देश में कोरोना वायरस का संक्रमण लगातार बढ़ता ही जा रहा है. वहीं देश में महाराष्ट्र कोरोना वायरस के कारण सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य है. महाराष्ट्र में कोरोना वायरस का संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है. अब राज्य में कोरोना वायरस के मरीजों का आंकड़ा 19 हजार के पार हो चुका है. वहीं जेजे पुलिस स्टेशन में 6 और पुलिसकर्मी कोरोना वायरस से पॉजिटिव पाए गए हैं.
कोरोना पर फुल कवरेज के लिए यहां क्लिक करें
महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में एक हजार से ज्यादा कोरोना मरीज सामने आए हैं. पिछले 24 घंटे में महाराष्ट्र में 1089 कोरोना संक्रमित मरीजों की पुष्टि हुई है. इसके साथ ही 24 घंटे में 37 लोगों की राज्य में कोरोना के कारण मौत हुई है. इसके साथ ही महाराष्ट्र में अब तक 19063 कोरोना मरीजों की पुष्टि हो चुकी है. वहीं राज्य में कोरोना वायरस के कारण मरने वालों का आंकड़ा 731 पहुंच चुका है. महाराष्ट्र में अब तक 3470 कोरोना वायरस के मरीज ठीक हो चुके हैं.
कोरोना कमांडोज़ का हौसला बढ़ाएं और उन्हें शुक्रिया कहें...
महाराष्ट्र में कोरोना वायरस ने मुंबई को सबसे ज्यादा अपना शिकार बनाया है. अकेले मुंबई में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 748 नए मामले सामने आए हैं. वहीं मुंबई में 24 घंटे में कोरोना वायरस के कारण 25 लोगों की मौत हो गई है. इसके साथ ही मुंबई में अब तक कोरोना वायरस से 12142 लोग संक्रमित हो चुके हैं. वहीं अकेले मुंबई में कोरोना वायरस के कारण 462 लोगों की जान जा चुकी है.
देश-दुनिया के किस हिस्से में कितना है कोरोना का कहर? यहां क्लिक कर देखें
जेजे पुलिस स्टेशन में बढ़े संक्रमित
महाराष्ट्र में पुलिसकर्मी भी लगातार कोरोना वायरस से संक्रमित हो रहे हैं. अब मुंबई के जेजे पुलिस स्टेशन से 6 और पुलिसकर्मियों में कोरोना वायरस का संक्रमण पाया गया है. अब तक जेजे पुलिस स्टेशन में कोरोना वायरस से 34 पुलिसकर्मी संक्रमित पाए जा चुके हैं. मुंबई में किसी भी पुलिस स्टेशन में पाए गए संक्रमितों की यह संख्या सबसे ज्यादा है. जेजे पुलिस स्टेशन के ज्यादातर स्टाफ को क्वारनटीन किया जा चुका है.
मुस्तफा शेख