बिग बॉस 17 के कंटेस्टेंट और यूट्यूबर अनुराग डोभाल बुरे दौर से गुजर रहे हैं. शनिवार को उनका एक बड़ा एक्सीडेंट हो गया. वो दिल्ली-देहरादून हाईवे पर करीब 140 किमी/घंटा की रफ्तार से गाड़ी चला रहे थे और उसी दौरान इंस्टाग्राम लाइव भी कर रहे थे. इसी बीच उनकी कार डिवाइडर से टकरा गई. हादसे के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां फिलहाल वह ICU में हैं.
अनुराग के मैनेजर रोहित पांडे लगातार सोशल मीडिया पर उनकी सेहत से जुड़ी अपडेट्स दे रहे हैं. शनिवार शाम उन्होंने लोगों से अपील की कि अनुराग की हेल्थ को लेकर कोई भी गलत खबर या अफवाह न फैलाएं. उन्होंने यह भी बताया कि अनुराग की पत्नी रितिका चौहान और उनका परिवार इस समय अस्पताल में उनके साथ मौजूद हैं.
अनुराग के मैनेजर ने दिया क्या अपडेट
रोहित ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा- अपडेट: अनुराग के करीबी दोस्त, भाभी रितिका चौहान और उनका परिवार फिलहाल अस्पताल में उनके साथ हैं. अभी डॉक्टर उनकी निगरानी कर रहे हैं. कृपया कोई अफवाह या गलत जानकारी न फैलाएं.
उन्होंने आगे लिखा- इस समय किसी के खिलाफ नफरत फैलाने या किसी को निशाना बनाने से भी बचें. हम लगातार हालात पर नजर रखे हुए हैं. आइए हम सब उनके लिए दुआ करें और उनके जल्द ठीक होने की उम्मीद करें.
इससे पहले भी रोहित ने सोशल मीडिया पर उनकी सेहत को लेकर अपडेट शेयर की थी. एक पोस्ट में उन्होंने लिखा- उन्हें दूसरे अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया है और फिलहाल ICU में हैं. कृपया उनके लिए प्रार्थना करें. हम डॉक्टरों के संपर्क में हैं. उन सभी लोगों का धन्यवाद जिन्होंने इस मुश्किल समय में हमारा साथ दिया, खासकर उन फैंस का जिन्होंने उनकी लोकेशन ढूंढने में मदद की और समय पर सहायता पहुंचाई. आप लोग सच में भगवान जैसे हैं.
कैसे हुआ एक्सीडेंट
बताया जा रहा है कि अनुराग अपनी टोयोटा फॉर्च्यूनर कार से दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे पर जा रहे थे. उस समय उनकी कार की स्पीड बहुत ज्यादा थी. उसी दौरान वह इंस्टाग्राम लाइव पर थे. लाइव के दौरान उन्होंने कहा था- लोग ही नहीं बचे हैं यार, जिसे फोन करूं… चलो एक फाइनल राइड पर चलते हैं.
कुछ दिन पहले ही अनुराग ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट शेयर किया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि वह मानसिक प्रताड़ना और तनाव से गुजर रहे हैं. बाद में उन्होंने एक वीडियो भी पोस्ट किया जिसे उन्होंने अपना ‘लास्ट वीडियो’ बताया.
उसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि उनके माता-पिता और भाई-बहन उन्हें मानसिक रूप से परेशान कर रहे हैं. उनका कहना था कि उनका इंटर-कास्ट मैरिज होने की वजह से परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था और उन्होंने उनकी पत्नी रितिका को घर में आने तक की अनुमति नहीं दी.
फिलहाल अनुराग अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में हैं और फैंस उनके जल्द ठीक होने की दुआ कर रहे हैं.
aajtak.in