प्यार में एक महिला इस तरह अंधी हो गई कि उसने अपने पति के चेहरे पर ही तेजाब फेंक दिया. इस काम में उसका साथ ब्वॉयफ्रेंड ने दिया. दो साल बाद इस मामले में अंधे पति को न्याय हासिल हुआ है. मामला राजस्थान के जयपुर का है.
जयपुर महानगर की स्थानीय कोर्ट ने झोटवाड़ा इलाके में 4 जनवरी 2017 को अवैध संबंधों में बाधा बने पति सलीम खान पर तेजाब फेंक उसे अंधा बनाने वाली पत्नी को सजा सुनाई है. उसके साथ प्रेमी भी आरोपी बना है.
कोर्ट ने सलीम खान की पत्नी गुलशन बानो और उसके प्रेमी मोहम्मद सलीम को 10-10 साल की कैद और 10-10 हजार रुपये जुर्माने की सजा दी है. करीब दो साल चले केस के बाद ये नतीजा आया है.
लोक अभियोजक ने 13 गवाहों के बयान करवा कोर्ट को बताया था कि मोहम्मद सलीम के पीड़ित पर तेजाब फेंकने से उसकी आंखों की रोशनी चली गई थी. पीड़ित की पत्नी व अभियुक्त में अवैध संबंध थे.
गुलशन बानो अपने बेटे व चार बेटियों को छोड़ प्रेमी के साथ नाई की थड़ी-जमवारामगढ़ रोड पर रह रही थी. मोहम्मद सलीम टैक्सी ड्राइवर है तो वहीं पीड़ित सलीम खान, संजयनगर में चाय की दुकान चलाता था. पुलिस ने सलीम को 8 जनवरी व गुलशन को 9 जनवरी 2017 को गिरफ्तार किया था.