माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान की बोर्ड परीक्षाएं सफलतापूर्वक संपन्न हो गई हैं. परीक्षा खत्म होने के साथ ही बोर्ड ने कॉपियों के मूल्यांकन का काम बेहद तेज कर दिया है. छात्रों के लिए बड़ी राहत की खबर यह है कि इस बार 10वीं का परिणाम 20 मार्च तक घोषित कर दिया जाएगा.
बोर्ड सचिव गजेंद्र सिंह राठौड़ ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर इस बात की आधिकारिक जानकारी दी. उन्होंने बताया कि इस वर्ष परीक्षा परिणामों को समय से पहले जारी करने की पूरी तैयारी कर ली गई है. प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बोर्ड सचिव ने बताया कि उत्तर पुस्तिकाओं की जांच का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है. इस अहम जिम्मेदारी के लिए पूरे राज्य में 30,000 से अधिक शिक्षकों को लगाया गया है. शिक्षकों की इतनी बड़ी संख्या के कारण ही कॉपियों का मूल्यांकन कार्य तय समय सीमा से पहले पूरा होने की उम्मीद है.
बोर्ड सचिव गजेंद्र सिंह राठौड़ ने स्पष्ट किया कि हर बार की तुलना में इस बार बोर्ड परीक्षा के नतीजे काफी पहले जारी किए जा रहे हैं. आमतौर पर परिणाम आने में अधिक समय लगता था, जिससे छात्रों में तनाव बना रहता था. लेकिन इस बार बेहतर प्रबंधन और शिक्षकों की मुस्तैदी के चलते छात्रों को अपने रिजल्ट के लिए ज्यादा लंबा इंतज़ार नहीं करना पड़ेगा.
गौरतलब है कि राजस्थान बोर्ड की दसवीं कक्षा के जल्दी परिणाम आने से लाखों परीक्षार्थियों को अपनी आगे की पढ़ाई की योजना बनाने के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा. छात्र अपना परिणाम जारी होने के बाद बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर चेक कर सकेंगे.
डिजिटल निगरानी में 'सुपरफास्ट' चेकिंग
इस बार पारदर्शिता के लिए बोर्ड ने डिजिटल अंक प्रविष्टि (Direct Entry) का सहारा लिया है. सूत्रों के अनुसार, परीक्षक कॉपियां जांचने के तुरंत बाद अंक पोर्टल पर अपडेट कर रहे हैं, जिससे रिजल्ट तैयार करने में लगने वाला 'एक्स्ट्रा टाइम' बच गया है. साथ ही, संवेदनशील केंद्रों की कॉपियों की रैंडम री-चेकिंग भी कराई जा रही है.
चंद्रशेखर शर्मा