संजय दत्त की अपकमिंग फिल्म 'आखिरी सवाल' की रिलीज का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. अनाउंसमेंट के साथ ही जबरदस्त सुर्खियां बटोरने के बाद, मेकर्स ने हनुमान जयंती के मौके पर फिल्म का टीजर रिलीज किया था. जिसने स्वयंसेवी संगठन, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के इतिहास की झलक दिखाई. इस फिल्म के जरिए समीरा रेड्डी भी बड़े पर्दे पर वापसी कर रही हैं. उन्होंने इसे लेकर अपनी बात रखी है.
कमबैक पर क्या बोलीं समीरा रेड्डी?
समीरा रेड्डी ने 'आखिरी सवाल' के साथ अपने कमबैक के बारे में बताया. वो कहती हैं- मैंने फिल्मों में वापसी सिर्फ सुरक्षित रोल करने के लिए नहीं की है. 'आखिरी सवाल' तो बिल्कुल भी कंफर्टेबल फिल्म नहीं है. RSS को लेकर मेरी समझ बहुत कम थी और जो भी थी वो आधी-अधूरी जानकारी पर टिकी थी. लेकिन स्क्रिप्ट पढ़ने के बाद मुझे एहसास हुआ कि बहुत सी बातें वैसी नहीं थीं जैसी दिखती थीं.
''ये बात मेरे दिल में बैठ गई. ये कोई ऐसी फिल्म नहीं है जो आपको दिलासा दे. बल्कि ये आपको बेचैन करती है, आपके विश्वास को चुनौती देती है और आपको उन चीजों पर सवाल उठाने के लिए मजबूर करती है जिन्हें आप हमेशा से सच मानते आए हैं. मैं चाहती थी कि मेरी वापसी निडर हो, जो बहस छेड़े, और यह फिल्म बिल्कुल वही करती है.''
'आखिरी सवाल' को नेशनल अवॉर्ड विजेता फिल्ममेकर अभिजीत मोहन वारंग ने डायरेक्ट किया है. निखिल नंदा द्वारा पेश की जा रही इस फिल्म के प्रोड्यूसर निखिल नंदा और संजय दत्त हैं, जबकि पुनीत नंदा, डॉ. दीपक सिंह, गौरव दुबे और उज्जवल आनंद इसके को-प्रोड्यूसर हैं. फिल्म की कहानी और संवाद उत्कर्ष नैथानी ने लिखे हैं. ये फिल्म 8 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है.
समीरा की बात करें तो, अब दो बच्चों की मां हैं. लंबे समय बाद पर स्क्रीन पर दिखेंगी. एक्ट्रेस 2024 में आई फिल्म नाम में आखिरी बार दिखाई दी थीं. शादी के बाद वो फैमिली लाइफ और बच्चों को संभालने में बिजी रहीं. लेकिन अब वो धमाकेदार वापसी के लिए तैयार हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क