राजस्थान के जैसलमेर जिले की पोकरण थाना पुलिस ने राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के चिकित्साधिकारी डॉ. याकूब को व्हाट्सऐप पर दीपावली के त्यौहार को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है. स्वास्थ विभाग ने डॉ. याकूब को मौजूदा पद से हटाकर पदस्थापन आदेश की प्रतीक्षा में रखा है.
पुलिस उप अधीक्षक नानक सिंह ने बताया कि राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के चिकित्साधिकारी डॉ. याकूब को अपने मोबाइल पर दीपावली पर्व को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. आरोपी की ओर से सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी से गुस्साए विभिन्न संगठनों ने कार्रवाई की मांग की थी.
कई संगठनों ने इस संबंध में कार्यवाहक उपखंड अधिकारी, तहसीलदार और मुख्य चिकित्सा अधिकारी को ज्ञापन भी दिया था. कार्यवाहक उपखंड अधिकारी ने बताया कि जिला कलक्टर के निर्देश पर आरोपित डॉ. याकूब को मौजूदा पद से हटाकर जैसलमेर मुख्यालय भेज दिया गया है. उनके खिलाफ केस दर्ज कर जांच के निर्देश भी दिए गए हैं.
मुकेश कुमार / BHASHA