एक्ट्रेस हंसिका मोटवानी की शादीशुदा जिंदगी का आखिरकार अंत हो गया है. मुंबई की बांद्रा फैमिली कोर्ट ने हंसिका और उनके बिजनेसमैन पति सोहेल कथुरिया को आपसी सहमति से तलाक दे दिया है. शादी के 4 साल में ही एक्ट्रेस का घर टूट गया. कहा जाता है कि सोहेल हंसिका की बेस्ट फ्रेंड के बॉयफ्रेंड हुआ करते थे. लेकिन इस तलाक की आखिर वजह क्या थी?
इंडिया टुडे/आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक, कोर्ट में दिए गए बयान के मुताबिक, शादी के बाद शुरुआत में दोनों कुछ समय तक साथ रहे, लेकिन धीरे-धीरे दोनों को एहसास हुआ कि उनके स्वभाव, सोच और लाइफस्टाइल में काफी अंतर है. बताया गया कि छोटी-छोटी बातों पर भी दोनों के बीच लगभग हर दिन झगड़े होने लगे. हालात ऐसे हो गए कि एक ही छत के नीचे रहना मुश्किल होने लगा.
नाकाम रही परिवार की कोशिश
हंसिका और सोहेल के माता-पिता, रिश्तेदारों और दोस्तों ने इस रिश्ते को बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन बात नहीं बन पाई. आखिरकार दोनों ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला कर लिया और 2 जुलाई 2024 से अलग-अलग रहने लगे.
हंसिका ने तलाक लेते समय ना तो स्त्रीधन और ना ही एलिमनी (गुजारा भत्ता) की कोई मांग की. दोनों ने समझदारी दिखाते हुए शांति से अपने-अपने हलफनामे दाखिल कर रिश्ते को खत्म कर दिया.
शाही अंदाज में हुई थी शादी
हंसिका और सोहेल की शादी 4 दिसंबर 2022 को अरावली की पहाड़ियों में स्थित मुंडोता फोर्ट में बेहद शाही अंदाज में हिंदू रीति-रिवाजों से हुई थी. इस शादी से दोनों की कोई संतान नहीं है. हालांकि इनके सेपरेशन की खबर शादी के कुछ वक्त बाद ही आ गई थी लेकिन तब हंसिका ने अफवाह करार दिया था.
हंसिका ने अपने करियर की शुरुआत बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट टीवी शो 'शाकालाला बूम बूम' से की थी और बाद में फिल्म कोई... मिल गया में भी नजर आईं. इसके बाद उन्होंने साउथ फिल्मों में लीड एक्ट्रेस बनकर बड़ी लोकप्रियता हासिल की. वो हिमेश रेशमिया संग तेरा सुरूर फिल्म में भी काम कर चुकी हैं.
विद्या