फेमस कॉमेडियन भारती सिंह अक्सर अपनी हंसी-मजाक से सबको लोटपोट कर देती हैं, हाल ही में भारती ने अपने YouTube चैनल पर एक वीडियो शेयर किया है. जिसमें उन्होंने बताया कि उनके साथ सेट पर कुछ ऐसा हुआ कि वह खुद अपने आंसू नहीं रोक पाईं. दरअसल भारती अपने एक कुकिंग रियलिटी शो की शूटिंग में व्यस्त थीं, तभी अचानक उन्हें एहसास हुआ कि उनके हाथ से उनकी अंगूठी में लगा कीमती हीरा कहीं गिर गया..
डायमंड खोने की खबर मिलते ही भारती बुरी तरह घबरा गईं और सेट पर ही रोने लगीं. उन्होंने भारी मन से कहा कि सोना या हीरा खोना कोई शुभ संकेत नहीं होता. उनके इस वीडियो ने सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरी हैं, जिसमें उनके डर और परेशानी को साफ देखा जा सकता है.
भारती को मिल गई अंगूठी
जैसे ही भारती की डायमंड खोने की बात सामने आई, सेट पर काम रुक गया और अफरा-तफरी मच गई. वीडियो में देखा गया कि भारती के साथ-साथ उनके पूरे स्टाफ ने मिलकर जमीन पर हीरा ढूंढना शुरू कर दिया. भारती बेहद परेशान थीं, लेकिन उनके वफादार स्टाफ मेंबर्स ने हिम्मत नहीं हारी. आखिरकार, उनके हेड स्टाफ राजू दादा की मेहनत रंग लाई और उन्होंने वह खोया हुआ हीरा ढूंढ निकाला. हीरा वापस मिलते ही भारती की जान में जान आई और उन्होंने राहत की सांस ली.
अपनी कीमती चीज वापस पाकर भारती की खुशी का ठिकाना नहीं रहा. उन्होंने तुरंत अपने स्टाफ मेंबर राजू दादा का शुक्रिया अदा किया और उन्हें अपना 'मसीहा' बताया. भारती ने भावुक होते हुए कहा कि अंधेरे और मुश्किल वक्त में साथ देने के लिए वह उनकी शुक्रगुजार हैं. उन्होंने यह भी माना कि सच्ची मेहनत कभी बेकार नहीं जाती और उनकी टीम की बदौलत ही आज उनका नुकसान होने से बच गया.
वीडियो में हुई इमोशनल भारती
अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भारती ने एक और इमोशनल बात शेयर की. हाल ही में दोबारा मां बनी भारती ने अपने व्लॉग में बताया कि वह अपने बड़े बेटे लक्ष्य (गोला) को पहले जैसा समय नहीं दे पा रही हैं. उन्होंने दुख जताते हुए कहा कि फिलहाल उनका 90 प्रतिशत ध्यान उनके छोटे बेटे 'काजू' पर रहता है, जिसकी वजह से गोला के लिए सिर्फ 10 प्रतिशत वक्त ही बच पाता है. एक मां के तौर पर यह बात उन्हें काफी कचोटती है.
भारती ने बताया कि पति हर्ष इस बात का पूरा ख्याल रखते हैं कि छोटे भाई के आने के बाद गोला खुद को अकेला महसूस न करे. हर्ष अपना ज्यादातर वक्त गोला के साथ बिताते हैं ताकि घर का संतुलन बना रहे. भारती ने हर्ष की तारीफ करते हुए कहा कि उनके सहयोग के बिना यह सफर इतना आसान नहीं होता.
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि भारती सिंह और हर्ष लिम्बाचिया 19 दिसंबर को दोबारा माता-पिता बने हैं. उन्होंने अपने दूसरे बेटे का नाम 'यशवीर' रखा है, जिसे घर में प्यार से 'काजू' बुलाया जाता है. इससे पहले साल 2022 में उनके पहले बेटे लक्ष्य उर्फ गोला का जन्म हुआ था. भारती और हर्ष ने साल 2017 में शादी की थी और तब से यह कपल अपनी प्यारी बॉन्डिंग के लिए दर्शकों का पसंदीदा बना हुआ है.
aajtak.in