बॉलीवुड एक्ट्रेस प्रिया बख्शी के साथ बीते दिनों एक अजीब घटना घटी. वो मुंबई के बांद्रा से अपने घर की ओर एक ऑटो रिक्शा में जा रही थीं, तभी अचानक ऑटो ड्राइवर रास्ता बदलकर कहीं और से जाने लगा. प्रिया इस दौरान काफी डर गईं, जिसका उन्होंने एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर किया.
क्या हुआ प्रिया बख्शी के साथ?
वीडियो में प्रिया डरी-डरी आवाज में बताती हैं कि उनका ऑटो वाला ड्राइवर पता नहीं कौनसे रास्ते से उन्हें बांद्रा से उनके घर छोड़ रहा है. एक्ट्रेस ने ऑटो रिक्शा रोकने की भी कई बार गुजारिश की, लेकिन ड्राइवर ने उनकी एक ना मानी. बल्कि वो प्रिया से कहने लगा कि जिस रास्ते से वो जा रहे हैं, वो एकदम सही है. हालांकि एक्ट्रेस ने बताया कि ये रास्ता गूगल मैप पर नहीं दिखा रहा. प्रिया वीडियो में काफी घबराई हुई दिखीं.
उन्होंने आगे पुलिस बुलाने की धमकी दी, तब जाकर काफी देर बाद ऑटो ड्राइवर ने रिक्शा रोका. ड्राइवर ने आगे प्रिया से कहा कि उन्हें कुछ पता नहीं है. उसने ये भी कहा कि वो उनके इलाके से चली जाएं. ड्राइवर ने कहा कि बाहर वाले लोग उनके इलाके में चले आते हैं और उन्हें कुछ पता होता नहीं. वीडियो में आगे प्रिया रोती हुए बताती हैं कि मुंबई में नॉर्थ इंडियन्स के साथ कोई अच्छे तरह से पेश नहीं आता. वो अब ये सबकुछ और नहीं सहन करेंगी.
प्रिया के वीडियो से मचा बवाल
प्रिया बख्शी के इस एक वीडियो ने सोशल मीडिया पर हंगामा खड़ा कर दिया है. लोगों ने एक्ट्रेस के साथ हुए इस नस्लवाद (रेसिज्म) को गलत बताया. साथ ही उन्होंने एक्ट्रेस की सुरक्षा पर भी चिंता जताई. प्रिया ने अपने वीडियो के कैप्शन में भी इस भेदभाव पर विचार करने की बात सामने रखी. उन्होंने लिखा, 'कभी-कभी रास्ता गलत नहीं होता, समस्या तो हमारा रिएक्शन होता है. किसी शहर के बारे में नहीं पता होना, उस इंसान को छोटा या कमतर नहीं बनाता.'
'सवाल पूछना कोई बेइज्जती नहीं है. और किसी दूसरे इलाके से होना, उसे कोई अजीब या अलग चीज नहीं बनाता. हमें एक देश के रूप में ऐसे रवैये की जरूरत है जो सिर्फ इलाकों तक सीमित ना रहे, जो स्टीरियोटाइप से ऊपर हो. क्योंकि इज्जत कभी शर्तों पर नहीं होनी चाहिए. और इंसानियत कभी किसी इलाके की नहीं होनी चाहिए.'
हालांकि अपने पोस्ट के अंत में प्रिया ने ये भी मेंशन किया कि ये वीडियो एक ब्रैंड के साथ कोलैब करके बनाया गया है. इससे वीडियो की सच्चाई पर सवाल उठ गए हैं. यूजर्स का मानना है ये वीडियो किसी प्रमोशनल गिमिक का हिस्सा है. अब सच क्या है, प्रिया ही बता सकती हैं.
aajtak.in