शादी में बजा तेजस्वी यादव-चिराग पासवान का गाना, DJ पर गीत बजते ही शुरू हुआ 'पत्थर युद्ध'

वैशाली के बिदुपुर थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान DJ पर बज रहे गीत में तेजस्वी यादव और चिराग पासवान का जिक्र होने पर विवाद हिंसक हो गया. दोनों पक्षों में पत्थरबाजी हुई, कई लोग घायल हुए. सूचना पर पहुंची पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर स्थिति नियंत्रित कर ली.

Advertisement
DJ पर बजा सियासी गीत.(Photo: Screengrab) DJ पर बजा सियासी गीत.(Photo: Screengrab)

aajtak.in

  • वैशाली,
  • 19 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 6:38 PM IST

बिहार के वैशाली जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां शादी समारोह के दौरान बज रहे भोजपुरी गाने को लेकर विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. बताया गया कि गाने में राजनीतिक नेताओं तेजस्वी यादव और चिराग पासवान का जिक्र था, जिस पर आपत्ति जताई गई और माहौल बिगड़ गया.

यह घटना बिदुपुर थाना क्षेत्र के कैथोलिया गांव की है, जहां शनिवार को शादी समारोह के दौरान ‘बिलौकी’ की रस्म निभाई जा रही थी. इसी दौरान डीजे पर बज रहे भोजपुरी गीत को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई.

Advertisement

यह भी पढ़ें: 10 लाख की सुपारी, फायरिंग और कार में लाश... वैशाली में शव मिलने के मामले का चौंकाने वाला खुलासा

देखते ही देखते विवाद बढ़ता गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. कुछ ही देर में स्थिति इतनी बिगड़ गई कि मामला हिंसक झड़प में बदल गया और पूरे गांव में तनाव फैल गया.

पत्थरबाजी में कई घायल, शादी का माहौल बिगड़ा

दोनों पक्षों के बीच जमकर पत्थरबाजी हुई, जिसमें आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और शादी की खुशियां तनाव में बदल गईं.

स्थानीय लोगों के अनुसार गांव के गणेश भगत के बेटे पिंटू की शादी थी और पारंपरिक तरीके से ‘बिलौकी’ की रस्म निभाई जा रही थी. लेकिन विवाद इतना बढ़ गया कि बारात समय पर नहीं निकल सकी.

Advertisement

ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस को सूचना देने के बावजूद समय पर कार्रवाई नहीं हुई, जिससे हालात और बिगड़ गए.

पुलिस पहुंची, पांच गिरफ्तार

मामले को लेकर सदर एसडीपीओ-1 सुबोध कुमार ने बताया कि बारात निकलने के दौरान गाना बजाने को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद हुआ था. दोनों पक्षों की पत्थरबाजी में कई लोग घायल हुए हैं और घायलों का इलाज जारी है.

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और फिलहाल हालात शांत बताए जा रहे हैं. दोनों पक्षों के पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.

---- समाप्त ----
रिपोर्ट: विकास कुमार

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement