत के सबसे आलीशान वेडिंग वेन्यू में से एक है. यह ऐतिहासिक स्थल राजपूत और मुगल वास्तुकला दोनों के प्रभावों से भरपूर है. यह महल लगभग 1550 में बनाया गया था और इसमें एक पर्सनल हॉर्स पोलो पिच, पहाड़ी की तलहटी में एक महल और 14वीं शताब्दी का एक किला शामिल है.
रिपोट्स के मुताबिक इस शाही महल के प्रीमियम सुइट्स का किराया प्रति कमरा, प्रति रात 60,000 रुपये तक है. हंसिका-सोहेल ने अपने मेहमानों के लिए तीन दिनों तक चलने वाले जश्न के लिए पूरे वेन्यू को बुक किया था. शादी की रस्में मुंडोता फोर्ट के शानदार आंगन में हुईं थी, जहां फूलों की भव्य सजावट और एक सपनों जैसा मंडप सजाया गया था. शादी में हंसिका ने एक बेहद खूबसूरत पारंपरिक लाल लहंगा पहना था, जबकि सोहेल ने शाही शेरवानी पहनी थी. कुल मिलाकर, बताया जाता है कि इस शादी पर लगभग 20 करोड़ रुपये खर्च हुए थे. इस समारोह की भव्यता और शान-शौकत को देखते हुए, यह 2022 की सबसे ज्यादा चर्चा में रही शादियों में से एक थी. यहां तक की शादी OTT प्लेटफॉर्म के जरिए लाइव स्ट्रीम पर दिखाई गई थी.
एफिल टावर के सामने किया था प्रपोज
खास बात ये कि हंसिका मोटवानी को शादी के लिए सोहेल कथूरिया ने पेरिस में एफिल टावर के सामने प्रपोज किया था. जिसके बाद एक्ट्रेस ने इस रिश्ते के लिए हामी भरी थी. उस दौरान हंसिका ने सोशल मीडिया फोटोज को शेयर करते हुए लिखा था, 'अब और हमेशा के लिए'. वहीं सोहेल ने उनके इस पोस्ट पर कमेंट करते हुए लिखा, 'आई लव यू माई लाइफ'.
aajtak.in