छोटे और बड़े पर्दे के जाने-माने एक्टर नमित दास वेक अप सिड, हमारी अधूरी कहानी, सुई धागा और आर्या जैसे तमाम प्रोजेक्ट्स में नजर आ चुके हैं. कोरोना काल में नमित अपनी वेब सीरीज 'माफिया' को अपने जन्मदिन के मौके पर लॉन्च होने को लेकर काफी उत्साहित हैं. आजतक के साथ खास बातचीत में उन्होंने बताया कि वह इस खास दिन को कैसे बिताने वाले हैं. साथ ही नमित ने कॉमेडियन जगदीप को याद किया और श्रद्धांजलि दी.
एक्टर जगदीप के निधन पर नमित ने कहा, मेरे ख्याल से ये समय ही खराब चल रहा है इंड्रस्ट्री के लिए .आज कल तो ऐसा हो गया है जब हम रात में सोते हैं तो ये खौफ होता है कि कहीं न्यूज में, वॉट्सऐप पर कोई इस तरह की सैड न्यूज न आई हो. लगातार लॉस होता जा रहा है. जब मुझे पता चला कि जगदीप जी नहीं रहे तो मुझे सबसे पहले जावेद का चेहरा याद आया. हमने बहुत वक्त साथ बिताया है.
"जावेद अक्सर अपने पापा के स्ट्रगल की बेमिसाल कभी न भूलने वाले किस्से बताया करते थे. कैसे एक इंसान बिना किसी गॉड फादर के छोटी सी उम्र में अपने सपनों को बुनता है और बड़ी बहादुरी और मेहनत से उन्हें साकार भी करता है और बन जाता है एक प्रेरणा. जगदीप साहब ऐसी ही शख्सियत थे जिनका जाना कॉमेडी के एक युग के अंत जैसा है ऐसे महान आर्टिस्ट को मैं दिल से श्रद्धांजलि देता हूं."
नमित का डबल धमाल
नमित ने बताया, "10 जुलाई मेरे लिए बहुत खास दिन है. मैं बहुत खुश हूं कि इसी दिन मेरा जन्मदिन भी होता है और ZEE5 पर इसी दिन मेरी नई वेब सीरीज 'माफिया' भी रिलीज हो रही है. तो ये मेरे लिए डबल सेलिब्रेशन का मौका है. ये मेरे लिए मेरा बेस्ट बर्थडे गिफ्ट है.
कैसा होगा 'माफिया' में किरदार?
अपने किरदार के बारे में नमित ने कहा, "मैं बस इतना कहूंगा कि ये किरदार बहुत रहस्यमयी होगा. मेरे किरदार में आपको कभी ऐसा लगेगा कि पूरी कहानी में सारा गेम मैं ही चला रहा हूं लेकिन कभी आपको लगेगा कि नहीं ये बहुत मासूम है. मेरे किरदार का नाम माफिया में नितिन कुमार है जो आपको जरूर एंटरटेन करेगा. कहानी कॉलेज रीयूनियन और मर्डर मिस्ट्री पर आधारित होगी."
वेब सीरीज और OTT प्लेटफार्म पर क्या बोले नमित?
उन्होंने कहा, "मैं ये कहूंगा कि OTT प्लेटफॉर्म बहुत सारे टैलेंटेड एक्टर्स के लिए एक वरदान साबित हुआ है. ऐसा नहीं है कि लॉकडाउन से पहले अच्छी वेब सीरीज नहीं आई हैं. सेक्रेड गेम्स, 24 जैसी तमाम वेब सीरीज को बहुत पसंद किया गया लेकिन लॉकडाउन में अचानक लोगों की रूचि बढ़ी. वजह साफ है कि OTT के जरिए कहानियां कहने का मौका मिल पा रहा है. रियलिस्टिक कंटेंट लोगों तक पहुंच पा रहा है."
आर्या में छाया नमित का किरदार
आर्या के बारे में उन्होंने बताया कि आर्या को खूब पसन्द किया गया. एक अच्छी कहानी में काम करने का मौका मिला. राम माधवानी जैसे डायरेक्टर जिन्होंने नीरजा जैसी अवॉर्ड विनिंग फिल्म बनाई थी वहीं आर्या के भी डायरेक्टर हैं. मेरे किरदार जवाहर के लिए मैंने उनसे इस प्रोजेक्ट में बहुत कुछ सीखा और नतीजा ये है कि जवाहर का किरदार दर्शकों को पसंद आ रहा है.
मीरा नायर ने जौहरी की तरह परखा
नमित ने कहा, "इतनी बड़ी लीजेंड के साथ काम करने का सौभाग्य भी मुझे मिला. मैं उनके साथ 'अ सूटेबल बॉय' नाम का प्रोजेक्ट कर रहा हूं. कहानी के बारे में मैं बस इतना ही कहना चाहूंगा कि इसमें बहुत सारी स्टोरी है जिसमें एक लड़का सूटेबल बनने की कोशिश कर रहा है. इसमें मेरे किरदार का नाम हरीश खन्ना है बस इससे ज्यादा रिवील करना मुझे लगता है अभी सही नहीं होगा."
बता दें कि मीरा नायर का ये प्रोजेक्ट विक्रम सेठ की पॉपुलर नॉवेल पर आधारित है. नमित ने कहा- मुझे लगता है कि ये प्रोजेक्ट आज से बहुत सालों पहले बनना चाहिए था लेकिन कहते है न जो होता है अच्छे के लिए ही होता है. मीरा नायर जी के हांथों बन रहा है. मीरा जी ईस्टर्न और वेस्टर्न वर्ल्ड को बहुत अच्छी तरह समझती हैं. इस प्रोजेक्ट के लिए मीरा नायर जी परफेक्ट डायरेक्टर हैं.
अनुराग गुप्ता