आज पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में चुनाव का दिन है. तमिलनाडु की सभी 234 सीट पर वोटिंग सुबह सात बजे से ही जारी है. वहीं पश्चिम बंगाल की 152 सीटों पर पहले चरण के तहत वोट डाले जा रहे हैं. बंगाल चुनाव के पहले चरण में जनता 1478 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेगी. पश्चिम बंगाल में जहां टीएमसी और बीजेपी के बीच कड़ा मुकाबला है वहीं तमिलनाडु में भी डीएमके की अगुवाई वाले इंडिया गठबंधन और एआईएडीएमके-बीजेपी के एनडीए के बीच मुकाबला है. दोनों ही राज्यों में सुबह से मतदान केंद्रों के बाहर वोटरों की लंबी कतार देखी जा रही है और महिलाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है. पढ़ें वोटिंग से जुड़ी हर लाइव अपडेट्स
ये भी पढ़ें: शुभेंदु, अधीर, हुमायूं कबीर... बंगाल के पहले फेज में इन धुरंधरों की किस्मत है दांव पर
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की सक्रियता ने चुनावी हलचल को और बढ़ा दिया है. अमित शाह कोलकाता के सॉल्ट लेक स्थित भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश कार्यालय में बने अत्याधुनिक 'वॉर रूम' पहुंच चुके हैं, जहाँ वे लगभग एक घंटे तक रुककर राज्य भर से आ रहे चुनावी फीडबैक और मतदान के रुझानों की समीक्षा करेंगे.
पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु विधानसभा में हो रही वोटिंग में लोग जमकर भाग ले रहे हैं. निर्वाचन आयोग द्वारा जारी सुबह 11:00 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, पश्चिम बंगाल में 41.11% और तमिलनाडु में 37.56% मतदान दर्ज किया गया है. सुबह के शुरुआती घंटों के बाद मतदान की गति में भारी उछाल देखा गया है, जो दोनों राज्यों के मतदाताओं के जबरदस्त उत्साह और लोकतांत्रिक भागीदारी को दर्शाता है. पश्चिम मेदिनापुर में सबसे अधिक 44. 69 फीसदी वोटिंग हुई है.
खड़गपुर सदर से TMC उम्मीदवार प्रदीप सरकार ने कहा, "भले ही चुनाव प्रचार (मंगलवार को) खत्म हो गया था, फिर भी दिलीप घोष ने कल भी प्रचार जारी रखा. 'BJP-बेल्ट' जैसी कोई चीज़ नहीं होती. 2022 में मैं बहुत कम अंतर से हारा था. हम BJP से पूछना चाहते हैं कि अगर दिलीप घोष इतने अच्छे उम्मीदवार थे तो उन्हें MP पद से क्यों हटाया गया? क्या BJP इसका कारण बता सकती है? हमें शक है कि जहां भी BJP को कम वोट मिल रहे हैं, वहां वे कुछ गलत कर सकते हैं."
पश्चिम बंगाल चुनाव के पहले चरण के दौरान सिलीगुड़ी के जगदीश चंद्र विद्यापीठ स्थित बूथ संख्या 26/237 पर मतदान की प्रक्रिया चल रही थी. इसी दौरान मतदान केंद्र के बाहर तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यकर्ताओं के बीच अचानक बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते यह विवाद गरमा गया और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की होने लगी. घटना के वक्त इलाके से बीजेपी उम्मीदवार शंकर घोष भी मौके पर मौजूद थे. केंद्र पर तैनात केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) के जवानों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए भीड़ को तितर-बितर किया और स्थिति को नियंत्रण में लिया. सुरक्षा बलों की मुस्तैदी की वजह से एक बड़ी अप्रिय घटना टल गई और मतदान की प्रक्रिया को फिर से सुचारू रूप से शुरू कराया जा सका. सिलीगुड़ी का यह इलाका संवेदनशील माना जा रहा है और सुरक्षा बढ़ा दी गई है.
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में वोटिंग के दौरान झड़प का मामला सामने आया है. आरोप है कि टीएमसी कार्यकर्ताओं ने हुमायूं कबीर के खिलाफ नारेबाजी की. झड़प की स्थिति बनने के बाद मौके पर सिक्योरिटी टाइट कर दी गई है. केंद्रीय सुरक्षा बल मौके पर मौजूद है. चारों तरफ लोग ही लोग नजर आ रहे हैं. दूसरे छोर पर कांग्रेस के समर्थन दिख रहे हैं. हुमायूं कबीर भी मौके पर पहुंचे हैं. उन्होंने आजतक से बात करते हुए कहा कि मैं धरने पर बैठा हूं, यहां से हटूंगा नहीं.
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद के नौदा में उस वक्त भारी तनाव फैल गया, जब AJUP प्रमुख और रेजीनगर से उम्मीदवार हुमायूं कबीर एक घटना स्थल का दौरा करने पहुंचे, जहां TMC समर्थकों और उनके बीच हिंसक झड़प हो गई. मौके पर मौजूद पुलिस के साथ हुमायूं कबीर की तीखी बहस और नोकझोंक के वीडियो सामने आए हैं, जिसमें स्थिति काफी तनावपूर्ण नजर आ रही है. हालांकि, इस भिड़ंत और विवाद का मुख्य कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है.
तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल के लिए सुबह सात बजे से ही विधानसभा चुनाव के लिए मतदान की प्रक्रिया जारी है. निर्वाचन आयोग (ECI) द्वारा जारी सुबह 9:00 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, पश्चिम बंगाल में 18.76% और तमिलनाडु में 17.69% मतदान दर्ज किया गया है.
मालदा के मोथाबाड़ी विधानसभा क्षेत्र में, बालुआचारा हाई स्कूल स्थित मतदान केंद्र के बाहर EVM में खराबी आने के बाद तनाव फैल गया. सेक्टर अधिकारी के पहुंचने में काफी देरी होने पर वोटर भड़क गए और उन्होंने अधिकारी को घेर लिया. कई मतदाता सेक्टर अधिकारी की बांह पकड़कर उन्हें खींचते हुए और उनके साथ हाथापाई करते हुए दिखाई दिए. (इनपुट- अनुपम मिश्रा)
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और द्रमुक (DMK) प्रमुख एम.के. स्टालिन ने चेन्नई के एक पोलिंग बूथ पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया. स्टालिन इस बार भी अपनी पारंपरिक सीट कोलाथुर से चुनावी मैदान में हैं. मतदान करने के बाद मीडिया से बात करते हुए खहा, 'जिस तरह मैंने अपने अधिकार का प्रयोग किया है, उसी तरह हर किसी को अपने लोकतांत्रिक कर्तव्य को पूरा करना चाहिए. यह बहुत महत्वपूर्ण है.'
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के लिए सुबह 7 बजे से सभी 234 सीटों पर वोटिंग जारी है. राज्य के उपमुख्यमंत्री और द्रमुक (DMK) के प्रमुख चेहरा उदयनिधि स्टालिन ने चेन्नई के एक मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपना वोट डाला. वोट डालने के बाद उन्होंने मीडिया के सामने अपनी स्याही लगी उंगली दिखाते हुए सभी नागरिकों से भारी संख्या में मतदान करने की अपील की.
नंदीग्राम और भवानीपुर से भाजपा उम्मीदवार तथा राज्य के नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने वोट देने के बाद एक बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा, 'सनातन जीतेगा, सनातन की रक्षा होगी. बंगाल में इस बार बदलाव हो रहा. इस बार परिवर्तन नही होगा तो बंगाल में सनातन खत्म हो जाएगा.' उन्होंने चुनाव आयोग के कामकाज की सराहना की, लेकिन साथ ही 'गुंडागर्दी' का आरोप लगाते हुए कहा कि हर जगह कुछ उपद्रवी तत्व मौजूद हैं.
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के लिए चेन्नई में मतदान की प्रक्रिया जारी है, जहां दक्षिण भारतीय सिनेमा के दिग्गज सितारों ने सुबह-सुबह अपने मताधिकार का प्रयोग किया. सुपरस्टार रजनीकांत ने मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपना वोट डाला. वहीं, अभिनेता और राजनेता कमल हासन अपनी बेटी श्रुति हासन के साथ एल्डम्स रोड स्थित कामराज सलाई म्युनिसिपल स्कूल पहुंचे, जहां उन्होंने मतदान किया.
कोयंबटूर के जिला कलेक्टर पवन कुमार और उनकी पत्नी चिन्मयी जब मतदान करने पहुंचे, तो वहां एक अनोखा नजारा देखने को मिला. मतदान केंद्र पर एक रोबोट ने उनका स्वागत किया, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा.
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए आज हो रहे मतदान के बीच कोयंबटूर के PSG कॉलेज स्थित मतदान केंद्र की कुछ तस्वीरें सामने आई हैं. जहां महिला मतदाताओं में वोटिंग को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है. (इनपुट और फोटो- टिंकू राजशेखर, ITG )
यह चरण केवल आंकड़ों का खेल नहीं है, बल्कि बीजेपी और टीएमसी के लिए प्रतिष्ठा का सबसे बड़ा सवाल बन चुका है. जहां एक तरफ ममता सरकार के कई कद्दावर मंत्रियों की अग्निपरीक्षा है, वहीं बीजेपी और कांग्रेस के दिग्गजों के लिए भी यह 'नाक की लड़ाई' मानी जा रही है. पढ़ें विस्तार से
आंध्र प्रदेश में ट्रक ड्राइवर के रूप में कार्यरत बिलाल शेख, जो विशेष रूप से वोट डालने के लिए बंगाल लौटे थे, लेकिन मालदा के कोतवाली प्राइमरी स्कूल पहुंचने पर उन्हें पता चला कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया के तहत उनका नाम मतदाता सूची से काट दिया गया है. उन्हें मतदान केंद्र से बिना वोट डाले लौटना पड़ा. (इनपुट- अनुपम मिश्रा)
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के तहत आज मालदा जिले में मतदाताओं का भारी उत्साह देखने को मिल रहा है. मालदा के कोतवाली प्राइमरी स्कूल स्थित मतदान केंद्र से आ रही तस्वीरों में वोट डालने के लिए लोगों की लंबी कतारें और भारी भीड़ देखी जा सकती है.
पश्चिम बंगाल के कई मतदान केंद्रों के बाहर वोटरों, विशेषकर महिलाओं की लंबी कतारें दिख रही है. वोटिंग को लेकर महिलाओं में खास उत्साह है. वहीं तमिलनाडु में भी महिला वोटर बड़ी संख्या में मतदान करने के लिए वोटिंग केंद्रों पर पहुंचे हैं.
गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, 'आज बंगाल में पहले चरण का मतदान है. इस बार का बंगाल चुनाव प्रदेश के वर्तमान के साथ-साथ भविष्य के लिए भी बहुत महत्त्वपूर्ण है. एक मजबूत नेतृत्व वाली सरकार ही बंगाल की डेमोग्राफी बदलने वाले घुसपैठियों, सिंडिकेट और कटमनी राज से प्रदेश को मुक्ति दिला सकती है. बंगाल की माताओं, बेटियों के लिए सुरक्षित बंगाल बनाने हेतु आज बढ़-चढ़कर वोट करें. सभी मतदाता, विशेषकर युवा, आज एक समृद्ध और विकसित बंगाल बनाने के लिए पहले मतदान करें, फिर जलपान करें.'
पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लोगों से बड़ी संख्या में वोट देने की अपील की है. पीएम मोदी ने कहा, 'मैं पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु के सभी मतदाताओं से लोकतंत्र के इस पवित्र कर्तव्य में उत्साहपूर्वक भाग लेने का आह्वान करता हूं. मैं विशेष रूप से तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल के के युवाओं और महिलाओं से रिकॉर्ड संख्या में बाहर आने और मतदान करने का आग्रह करता हूं. '
तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में वोटिंग शुरू हो गई है. तमिलनाडु में सभी 234 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में वोटिंग है. वहीं बंगाल में पहले चरण में 152 सीटों पर वोटिंग हो रही है. मतदान केंद्रों के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. सुबह से ही वोटिंग सेंटर्स पर वोटरों की लंबी कतार देखी जा रही है.
चेन्नई के स्टेला मैरिस कॉलेज (Stella Maris College) में बनाए गए मतदान केंद्र पर आज सुबह मॉक पोलिंग की प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई, जिसके बाद सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू होगी.चेन्नई के इस प्रतिष्ठित कॉलेज में मतदाताओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं ताकि लोग बिना किसी दिक्कत के अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग कर सकें.
पश्चिम बंगाल के बीरभूम में पीठासीन अधिकारी स्वाति सरकार पाल ने वोटिंग को लेकर कहा, 'सुरक्षाकर्मी बाहर का इंतज़ाम संभालेंगे और वोटरों को अंदर भेजेंगे. इन चुनावों में BLO की अहम भूमिका होती है और वे वोटरों को वोट डालने के लिए अंदर भेजते हैं... EVM ठीक से काम कर रही है. अगर कोई दिक्कत आती है, तो हम सेक्टर ऑफिसर को जानकारी देंगे और मशीन 15 मिनट के अंदर बदल दी जाएगी.'
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए आज मतदान शुरू हो गया है, जिसमें 16 जिलों (8 उत्तर बंगाल और 8 दक्षिण-मध्य बंगाल) की कुल 152 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं. सुबह 7 बजे से वोटिंग प्रक्रिया शुरू होगी और लगभग 3.60 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर 1,452 उम्मीदवारों की राजनीतिक किस्मत का फैसला करेंगे. शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और लोग अपने लोकतांत्रिक अधिकार का इस्तेमाल करने के लिए सुबह से ही लंबी कतारों में नजर आ रहे हैं. (इनपुट-इंद्रजीत)