Advertisement

लखनऊ में त्रिकोणीय मुकाबला, कांग्रेस से प्रमोद कृष्णम को टिकट

aajtak.in | 17 अप्रैल 2019, 5:43 AM IST

लोकसभा चुनाव 2019 के दूसरे चरण के मतदान के लिए आज प्रचार रुक जाएगा. मतदान से पहले चुनाव की पूरी लड़ाई नेताओं की बदजुबानी पर आ टिकी है. चुनाव आयोग ने भी सख्ती बरतते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बसपा प्रमुख मायावती, सपा नेता आजम खान और केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी के प्रचार करने पर निश्चित समय के लिए रोक लगा दी है. आज बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह, पीएम मोदी की कई रैलियां हैं.

11:03 PM (7 वर्ष पहले)

त्रिपुरा पूर्व सीट पर चुनाव आगे खिसका

Posted by :- Bharat Singh
त्रिपुरा पूर्व की लोकसभा सीट पर सुरक्षा कारणों से मतदान 18 अप्रैल से टालकर 23 अप्रैल को कर दिया गया है. चुनाव आयोग ने कानून और व्यवस्था का हवाला देकर कहा है कि राज्य में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराना संभव नहीं है. त्रिपुरा पश्चिम सीट पर 11 अप्रैल को चुनाव हो चुका है.
9:45 PM (7 वर्ष पहले)

कांग्रेस ने लखनऊ से प्रमोद कृष्णम को दिया टिकट

Posted by :- Bharat Singh
कांग्रेस ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में तीन लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवार घोषित किए जिनमें प्रमुख नाम आचार्य प्रमोद कृष्णम का है जिन्हें लखनऊ से टिकट दिया गया है. पार्टी की ओर से जारी बयान के मुताबिक उत्तर प्रदेश में लखनऊ से प्रमोद कृष्णन, कैसरगंज से विनय कुमार पांडे और मध्य प्रदेश की इंदौर सीट पर पंकज सांघवी को उम्मीदवार बनाया गया है. बता दें कि मंगलवार को ही लखनऊ सीट से सपा-बसपा गठबंधन की उम्मीदवार शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी पूनम सिन्हा का नाम सामने आया है. लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस अब तक कुल 407 उम्मीदवार घोषित कर चुकी है.
8:13 PM (7 वर्ष पहले)

BJD सिर्फ रिश्तेदारों का विकास कर रही: मोदी

Posted by :- Rahul Vishwakarma
भुवनेश्वर में पीएम मोदी ने कहा कि लोग कांग्रेस से गुस्सा हैं. इसका कोई मिशन नहीं और इसके नेता के पास कोई विजन नहीं है. पीएम ने पूछा कि क्या 20 साल में ओडिशा का जितना विकास होना चाहिए था वो हुआ क्या ? राजधानी के तौर पर भुवनेश्वर का जितना विकास होना चाहिए था वो हुआ क्या? एक तरफ बीजेपी सबका साथ, सबका विकास के मंत्र पर काम कर रही है, वहीं BJD सरकार सिर्फ कुछ लोगों को साथ लेकर, कुछ रिश्तेदारों के विकास में लगी हुई है.
8:04 PM (7 वर्ष पहले)

ओडिशा में बोले मोदी, 2004 से 2014 तक रिमोट वाली सरकार थी

Posted by :- Rahul Vishwakarma
ओडिशा के भुवनेश्वर में बोले पीएम मोदी, 2004 से 2014 तक रिमोट कंट्रोल वाली कांग्रेस ने ऐसा माहौल बना दिया था कि अपनी संस्कृति और परंपरा की बात करना गुनाह बन गया था.
Advertisement
4:03 PM (7 वर्ष पहले)

छत्तीसगढ़ से मोदी ने राहुल पर साधा निशाना

Posted by :- Rahul Vishwakarma
छत्तीसगढ़ के भाटपारा में पीएम नरेंद्र मोदी ने रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा. पीएम मोदी ने कहा कि ये लोग रोजाना हदें पार कर रहे हैं. इनके अनुसार मोदी नाम वाला हर शख्स चोर है. ये किस प्रकार की राजनीति है. इन्होंने आपके चौकीदार को बदनाम करने के लिए पूरे एक समुदाय को चोर बता दिया.
3:09 PM (7 वर्ष पहले)

पहली बार मंच पर आए मायावती के भतीजे आकाश

Posted by :- Mohit Grover
आगरा में हुई महागठबंधन की रैली में बसपा प्रमुख मायावती शामिल नहीं हो पाईं. लेकिन उनकी अनुपस्थिति में उनके भतीजे आकाश आनंद ने रैली को संबोधित किया. आकाश ने कहा कि मैं पहली बार आपके सामने आया हूं और अपनी बुआ का संदेश लाया हूं. अपनी बुआ की तरफ से मैं सभी का आभार व्यक्त करता हूं. आकाश ने कहा कि विरोधियों की जमानत जब्त कर चुनाव आयोग को जवाब देना ही सही होगा. आगरा की ये रैली महागठबंधन की साझा रैली है, जिसमें अखिलेश यादव भी शामिल हुए.
1:17 PM (7 वर्ष पहले)

Posted by :- Mohit Grover
प्रचार के दौरान चुनाव आयोग की सख्ती बढ़ती जा रही है. मंगलवार को कर्नाटक में जब पूर्व मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा हेलिकॉप्टर से उड़ान भर रहे थे, तभी चुनाव आयोग की टीम वहां पहुंची और उनके सामान की चेकिंग करने लगी.
12:39 PM (7 वर्ष पहले)

राजनाथ ने भी किया रोड शो

Posted by :- Mohit Grover
केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ लोकसभा सीट से अपना नामांकन किया. नामांकन से पहले उन्होंने मेगा रोड शो भी किया.

 
12:38 PM (7 वर्ष पहले)

राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने भरा पर्चा

Posted by :- Mohit Grover
केंद्रीय मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने राजस्थान की जयपुर सीट से अपना नामांकन किया. इस दौरान उनके साथ योगगुरु रामदेव भी मौजूद रहे.


Advertisement
12:14 PM (7 वर्ष पहले)

फिर बढ़ी राहुल गांधी की मुश्किलें

Posted by :- Mohit Grover
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी अब राहुल के खिलाफ मानहानि का केस दर्ज करेंगे. 13 अप्रैल को राहुल गांधी ने ‘सारे मोदी को चोर’ कहा था, जिसके खिलाफ सुशील मोदी केस कर रहे हैं.
आपको बता दें कि राफेल मामले पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी कई बार कह चुके हैं कि नीरव मोदी, ललित मोदी और नरेंद्र मोदी... ये सारे मोदी चोर हैं. इससे पहले राहुल गांधी के खिलाफ चौकीदार चोर है कमेंट पर सुप्रीम कोर्ट जवाब मांग चुका है.

11:37 AM (7 वर्ष पहले)

केरल में बोले राहुल- कांग्रेस को मिटाना चाहते हैं मोदी, हम उन्हें प्यार से हराएंगे

Posted by :- Mohit Grover

लोकसभा चुनाव के लिए नेताओं का प्रचार जारी है. दक्षिण भारत को साधने के लिए केरल के कोल्लम में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को चुनावी सभा को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि मैं अक्सर अमेठी से लोकसभा चुनाव लड़ता हूं, लेकिन इस बार दक्षिण राज्य को संदेश देने के लिए मैं वायनाड से चुनाव लड़ रहा हूं. उन्होंने कहा कि बीजेपी और आरएसएस की विचारधारा इस देश को संकट में डाल रही है, लेकिन हम चाहते हैं कि देश में सिर्फ लोगों का राज हो. पूरी खबर पढ़ें... केरल में बोले राहुल- कांग्रेस को मिटाना चाहते हैं मोदी, हम उन्हें प्यार से हराएंगे

11:35 AM (7 वर्ष पहले)

राष्ट्रपति से मिले पूर्व जज और सैन्य अधिकारी

Posted by :- Mohit Grover
देश के 60 पूर्व जज, सैन्य अधिकारियों ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात की है. इन सभी ने राष्ट्रपति को कहा है कि इस तरह चुनाव आयोग की साख पर सवाल करना ठीक नहीं है, भारत के चुनाव आयोग की दुनिया तारीफ करती है. सभी ने राष्ट्रपति को एक ज्ञापन भी सौंपा है.
बता दें कि कुछ समय पहले कुछ अफसरों ने राष्ट्रपति को चिट्ठी लिख प्रचार के दौरान सेना के इस्तेमाल करने पर आपत्ति जताई थी. साथ ही चुनाव आयोग की नरमी पर भी सवाल उठाए थे.


11:27 AM (7 वर्ष पहले)

सुप्रीम कोर्ट से मायावती को झटका

Posted by :- Mohit Grover
सुप्रीम कोर्ट से बसपा प्रमुख मायावती को बड़ा झटका लगा है. सुप्रीम कोर्ट ने मायावती की अर्जी पर सुनवाई करने से इनकार कर दिया है. कोर्ट की ओर से कहा गया है कि चुनाव आयोग ने अपनी शक्तियों का इस्तेमाल किया है, आयोग सिर्फ आचार संहिता तोड़ने वालों पर कार्रवाई कर रहा है. गौरतलब है कि चुनाव आयोग मायावती के प्रचार पर कुछ समय के लिए बैन लगा चुका है, मायावती ने याचिका दायर कर रैली की इजाजत मांगी थी. सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि अगर इस तरह का बयान दोबारा आता है, तो याचिकाकर्ता फिर कोर्ट का रुख कर सकते हैं.
10:36 AM (7 वर्ष पहले)

Posted by :- Mohit Grover
कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट कर कहा है कि वह दोपहर साढ़े 12 बजे प्रधानमंत्री मोदी की संपत्ति को लेकर बड़ा खुलासा करेंगे.


Advertisement
9:34 AM (7 वर्ष पहले)

आम आदमी पार्टी ने चुनाव आयोग से की मांग

Posted by :- Mohit Grover
आम आदमी पार्टी ने चुनाव आयोग से 200 मतदाता पहचान पत्रों की जांच शुरू करने की मांग की है, जो पार्टी के समर्थकों ने कहा था कि उन्हें दक्षिण दिल्ली के बदरपुर में एक सड़क पर डंप मिला था.
आयोग को लिखे पत्र में, पार्टी ने इसे एक ऐसा तंत्र बनाने के लिए कहा है कि जो उनके द्वारा भेजे गए मतदाता पहचान पत्र उन व्यक्तियों तक पहुंचाए, जो उनके लिए हैं.
दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मामले का संज्ञान लिया और जिला मजिस्ट्रेट से कहा कि वह जल्द से जल्द एक प्रारंभिक रिपोर्ट दे. चुनाव अधिकारी के मुताबिक “हमें देखना होगा कि मतदाता दिल्ली से हैं या नहीं. यदि हां, तो दिल्ली का कौन सा क्षेत्र है और कौन संबंधित क्षेत्र के प्रभारी अधिकारी हैं, तभी हम उचित कार्रवाई करेंगे.’’

9:19 AM (7 वर्ष पहले)

Posted by :- Mohit Grover
लखनऊ के मंदिर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया हनुमान चालीसा का पाठ.


8:29 AM (7 वर्ष पहले)

सीटों में उलझा AAP-कांग्रेस का गठबंधन, जानिए किस यू-टर्न का इशारा कर रहे राहुल गांधी

Posted by :- Mohit Grover
राजधानी दिल्ली में भी काफी दिनों से आम आदमी पार्टी और कांग्रेस का गठबंधन होने की अटकलें हैं, लेकिन दोनों तरफ से कोई बड़ी कोशिश नहीं हुई. सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के ट्वीट के बाद एक बार फिर गठबंधन की उम्मीद जागी है, हालांकि अरविंद केजरीवाल ने भी इस पर पलटवार किया है.

इसे भी पढ़ें... सीटों में उलझा AAP-कांग्रेस का गठबंधन, जानिए किस यू-टर्न का इशारा कर रहे राहुल गांधी
8:24 AM (7 वर्ष पहले)

तीसरे कोण में उलझी बिहार की सियासत, एक दर्जन सीटों पर खेल बना-बिगाड़ सकते हैं बागी

Posted by :- Mohit Grover

बिहार में इस बार का चुनाव एनडीए बनाम महागठबंधन के बीच सीधी लड़ाई के लिए चर्चा में है. 40 लोकसभा सीटों की जंग में तमाम दलों ने दोनों में से किसी न किसी खेमों का दामन थाम लिया है. लेकिन करीब एक दर्जन सीटें ऐसी हैं जहां मुकाबले का तीसरा कोण भी एक्टिव दिख रहा है. इनमें से कुछ जगहों पर टिकट कटने से बागी हुए उम्मीदवार तो कुछ जगहों पर पप्पू यादव जैसे अपनी अलग पार्टियां खड़ी करने वाले नेता मजबूती से मैदान में खड़े हैं और दोनों में से किसी न किसी गठबंधन का गेम बनाने और बिगाड़ने की ताकत रखते हैं. पूरी खबर पढ़ें... तीसरे कोण में उलझी बिहार की सियासत, एक दर्जन सीटों पर खेल बना-बिगाड़ सकते हैं बागी

8:23 AM (7 वर्ष पहले)

योगी ने ढूंढ़ी EC के बैन की काट, लखनऊ के बजरंग सेतु मंदिर में पढ़ेंगे हनुमान चालीसा

Posted by :- Mohit Grover

लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार के दौरान बढ़ती बदजुबानी के बीच चुनाव आयोग ने सख्त तेवर अपनाया और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई बड़े नेताओं पर आचार संहिता के उल्लंघन के कारण उनके चुनाव प्रचार के लिए 72 घंटों का प्रतिबंध लगा दिया, आयोग की ओर से इस प्रतिबंध के बाद मुख्यमंत्री ने नया तरीका निकाल लिया है और वह अब मंदिर में हनुमान चालीसा पढ़ने जा रहे हैं. पूरी खबर पढ़ें... योगी ने ढूंढ़ी EC के बैन की काट, लखनऊ के बजरंग सेतु मंदिर में पढ़ेंगे हनुमान चालीसा

Advertisement
8:04 AM (7 वर्ष पहले)

तेज होगा प्रचार-प्रसार

Posted by :- Mohit Grover

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज चार चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे, वह ओडिशा में दो और छत्तीसगढ़ में दो सभाओं को संबोधित करेंगे. वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी आज से केरल के दौरे पर रहेंगे, राहुल दो दिन के लिए केरल में रहेंगे. जहां पर वह कई चुनावी सभाएं करेंगे और लोगों से मुलाकात करेंगे. साथ ही आगरा में आज महागठबंधन की रैली होनी है, जिसमें समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव शामिल होंगे. यहां मायावती को भी शामिल होना था, लेकिन चुनाव आयोग के बैन की वजह से वह शामिल नहीं हो पाएंगी.
8:04 AM (7 वर्ष पहले)

राजनाथ सिंह का नामांकन आज

Posted by :- Mohit Grover

केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह आज लखनऊ लोकसभा सीट से पर्चा दाखिल करेंगे. नामांकन से पहले वह मेगा रोड शो करेंगे, इस दौरान उनके साथ पार्टी के दिग्गज नेता रहेंगे. अभी तक विपक्ष की ओर से लखनऊ में किसी उम्मीदवार का नाम घोषित नहीं किया गया है. हालांकि, राजनाथ के खिलाफ होमगार्ड, किसान, ऑटो ड्राइवर चुनाव में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. राजनाथ के अलावा केंद्रीय मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर भी अपना नामांकन करेंगे.
8:04 AM (7 वर्ष पहले)

थमेगा दूसरे चरण के लिए प्रचार

Posted by :- Mohit Grover

18 अप्रैल को देश की 97 लोकसभा सीटों पर मतदान होना है, जिसके लिए आज शाम 5 बजे प्रचार थम जाएगा. दूसरे चरण में तमिलनाडु की सभी 39 लोकसभा सीटों, असम, बिहार, छत्तीसगढ़, जम्मू-कश्मीर, मणिपुर, बंगाल और उत्तर प्रदेश में मतदान होना है. 18 अप्रैल को उत्तर प्रदेश की 8 सीटों पर मतदान होना है. 11 अप्रैल को देश की 91 सीटों पर मतदान हुआ था.
8:03 AM (7 वर्ष पहले)

नेताओं पर चुनाव आयोग की सख्ती

Posted by :- Mohit Grover
नेताओं के भाषण पर चुनाव आयोग सख्ती बरत रहा है. सोमवार को चुनाव आयोग ने मुस्लिम वाले बयान पर बसपा प्रमुख मायावती, वायरस वाले बयान पर यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ, जया प्रदा वाले बयान पर सपा नेता आजम खान और मुस्लिमों को धमकी देने पर केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी पर बैन लगाया. योगी, आजम पर ये बैन 72 घंटे और मायावती, मेनका पर 48 घंटे के लिए लागू रहेगा.
8:03 AM (7 वर्ष पहले)

सख्त हुआ चुनाव आयोग

Posted by :- Mohit Grover
लोकसभा चुनाव 2019 के दूसरे चरण के मतदान के लिए आज प्रचार रुक जाएगा. मतदान से पहले चुनाव की पूरी लड़ाई नेताओं की बदजुबानी पर आ टिकी है. चुनाव आयोग ने भी सख्ती बरतते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बसपा प्रमुख मायावती, सपा नेता आजम खान और केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी के प्रचार करने पर निश्चित समय के लिए रोक लगा दी है. आज बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह, पीएम मोदी की कई रैलियां हैं.