कोरोना के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए देशभर में 14 अप्रैल तक लॉकडाउन का ऐलान किया गया है. इस बीच केंद्र व राज्य की सरकारों से लेकर प्रशासन तक लोगों से घर में रहने की अपील कर रहे हैं. हालांकि अभी भी देश के कई हिस्से में लॉकडाउन का कड़ाई से पालने नहीं किया जा रहा है. वहीं, लोगों की इस लापरवाही के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई भी जारी है.
कर्नाटक के कलबुर्गी में पुलिस ने लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले लोगों को सजा देते हुए सड़क की सफाई करवाई. इससे पहले कर्नाटक के कलबुर्गी में ही पुलिस ने लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों को पकड़कर मुर्गा बनाया था और थोड़ी बहुत पिटाई भी की.
बता दें कि कर्नाटक में कोरोना वायरस के अब तक 55 मामलों की पुष्टि हुई है. इनमें से 3 मरीज ठीक हो गए, जबकि दो लोगों की मौत हो गई. कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए सोशल डिस्टेंसिंग को अपनाने के लिए बार-बार अपील की जा रही है. इसे लेकर ही पूरे भारत में 21 दिनों के लॉकडाउन का आदेश दिया गया है.
वही लॉकडाउन के पहले दिन ही जम्मू-कश्मीर में इसका उल्लंघन करते कुछ लोगों को पकड़ा गया था. पकड़े गए लोगों को स्थानीय पुलिस ने सड़क पर कुछ दूरी पर बनाए घेरों में बैठाया था. पुलिस की ओर से हिदायत दी जा रही है कि लोगों को दूरी बनाए रखने और लॉकडाउन का पालन करना जरूरी है.
ये भी पढ़ें- कोरोना पर भ्रम फैलाने से बचें, आजतक डॉट इन का स्पेशल WhatsApp बुलेटिन शेयर करें
aajtak.in