झारखंड विधानसभा चुनाव के आखिरी चरण के लिए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा प्रचार में उतरी हैं. कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री को चुनौती देती हूं कि सीएनटी एसपीटी पर बोलिए, दुष्कर्म पर बोलिए, गायब रोजगार पर बोलिए. झारखंड की धरती से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से कांग्रेस को दी गई चुनौती का जवाब देते हुए प्रियंका ने कहा कि आप देश के प्रधानमंत्री हैं या बंटवारे के प्रधानमंत्री हैं, इस पर बोलिए. प्रियंका ने कहा कि बीजेपी सरकार और पीएम मोदी हर मोर्चे पर फेल हो चुके हैं. अपनी खामियों को छिपाने के लिए कांग्रेस का बहाना बनाते हैं.
झारखंड के पाकुड़ में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने बीजेपी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर हमले किए. प्रियंका गांधी ने कहा कि जल-जंगल-जमीन आपकी है. आप सिद्हो कान्हो की धरती से हैं. ये चुनाव झारखंड के अस्तित्व बचाने का चुनाव है. बीजेपी की सरकार आपकी आत्मा पर हमला कर रही है. भाजपा अंधी हो चुकी है, आदिवासी संस्कृति पर वार कर वह आपको बर्बाद करना चाहती है.
भाजपा आदिवासियों की जमीन छिन रही है- प्रियंका
प्रियंका ने अपनी दादी और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का जिक्र करते हुए कहा कि इंदिरा जी ने आजीवन आपके लिए काम किया. उनकी कल्याणकारी योजनाओं से गरीबों का भला हुआ. उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार जमीन छिनने में लगी है. प्रियंका ने कहा कि भाजपा ने सीएनटी-एसपीटी एक्ट का दुरुपयोग किया. जबकि, इंदिरा गांधी ने आदिवसियों की जल, जंगल जमीन को सुरक्षित रखने के लिए संघर्ष किया और बीजेपी की सरकार उनकी जमीनों को छिनकर अपने दोस्तों को देना चाहती है और उनके लिए लैंड बैंक बना रही है. दरअसल CNT- SPT एक्ट आदिवासियों की भूमि के लिए बनाया हुआ एक कानून है.
प्रियंका ने कहा कि उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में आदिवासी भाई बहनों की निर्मम हत्या की गई. वहां बीजेपी ने जमीन लेने के प्रयास में खूब खून खराबा हुआ. मुझे पीड़ितों से मिलने नहीं दिया गया, 24 घंटे तक हमें एक किले में बंद कर दिया. लेकिन मैं पीछे नहीं हटी और पीड़ितों से मिली और उनके दर्द को बांटा. इसे मैंने इंदिरा गांधी से सीखा है.
अपनी रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुनौती का जवाब देते हुए प्रियंका गांधी ने पलटवार किया. प्रियंका गांधी ने कहा कि रोजगार से लेकर महंगाई हर मोर्चे पर पीएम मोदी फेल हो गए हैं और रोज नया कानून ला रहे हैं. प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी को चर्चा करने तक की चुनौती दे दी.
प्रियंका गांधी ने देशभर में हो रहे दुष्कर्म पर कहा कि ये लोग महिलाओं की सुरक्षा के प्रति गैर जवाबदेह हैं. बीजेपी के एक विधायक ने यूपी के उन्नाव में एक बच्ची का बलात्कार किया. बीजेपी के लोग उस पर कार्रवाई करने के बजाय उसे बचाने में लगे हुए थे. झारखंड में एक दुष्कर्म के आरोपी के साथ प्रधानमंत्री मोदी मंच साझा करते हैं. लेकिन मोदी जी इन सब पर कुछ नहीं बोलते हैं.
प्रियंका ने कहा कि मोदी सरकार नौकरी देने में फेल हुई है. यह सरकार अपनी नाकामियों के लिए कांग्रेस पर ठीकरा फोड़ रही है. सच्चाई ये है कि भाजपा ने पांच साल में आपको कुछ नहीं दिया. यह जिम्मेदारी प्रधानमंत्री की है. ये सिर्फ खोखले भाषण करते हैं. अर्थव्यवस्था ठप हो गई है, अब ये नए कानून लाकर लोगों को बरगला रहे हैं.
एनआरसी को लेकर प्रियंका ने सवाल खड़ा करते हुए कहा कि असम में 16 सौ करोड़ रुपये खर्च किए. इसके बाद भी वह फेल रहा है. देश के लाखों लोगों का उसमें नाम भी नहीं आया है. अब नया कानून लेकर आ गए, जिससे असम जल रहा है. दिल्ली में छात्र विरोध कर रहे हैं तो उन पर लाठियां बरसाई जा रही हैं. प्रियंका ने कहा कि भाजपा सरकार कुछ नहीं कर रही. आपकी बच्चियां भात-भात करके मर रही हैं. देश में आज ये हालत है कि आटा से लेकर मोबाइल का डाटा तक महंगा हो गया है.
'भाजपा प्रचार में हीरो, काम में जीरो'
कांग्रेस नेता ने कहा कि बीजेपी ने झारखंड में 12 लाख राशन कार्ड रद्द कर दी, प्रचार में बीजेपी सरकार सुपर हीरो है, काम में जीरो है. भ्रष्ट सरकार से मैं पूछना चाहती हूं कि कितने युवाओं को रोजगार दिया. कितनी लोगों की गरीबी मिटाई. कितने उद्योग लगाए. बीजेपी की ये अमीरों की जेब भरने की सरकार है और जमीन लूटने की सरकार है.
प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस की सरकार गरीबों की चिंता करती है. छत्तीसगढ़ में 27 फीसदी आरक्षण पिछड़ों को मिल रहा है. बीजेपी के राज में पाकुड़ में 150 रुपये प्याज मिल रहा है. भाजपा सरकार के शासन में गरीबों से पैसा छिनकर अमीरों को दिया जा रहा है. इन्होंने मनरेगा को बंद कर दिया. बच्चों के चार हजार स्कूल बंद कर दिए. पारा शिक्षकों के आंदोलन को कुचला गया. आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका से ज्यादती की गई है. आज रेलवे और एयरपोर्ट तक को बेच रहे हैं.
aajtak.in