उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर जिले की एक विधानसभा सीट है बिल्हौर विधानसभा सीट. बिल्हौर कानपुर नगर जिले का एक कस्बा है. बिल्हौर को तहसील का दर्जा भी प्राप्त है जिसका मुख्यालय बिल्हौर में ही है. बिल्हौर नाम से ही लोकसभा सीट भी थी. बिल्हौर विधानसभा सीट, कानपुर नगर जिले के ग्रामीण इलाके की सीट है. कानपुर नगर जिले की ये विधानसभा सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है.
राजनीतिक पृष्ठभूमि
बिल्हौर विधानसभा सीट की राजनीतिक पृष्ठभूमि की बात करें तो ये सीट देश की आजादी के बाद यूपी विधानसभा के लिए साल 1957 में हुए चुनाव से ही अस्तित्व में है. इस विधानसभा सीट के चुनावी अतीत की बात करें तो 1957 और 1962 में कांग्रेस के मुरलीधर विधायक निर्वाचित हुए थे. 1967, 1969, 1974, 1977, 1980, 1989 में अलग-अलग दलों से मोतीलाल देहलवी विधायक निर्वाचित हुए.
बिल्हौर विधानसभा सीट से 1985 और 1985 में कांग्रेस के हनुमान प्रसाद कुरील, 1991 में जनता पार्टी और 1993, 2002 में समाजवादी पार्टी (सपा) के टिकट पर शिवकुमार बेरिया विधानसभा सदस्य निर्वाचित हुए. 1996 में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के भगवती प्रसाद सागर, 2007 में बसपा के कमलेश चंद्र दिवाकर और 2012 में सपा की अरुण कुमारी कोरी इस सीट से विधानसभा पहुंचे.
2017 का जनादेश
बिल्हौर विधानसभा सीट से 2017 के चुनाव में सपा ने शिवकुमार बेरिया को मैदान में उतारा. बसपा के टिकट पर विधायक रह चुके भगवती प्रसाद सागर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और बसपा से कमलेश चंद्र दिवाकर चुनाव मैदान में थे. बीजेपी के भगवती प्रसाद सागर ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी बसपा के कमलेश चंद्र दिवाकर को 31166 वोट के अंतर से हरा दिया था. सपा के शिवकुमार बेरिया तीसरे स्थान पर रहे थे.
सामाजिक ताना-बाना
बिल्हौर विधानसभा सीट के सामाजिक समीकरणों की बात करें तो ये सीट अनुसूचित जाति के मतदाताओं की बहुलता वाली सीट है. बिल्हौर विधानसभा सीट का चुनाव परिणाम निर्धारित करने में ब्राह्मण और क्षत्रिय के साथ ही अन्य पिछड़ा वर्ग के मतदाता निर्णायक भूमिका निभाते हैं. यहां मुस्लिम मतदाता भी अच्छी तादाद में हैं.
विधायक का रिपोर्ट कार्ड
बिल्हौर विधानसभा सीट से 2017 में बीजेपी के टिकट पर जीते भगवती प्रसाद सागर इस बार पाला बदल लिए हैं. भगवती प्रसाद सागर सपा में शामिल हो चुके हैं. बीजेपी ने इस दफे राहुल बच्चा सोनकर और कांग्रेस ने ऊषा रानी कोरी को चुनाव मैदान में उतारा है. बिल्हौर विधानसभा सीट के लिए यूपी चुनाव के तीसरे चरण में 20 फरवरी को मतदान होना है.
aajtak.in