Advertisement

Lok Sabha Election 2024 LIVE Updates: 'जीएसटी, नोटबंदी और अन्य टैक्स ने छोटे व्यवसायों को प्रभावित किया है', दिल्ली की रैली में बोले राहुल गांधी

aajtak.in | नई दिल्ली | 18 मई 2024, 8:25 PM IST

Lok Sabha Polls 2024 Live Updates: लोकसभा चुनाव 2024 के पांचवें चरण में 8 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों में कुल 695 उम्मीदवार मैदान में होंगे और 49 सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे. बिहार की 5, झारखंड की 3, महाराष्ट्र की 13, उत्तर प्रदेश की 14, ओडिशा की 5, पश्चिम बंगाल की 7, जम्मू-कश्मीर की 1 और लद्दाख की 1 सीट पर पांचवें चरण में वोटिंग होगी.

कांग्रेस नेता राहुल गांधी

देशभर में लोकसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ा हुआ है. लोकसभा चुनाव के लिए सात चरणों में से अब तक चार चरणों में वोट डाले जा चुके हैं. अब पांचवें और छठे चरण के लिए प्रचार जोरों पर है. पांचवे चरण में 20 मई को बिहार, झारखंड, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख समेत 49 सीटों पर मतदान होगा.

वोटिंग की तारीख पास आने के चलते सियासी दलों के नेताओं जोरशोर से चुनाव प्रचार में जुटे गए हैं. इसी क्रम में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा के अंबाला और सोनीपत में जनसभा को संबोधित करेंगे. इसके बाद PM मोदी शाम को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के नॉर्थ ईस्ट लोकसभा क्षेत्र में अपनी पहली चुनावी रैली को संबोधित करेंगे तो केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उत्तर प्रदेश के झांसी और बांदा में जनसभा करेंगे. साथ ही वह शाम को अमेठी में रोड शो करेंगे और रोड शो के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे.

वहीं, कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी आज उत्तर प्रदेश के बाराबंकी के कोठी हैदरगढ़ में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे. इसके बाद वह शाम सात बजे दिल्ली के रामलीला मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे. राहुल गांधी के अलावा कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी रायबरेली और अमेठी में अपनी पार्टी के प्रत्याशियों के लिए प्रचार करेंगी.

8:21 PM (एक वर्ष पहले)

'नरेंद्र मोदी बहस नहीं कर सकते', दिल्ली की रैली में बोले राहुल गांधी

Posted by :- Nuruddin

कांग्रेस नेता राहुल गांधी का कहना है, ''उन्होंने (पीएम नरेंद्र मोदी) उन्हीं 5-10 पत्रकारों को 30-35 इंटरव्यू दिए. 2-3 बुद्धिजीवियों और पत्रकारों ने मुझे लिखा और सार्वजनिक घोषणाएं कीं. उन्होंने नरेंद्र मोदी को भी लिखा और कहा कि लोकतंत्र में बहस होनी चाहिए, ये जरूरी है कि वो राहुल गांधी से बहस करें...मैं तैयार हूं, नरेंद्र मोदी जहां चाहें मुझसे बहस कर सकते हैं, क्या वो बहस करने आएंगे मेरे साथ? नहीं, वह नहीं कर सकते...नरेंद्र मोदी बहस नहीं कर सकते."

7:51 PM (एक वर्ष पहले)

बीजेपी को यमुना के उस पार धकेल देंगे- कन्हैया कुमार

Posted by :- Nuruddin

उत्तर-पूर्वी दिल्ली से कांग्रेस के लोकसभा उम्मीदवार कन्हैया कुमार ने कहा, "मेहंदी रंग लाती है सूख जाने के बाद, असली कांग्रेस का पता चलता है बुरा वक्त आने के बाद." कांग्रेस उम्मीदवार ने कहा, "हमें बीजेपी के छोटे-मोटे गुंडे से डरना नहीं चाहिए." 

कन्यैहा कुमार ने पीएम मोदी की यमुना खादर की रैली पर कहा, "वह भारत के पीएम हैं, वह यमुना के उस पार रहते हैं, पीएम को हमारे यमुना पार आने में 10 साल लग गए. हम जल्द ही बीजेपी को यमुना के उस पार धकेल देंगे.' (इनपुट - अनमोल)

7:06 PM (एक वर्ष पहले)

हर गरीब औऱ मिडिल क्लास का जीवन आसान बनाने के लिए प्रतिबद्धः PM मोदी

Posted by :- Hemant Pathak

जनसभा में पीएम मोदी ने कहा कि पर्यावरण की जो समस्याएं हैं, उससे मुक्ति के लिए भारत सरकार ने बड़ा कदम उठाया. देश के बड़े शहरों को भारत सरकार इलेक्ट्रिक बसें दे रही है. साथ ही दिल्ली के लिए भी सैकड़ों बसें दी गई हैं. इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास इन्वेस्टमेंट लेकर आता है. भारत सरकार दिल्ली का चौतरफा विकास कर रही है. हम हर गरीब औऱ मिडिल क्लास के व्यक्ति का जीवन आसान बनाने के लिए प्रतिबद्ध है. मुफ्त अनाज की योजनाएं लाखों लोगों के काम आ रही हैं. एक तरफ अवैध कॉलोनी को रेग्युलर करने का काम चल रहा है, दूसरी तरफ झुग्गियों की जगह पक्का घर बनाने का अभियान भी चल रहा है. इस दौरान उन्होंने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का भी जिक्र किया. साथ ही कहा कि ये योजना लोगों को ट्रिपल बेनिफिट के लिए है. 
 

7:00 PM (एक वर्ष पहले)

ये चुनाव भाई-भतीजावाद को परास्त करने के लिए हैः पीएम मोदी

Posted by :- Hemant Pathak

नॉर्थ ईस्ट दिल्ली में जनसभा में पीएम मोदी ने कहा कि देश को मजबूत बनाना है,  इसलिए मजबूत सरकार चाहिए. मुझे भी मजबूत साथी चाहिए. उन्होंने कहा कि आपने G20 सम्मेलन के दौरान देखा कि दुनियाभर के नेता दिल्ली को देखकर चकित थे. उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जबतक मोदी नहीं आया, तब तक देश के वीर जवानों के मान सम्मान में वॉर मेमोरियल बनाने का महत्व नहीं समझ आया. देश की सुरक्षा करते-करते करीब 35 हजार पुलिस के जवान शहीद हुए. पुलिस मेमोरियल के लिए देश के पुलिस के शहीद जवानों को 70 साल इंतजारक करना पड़ा. उन्होंने कहा कि हम लोकतंत्र के लिए जीते हैं. हमने देश में पहली बार देश के सभी प्रधानमंत्रियों का म्यूजियम बनाया. उन्होंने कहा कि ये चुनाव भाई-भतीजावाद को परास्त करने का चुनाव है. ये चुनाव गरीबों के जीवन को आसान बनाने का चुनाव है. ये चुनाव युवाओं को आगे बढ़ाने का चुनाव है. 
 

Advertisement
6:48 PM (एक वर्ष पहले)

जनता के सपने ही मेरा संकल्पः PM मोदी

Posted by :- Hemant Pathak

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नॉर्थ ईस्ट दिल्ली में एक जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि ये चुनाव युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए है. ये मजबूत भारत बनाने का चुनाव है. उन्होंने कहा कि मैंने 50 साल पहले घर छोड़ा था, तब मुझे पता नहीं था कि एक दिन 140 करोड़ भारतीय ही मेरा परिवार बन जाएंगे. मुझे नहीं पता था कि मैं लालकिले से झंडा फहराऊंगा. मैं अपने लिए कभी जिया हूं न अपने लिए जन्मा हूं. मैं आपके बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए खप रहा हूं. घर का हर मुखिया अपने वारिस के लिए सोचता है, मेरा वारिस 140 करोड़ देशवासी हैं. 
 

6:32 PM (एक वर्ष पहले)

सीएए के तहत नागरिकता पाने वालों से रैली में मिले पीएम मोदी

Posted by :- Nuruddin

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बड़ी रैली के लिए उत्तर पूर्वी दिल्ली के यमुना खादर पहुंच गए हैं. पीएम मोदी यहां सभा को संबोधित करेंगे. पीएम मोदी की रैली में वो लोग पहुंचे हैं जिन्हें हाल ही में सीएए के तहत नागरिकता मिली है. पीएम ने स्टेज पर सभी लोगों से मुलाकात भी की है.

5:56 PM (एक वर्ष पहले)

... तो अगले 6 महीने में POK भारत का हिस्सा होगा - सीएम योगी

Posted by :- Nuruddin

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि "मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने दीजिए, अगले 6 महीने के अंदर 'पाक अधिकृत कश्मीर' भी भारत का हिस्सा होगा."
 

 

5:21 PM (एक वर्ष पहले)

'हमने 370 की दीवार कब्रिस्तान में गाड़ दी है', सोनीपत में बोले पीएम

Posted by :- Nuruddin

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोनीपत में रैली को संबोधित कर रहे हैं. पीएम मोदी ने कहा, "कांग्रेस अब अपने देशविरोधी एजेंडे को भी छिपा नहीं रही है. वो कहते हैं कि चुनाव जीतकर मोदी ने जो किया उसको पलट देंगे." पीएम मोदी ने कहा, "यानी फिर से आतंकवाद. कश्मीर में फिर से खूनखराबा. कांग्रेस वालों सुन लो कि अब कश्मीर में सिर्फ केवल तिरंगा लहराएगा. 370 वापस लाने के सपने छोड़ दो. हमने 370 की दीवार कब्रिस्तान में गाड़ दी है."

5:12 PM (एक वर्ष पहले)

कल 12 बजे नेताओं के साथ बीेजेपी ऑफिस जाउंगा- अरविंद केजरीवाल

Posted by :- Nuruddin

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि वह कल पार्टी नेताओं के साथ बीजेपी मुख्यालय जाएंगे. उन्होंने कहा, "कैसे आप पार्टी के पीछे पड़ गए हैं. संजय सिंह को जेल भेजा. आज मेरे पीए को जेल भेजा."

सीएम केजरीवाल ने कहा, "कल मैं 12 बजे सभी नेताओं के साथ बीजेपी ऑफिस जाऊंगा. मुझे और मेरे सभी नेताओं को जेल में डालिए." (इनपुट - अमित)

Advertisement
4:52 PM (एक वर्ष पहले)

'मोदी जी के नेतृत्व में करेंगे 400 पार' - अमित शाह

Posted by :- Nuruddin

अमेठी में गृह मंत्री अमित शाह ने आजतक से कहा कि निश्चित रूप से मोदी जी के नेतृत्व में हम (बीजेपी) 400 पार करने जा रही है. पहले के चरणों में इसकी नींव पड़ चुकी है और पांचवें चरण में हम इसे आगे बढ़ा रहे हैं." (इनपुट - कुमार अभिषेक)

4:49 PM (एक वर्ष पहले)

डीके शिवकुमार ने 100 करोड़ की पेशकश के आरोपों से किया इनकार

Posted by :- Nuruddin

कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने देवराजे गौड़ा के 100 करोड़ रुपये के ऑफर के आरोपों से इनकार किया है. शिवकुमार ने कहा कि मीडिया को भी इस तरह के निराधार आरोपों को हवा नहीं देनी चाहिए. उन्हें लोकयुक्त में शिकायत दर्ज कराने दीजिए.

3:24 PM (एक वर्ष पहले)

हरियाणा के खून में ही देशभक्ति है- पीएम मोदी

Posted by :- Nuruddin

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा के अंबाला में रैली को संबोधित कर रहे हैं. पीएम मोदी ने यहां कहा कि हरियाणा धाकड़ है. उन्होंने कहा, "मैं आज अगले पांच साल के लिए आपसे आशीर्वाद लेने आया हूं. शुरू के चार चरणों में कांग्रेस और इंडिया गठबंधन को रिजेक्ट कर दिया गया है. पीएम ने कहा कि हरियाणा के खून में ही देशभक्ति है.

2:45 PM (एक वर्ष पहले)

भारी मतों से जीत रहीं हैं रोहिणी आचार्य, लालू यादव का दावा

Posted by :- Nitin

RJD प्रमुख लालू प्रसाद यादव आज सारण में पार्टी प्रत्याशी और अपनी बेटी रोहिणी आचार्य के लिए चुनाव प्रचार करने पहुंचे थे. जहां उन्होंने केंद्र और बिहार की सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि पूरा माहौल इंडिया ब्लॉक के पक्ष में है. बिहार में इंडिया ब्लॉक के पक्ष में हवा बनी हुई है.

साथ ही उन्होंने दावा करते हुए कहा कि जहां मैं खड़ा हूं, वहां से रोहिणी आचार्य भारी मतों से जीत रही हैं. मैं रोहिणी की जीत को लेकर आश्वस्त हूं, तभी दावा कर रहा हूं. लालू ने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) संविधान विरोधी का सफाया होने जा रहा है.

1:42 PM (एक वर्ष पहले)

इंडिया ब्लॉक पर बरसे जेपी नड्डा, बोले- 'इन्हें केवल अपने बच्चों को मुख्यमंत्री बनाना है'

Posted by :- Nitin

BJP के अध्यक्ष ने हिमाचल में एक जनसभा को संबोधित करते हुए इंडिया ब्लॉक को घेरा है. उन्होंने कहा कि ये घमंडिया गठबंधन सिर्फ दो बातों का अलायंस है. पहला ये सब परिवारवादी पार्टियां हैं, इन्हें आपसे कोई लेना-देना नहीं है. इन्हें केवल अपने बच्चों को मुख्यमंत्री बनाना है. दूसरा पीएम मोदी कहते हैं,  भ्रष्टाचार हटाओ, ये कहते हैं भ्रष्टाचारियों को बचाओ.

Advertisement
1:35 PM (एक वर्ष पहले)

पहले यूपी में बनते थे देशी कट्टे पर अब यहां तोप गोले बनते हैं: झांसी में बोले अमित शाह

Posted by :- Nitin

केंद्रीय गृह मंत्री और बीजेपी के कद्दावर नेता अमित शाह झांसी में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर हमला बोला है. उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने और योगी के मुख्यमंत्री बनने के बाद उत्तर प्रदेश के विकास की शुरुआत हुई है. एक जमाना था, जब UP में देशी कट्टे बनते थे, लेकिन मोदी जी ने बुंदेलखंड में डिफेंस कॉरिडोर बनाया. अब यहां तोप के गोले बनते हैं. पाकिस्तान ने अगर कोई भी गलती की तो ये बुंदेलखंडी गोला पाकिस्तान पर गिरेगा और उसका सफाया कर देगा.

'इंडी अलायंस' का हो गया सूपड़ा साफ

उन्होंने आगे कहा कि लोकसभा चुनाव के 4 चरण समाप्त हो चुके हैं. 4 चरण में पीएम मोदी 270 सीटें लेकर ट्रिपल सेंचुरी की ओर आगे बढ़ गए हैं और राहुल बाबा के 'इंडी अलायंस' का सूपड़ा साफ हो गया है. अब ये निश्चित हो गया है कि मोदी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं. कांग्रेस के नेता मणिशंकर अय्यर ने कहा है कि पाकिस्तान को सम्मान दो, उनके पास एटम बम है, उनसे PoK मत मांगों. मैं इनसे कहना चाहता हूं कि ये नरेन्द्र मोदी की सरकार है, हम एटम बम से नहीं डरते हैं, PoK भारत का है, रहेगा और हम उसे लेकर रहेंगे.

1:27 PM (एक वर्ष पहले)

हर हिंदू पर्व और त्योहार से पहले दंगे हो जाते थे, आज दुनिया में बढ़ रहा है भारत का सम्मान: CM योगी

Posted by :- Nitin

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और बीजेपी के फायर ब्रांड नेता योगी आदित्यनाथ शनिवार को महाराष्ट्र के धुले भाजपा प्रत्याशी के लिए चुनाव प्रचार के लिए एक जनसभा को संबोधित कर रहे हैं. उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि 2014 से पहले दुनिया में भारत के प्रति सम्मान का भाव समाप्त हो रहा था... सीमाएं असुरक्षित थीं... मैं तब भी सांसद था और संसद में जब हम इस मुद्दे को उठाते हैं तो कांग्रेस की सरकार कहती थी कि आतंकवादी सीमा पार के हैं हम क्या करें?  गरीब भूख से मरता था, किसान आत्महत्या करता था, नौजवान पलायन करता था... हर हिंदू पर्व और त्योहार से पहले दंगे हो जाते थे... आज दुनिया में सम्मान बढ़ा है... आतंकवाद और नक्सलवाद पर नकेल कसी गई है... जो लोग पाकिस्तान के समर्थन में बात करते हैं न उन्हें पाकिस्तान ही भेज देना चाहिए... भारत पिछले 4 वर्षों से 140 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दे रहा है और पाकिस्तान में लोग भूखे मर रहे हैं... लोग 1 किलो गेहूं और आटे के लिए लड़ रहे हैं.

1:21 PM (एक वर्ष पहले)

कन्हैया कुमार ने बीजेपी पर साधा निशाना

Posted by :- Nitin

कांग्रेस उम्मीदवार कन्हैया कुमार ने शुक्रवार को हुए हमले को लेकर बीजेपी और दो बार के सांसद मनोज तिवारी पर निशाना साधा है. उन्होंने शनिवार को प्रेस वार्ता में कहा कि कल जो एक शर्मनाक, लोकतंत्र विरोधी मनोज तिवारी के कार्यकर्ता द्वारा की गई घटना है. मौजूदा सरकार तानाशाई सरकार है. पहले बदनाम करते हैं, फिर डराते हैं और फिर खरीदने का काम करते हैं. वो उत्तर पूर्वी दिल्ली में भी ऐसा करना चाहते हैं. दो बार से सांसद हैं अगर उनको न्यायपालिका पर भरोसा है तो जो काम किया है उसको सामने लाए. जब आम लोगों ने इनसे पूछा की काम क्यों नहीं हो रहा है. दस साल आप दिखाई नहीं दिया तो अब ये डराने के कोशिश कर रहे है. दस साल से सांसद है, लेकिन एक बार भी प्रधानमंत्री नहीं आए. लेकिन अब हम सवाल कर रहे है तो प्रधानमंत्री आ रहे है. आप कहते हो बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, दस साल में सांसद के पास दस काम नहीं हैं गिनने के लिए. 2014 में जो गांव आपने गोद लिए उनका काम दिखाए. षड्यंत्र हम कर रहे है या वो घटना को अंजाम दे रहे हैं.

12:09 PM (एक वर्ष पहले)

राज ठाकरे ने असदुद्दीन ओवैसी पर साधा निशाना

Posted by :- Nitin

महाराष्ट्र के फायर ब्रांड नेता राज ठाकरे ने AIMIM सांसद असदुद्दीन ओवैसी पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि देश में ऐसे करोड़ों-लाखों मुसलमान हैं... जो इस देश से प्यार करते हैं... और सच कहें तो इस देश के प्रति अपनी वफादारी रखते हैं... ये बात कहने की जरूरत नहीं है, लेकिन कम ही हैं जो शिवसेना उद्धव गुट और कांग्रेस का समर्थन कर रहे हैं. क्योंकि पिछले 10 वर्षों में वे अपना सिर उठाने में सक्षम नहीं थे... सिर उठाने के लिए कांग्रेस ही सबसे आसान रास्ता है... इसलिए समर्थन कर रहे हैं. ऐसे मुसलमान हैं जो हमारा समर्थन कर रहे हैं, उन्हें आश्वासन की जरूरत है और वे नौकरियां करते हैं और पीढ़ियों से देश में रहते हैं... ऐसे बहुत कम लोग हैं जो ओवैसी जैसे लोगों के पीछे घूमते हैं... उनके अड्डों की जांच करो (अड्डा)... यहां सेना भेजो और इस देश को हमेशा के लिए सुरक्षित बनाओ.. ताकि हमारी बहनें और माताएं स्वतंत्र रूप से घूम सके.  
 

10:46 AM (एक वर्ष पहले)

हिमाचल में आज 3 तीन सभाओं को संबोधित करेंगे जेपी नड्डा

Posted by :- Nitin

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज हिमाचल में पार्टी प्रत्याशियों के लिए चुनाव प्रचार करेंगे. वह सुबह साढ़े 11 बजे करीब कांगड़ा लोकसभा क्षेत्र के रेहान नूरपुर में जनसभा को संबोधित करेंगे. इसके बाद वह दोपहर एक बजे कांगड़ा लोकसभा क्षेत्र के चंबा में रैली को संबोधित करेंगे और अंत में वह शिमला लोकसभा क्षेत्र के सोलन में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे.

Advertisement
9:17 AM (एक वर्ष पहले)

JP नड्डा ने AAP पर साधा निशाना, बोले- 'केजरीवाल बेनकाब हो गए हैं...'

Posted by :- Nitin

भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आम आदमी पार्टी पर करारा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी झूठ की बुनियाद पर बनी पार्टी है और इसकी विश्वसनीयता शून्य नहीं, माइनस में है. आज देश की जनता और दिल्ली की जनता के सामने अरविंद केजरीवाल बेनकाब हो गए हैं... हर तरह से बेनकाब हो गए हैं... अगर ये साजिश बीजेपी ने रची थी तो आप माइक क्यों घुमा रहे थे (लखनऊ में पीसी के दौरान) यहां से वहां? आप चुप क्यों हैं? आपको क्या रोक रहा है? आम आदमी पार्टी की संस्कृति से पता चलता है कि वे लोगों को अपने घरों में बुलाते हैं और उनकी पिटाई करते हैं... हमने उनसे (स्वाति मालीवाल) कभी बात नहीं की, न ही हमारी पार्टी के किसी भी व्यक्ति ने उनसे बात की... हम इस तरह काम नहीं करते... हम बहुत सीधे हैं. अब उनकी चोरी पकड़ी गई है... उनकी कोई विश्वसनीयता नहीं है... उनकी पार्टी की भी कोई विश्वसनीयता नहीं है... वे किसी भी स्तर, किसी भी आरोप तक गिर सकते हैं.

8:18 AM (एक वर्ष पहले)

रायबरेली में रोड शो करेंगी प्रियंका गांधी

Posted by :- Nitin

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी अपने भाई और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के लिए पार्टी की परंपरागत सीट रायबरेली में आज करीब 5 किलोमीटर लंबा रोड शो करेंगी. 5 किलोमीटर की इस दूरी को वह दो घंटे में पूरा करेंगी. उनका ये रोड शो फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज से शुरू होकर त्रिपुला चौराहे तक जाएगा.

इनपुट- मौसमी

 

7:35 AM (एक वर्ष पहले)

अमेठी में आज रोड शो करेंगे अमित शाह

Posted by :- Nitin

बीजेपी की तरफ से जारी कार्यक्रम के मुताबिक केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, आज उत्तर प्रदेश के झांसी और बांदा में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे. इसके बाद वह चर्चित लोकसभा सीट अमेठी में पार्टी उम्मीदवार स्मृति ईरानी के समर्थन में रामलीला मैदान से देवीपाटन मंदिर तक रोड शो करेंगे और फिर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मीडिया से बातचीत करेंगे.

7:30 AM (एक वर्ष पहले)

दिल्ली के रामलीला मैदान में जनसभा करेंगे राहुल गांधी

Posted by :- Nitin

कांग्रेस नेता और वायनाड से सांसद राहुल गांधी आज दिल्ली के रामलीला मैदान में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे. दिल्ली से पहले राहुल यूपी के बाराबंकी में एक रैली को संबोधित करेंगे.

7:25 AM (एक वर्ष पहले)

PM Modi Rally: पीएम दिल्ली और हरियाणा में करेंगे जनसभा

Posted by :- Nitin

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 18 मई को हरियाणा के अंबाला और सोनीपत में रैली को संबोधित करेंगे. इसके बाद प्रधानमंत्री शाम को राष्ट्रीय राजधानी में भी चुनावी बिगुल फूकेंगे और उत्तर पूर्वी दिल्ली के घोंडा में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे. वहीं, प्रधानमंत्री को रैली को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने खास इंतजाम किए हैं.