बॉलीवुड एक्टर कार्तिक आर्यन इंडस्ट्री के सबसे तेजी से आगे बढ़ रहे अभिनेताओं में से हैं. उनकी कई कम बजट वाली फिल्मों ने 100 करोड़ का आंकड़ा पार किया है. हालांकि उनकी पिछले दिनों रिलीज हुई फिल्म लव आज कल बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई. आने वाले वक्त में कार्तिक की कई ऐसी फिल्में रिलीज होनी हैं जिनके बॉक्स ऑफिस पर अच्छा बिजनेस करने की उम्मीद की जा रही है.
ऐसी ही फिल्मों में से है भूल भुलैया 2. साल 2007 में रिलीज हुई अक्षय कुमार की फिल्म भूल भुलैया के इस दूसरे पार्ट में कार्तिक आर्यन लीड रोल प्ले करते नजर आएंगे. कार्तिक ने हाल ही में अपने ट्विटर हैंडल से एक वीडियो शेयर करके फिल्म की शूटिंग शुरू होने की घोषणा कर दी है. वीडियो के कैप्शन में कार्तिक ने लिखा- इस लुक में स्माइल ही नहीं रुकती. जयपुर लेट्स रोल. मैंगो सीजन शुरू हो गया है.
वीडियो में कार्तिक आर्यन ढोंगी बाबा के लुक में काफी फनी लग रहे हैं. वीडियो में कार्तिक पीले कपड़े पहने, माथे पर चंदन लगाए, गले में रुद्राक्षों की माला पहने और काला चश्मा लगाए नजर आ रहे हैं. कार्तिक इस फिल्म में कियारा आडवाणी के साथ नजर आएंगे. फिल्म की शूटिंग उन्होंने जयपुर में शुरू कर दी है. फिल्म का पिछला पार्ट काफी पसंद किया गया था.
सीधे अक्षय से होगा मुकाबला
जाहिर है कि कार्तिक के काम से लेकर फिल्म के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन तक हर चीज को जज किया जाएगा. देखना होगा कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर क्या कमाल कर पाती है. कार्तिक की लव आज कल के पिटने के बाद फैन्स अब उम्मीद कर रहे हैं कि उनकी अगली फिल्म बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त हिट रहेगी. साथ ही इस फिल्म के पॉपुलर गाने 'तेरी आंखें भूल भुलैया' का भी फैन्स को इंतजार है.
aajtak.in