1970 के दशक में एक पत्रकार की कलम में जबरदस्त ताकत होती थी. एक गॉसिप कॉलम किसी स्टार के करियर को बना या बिगाड़ सकता था. उस दौर की सबसे चर्चित और डरावनी आवाजों में से एक थीं देवयानी चौबल. चौबाल को अक्सर 'जहरीली कलम' वाली पत्रकार कहा जाता था. वह 'फ्रैंकली स्पीकिंग' नाम के अपने लोकप्रिय कॉलम के लिए जानी जाती थीं. ये कॉलम स्टार एंड स्टाइल मैगजीन में छपता था.
एक समय पर, चौबल ने उस जमाने की मशहूर अदाकारा रहीं मुमताज की पर्सनल लाइफ को लेकर एक विवादित आर्टिकल लिखा था. इसमें उनके पिता के बारे में चौंकाने वाला दावा किया गया. उन्होंने लिखा था- 'उसके बाप का कोई ठिकाना नहीं.' जहां कई सितारे ऐसी गॉसिप को नजरअंदाज कर देते थे, वहीं मुमताज ने इसे गंभीरता से लिया और इसे बेबुनियाद और मानहानिकारक बताते हुए चौबल को कोर्ट तक ले गईं. इसकी वजह से पत्रकार को माफी मांगनी पड़ी थी.
मुमताज ने कोर्ट जाने को किया याद
मुमताज ने विक्की लालवानी को दिए एक इंटरव्यू में इस घटना को याद किया. उन्होंने कहा, 'हां, उन्होंने दावा किया था कि किसी को नहीं पता कि मुमताज के पिता कौन हैं. फिर मैं उन्हें कोर्ट तक ले गई.' एक्ट्रेस ने बताया कि उन्होंने अपने पिता से संपर्क किया, जो हैदराबाद में रहने वाले एक ईरानी व्यक्ति थे और दोबारा शादी कर चुके थे. हिंदी में ज्यादा सहज न होने के बावजूद उन्होंने मुमताज की बात पर तुरंत रिएक्शन दिया था. एक्ट्रेस ने बताया, 'मैंने उनसे कहा, 'एक राइटर ने दावा किया है कि मेरा कोई पिता नहीं है.' वह हैरान रह गए. वो बोले 'तो फिर मैं कौन हूं?''
मुमताज ने देवयानी चौबाल को सच्चाई सामने लाने के लिए कोर्ट में आने को कहा और उन्होंने हामी भर दी. एक्ट्रेस के अनुसार, जैसे ही देवयानी चौबाल को इस बात का पता चला, वह घबरा गईं. मुमताज ने बताया, 'मैंने उन्हें धमकी दी और कहा, 'मैं तुम्हें जेल भिजवा दूंगी.' इसके बाद वह माफी मांगने लगीं और कहने लगीं कि यह तो लोग कह रहे थे.' मुमताज ने उनसे सवाल किया कि उन्होंने इतने गंभीर आरोप को कन्फर्म क्यों नहीं किया. उन्होंने कहा, 'तुम इतनी आपत्तिजनक बात कैसे लिख सकती हो?' इसपर चौबल रोने लगी थीं.
मुमताज ने पब्लिक में मागी की मांग की थी. उन्होंने बताया, 'मैंने कहा कि तुम उसी मैगजीन में माफी लिखोगी और बताओगी कि मेरे पिता हैं. उनका नाम अब्दुल सैयद अस्करी है और वह हैदराबाद में रहते हैं. मैंने उनसे यह चार बार लिखवाया था.'
आखिरकार, मुमताज ने पत्रकार को माफ कर दिया और दोनों के बीच नॉर्मल रिश्ते बने रहे. एक्ट्रेस ने यह भी कहा कि उन्होंने सुना था कि चौबल, राजेश खन्ना को पसंद करती थीं और शायद मुमताज के उनके करीब होने से जलन महसूस करती थीं. हालांकि उन्होंने माना कि यह सिर्फ सुनी-सुनाई बात थी.
डॉक्यूमेंट्री में दिखा पुराना क्लिप
सालों बाद एक पुरानी अंतरराष्ट्रीय डॉक्यूमेंट्री का क्लिप सामने आया, जिसमें राजेश खन्ना, मुमताज और चौबल की झलक दिखाई दी. इसमें चौबल अपने ऑफिस में लिखते हुए नजर आई थीं. उनके बैकग्राउंड में वॉइसओवर में कहा जा रहा था कि वह 'मुमताज पर जहर भरा कॉलम लिख रही हैं.' इस क्लिप में उन्होंने मुमताज की शक्ल-सूरत और बैकग्राउंड पर अपमानजनक टिप्पणियां भी कीं. इस पर रिएक्शन देते हुए मुमताज ने कहा, 'मैंने उनके खिलाफ कार्रवाई की, क्योंकि मैं कई सालों से उन्हें सह रही थी और मुझे लगा कि अब बहुत हो गया है. मुझे बहुत दुख हुआ था. यह बिल्कुल गलत है. वे इसे अपना काम समझते हैं. उन्हें बस अपनी मैगजीन बेचनी होती है.' जब उनसे पूछा गया कि क्या कानूनी कार्रवाई करने में उन्हें डर लगा था, तो यंग मुमताज ने दृढ़ता से जवाब दिया, 'उसे डरना चाहिए, मुझे नहीं.'
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क