Advertisement

Bangladesh Protest Live: तारिक रहमान ने मां खालिदा जिया से हॉस्पिटल में की मुलाकात

aajtak.in | ढाका | 25 दिसंबर 2025, 7:05 PM IST

Bangladesh Protest Live Updates: 17 साल के लंबे वक्त बाद बीएनपी के कार्यकारी अध्यक्ष तारिक रहमान बांग्लादेश पहुंच गए हैं. तारिक का विमान ढाका एयरपोर्ट पर लैंड हुआ, जहां समर्थकों का हुजूम था. बीएनपी के कार्यकर्ताओं ने उनका जबरदस्त स्वागत किया.

तारिक रहमान 17 सालों बाद बांग्लादेश लौटे हैं (Photo: AP)

बांग्लादेश में बिगड़ते हालातों के बीच बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के कार्यवाहक अध्यक्ष तारिक रहमान 17 साल के बाद लंदन से ढाका पहुंच गए हैं, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया. 

तारिक रहमान की वापसी को पार्टी फरवरी 2026 के चुनावों से पहले बड़ा राजनीतिक बढ़त मान रही है. उधर, छात्र नेता शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद से बांग्लादेश में हालात बेकाबू होते जा रहे हैं. बुधवार को ढाका में एक शक्तिशाली विस्फोट के बाद बांग्लादेश में फिर से हिंसा भड़क उठी.

इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई. विस्फोट के बाद भड़की भीड़ ने देर रात को ढाका यूनिवर्सिटी में तोड़फोड़ की, जिससे दहशत फैल गई. हमलावर काजी नजरुल इस्लाम की कविताएं और धार्मिक नारे लगाते हुए टेबल-कुर्सियां तोड़ते रहे.

बांग्लादेश में हिंसा से जुड़े अपडेट्स के लिए इस पेज पर बने रहें...

7:03 PM (एक महीने पहले)

तारिक रहमान अपनी मां खालिदा जिया से मिलने अस्पताल पहुंचे

Posted by :- Rahul Chauhan

बीएनपी के कार्यकारी अध्यक्ष तारिक रहमान अपनी मां और पार्टी अध्यक्ष खालिदा जिया से मुलाकात के लिए एवरकेयर अस्पताल पहुंचे. तारिक रहमान आज गुरुवार को शाम करीब 5:54 बजे अस्पताल में दाखिल हुए, जबकि उन्हें लेकर आई लाल-हरे रंग की बस लगभग 5:50 बजे एवरकेयर अस्पताल के गेट पर पहुंची. 

इस दौरान उनके साथ बीएनपी के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे, जिनमें स्थायी समिति के सदस्य सलाहुद्दीन अहमद और एज़ेडएम ज़ाहिद हुसैन शामिल थे. अस्पताल परिसर में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला. 

वहीं अस्पताल के बाहर जुटे कार्यकर्ताओं ने “तारिक रहमान नायक बनकर बांग्लादेश लौटेंगे” और “तारिक रहमान, डरिए मत, हम सड़कों से हटे नहीं हैं” जैसे नारे लगाए.

4:53 PM (एक महीने पहले)

पब्लिक इवेंट के बाद अपनी मां से मिलने हॉस्पिटल रवाना हुए तारिक रहमान

Posted by :- Radha Kumari

तारिक रहमान 36 एक्सप्रेसवे (300 फीट रोड) पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अब अपनी मां पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया से मिलने के लिए रवाना हो गए हैं. बीमार खालिदा जिया ढाका के एवरकेयर हॉस्पिटल में हैं.

3:55 PM (एक महीने पहले)

'आई हैव ए ड्रीम...', मार्टिन लूथर किंग का जिक्र कर बोले तारिक रहमान

Posted by :- Radha Kumari

तारिक रहमान ने अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए शेख हसीना सरकार की आलोचना की और उस्मान हादी का भी जिक्र किया. छात्र नेता उस्मान हादी को 12 दिसंबर को गोली मार दी गई थी जिसके बाद बीते गुरुवार को उनकी मौत हो गई. 

तारिक रहमान ने कहा, '15 साल के शासन (शेख हसीना के दौर) में कोई भी खुलकर कुछ नहीं कह सका. 2024 के आंदोलन के नेता उस्मान हादी की हत्या कर दी गई, जो एक बहादुर नेता थे.'

उन्होंने आगे कहा कि इस देश की कमान अब युवा पीढ़ी संभालेगी. तारिक रहमान ने कहा, 'हम बांग्लादेश में शांति और स्थिरता चाहते हैं. मार्टिन लूथर किंग ने कहा था- आई हैव ए ड्रीम. आज मैं कहना चाहता हूं कि मेरे पास एक प्लान है- अपने देश के लोगों के लिए और अपने देश के भविष्य के लिए.'

3:41 PM (एक महीने पहले)

'हमें मिलकर नया बांग्लादेश बनाना होगा...', बोले तारिक रहमान

Posted by :- Radha Kumari

संबोधन की शुरुआत करते हुए तारिक रहमान ने कहा कि वो अल्लाह का शुक्रिया अदा करते हैं जिनकी कृपा से वो अपनी मातृभूमि में वापस लौट सके. उन्होंने कहा कि यह वही धरती है, जिसे 1971 में भारी बलिदानों के बाद आजादी मिली थी. तारिक रहमान ने कहा कि इसी तरह का एक आंदोलन 2024 में भी देखने को मिला, जब 5 अगस्त को लोगों ने देश की संप्रभुता की रक्षा के लिए खड़े होकर संघर्ष किया.

उन्होंने कहा, 'आज वक्त है कि हम सब एकजुट हों. मुस्लिम, ईसाई, बौद्ध और हिंदू, सभी मिलकर यहां रहते हैं. हमें मिलकर एक नया बांग्लादेश बनाना है.'

Advertisement
3:34 PM (एक महीने पहले)

भारी भीड़ के बीच कार्यक्रम स्थल पहुंचे तारिक रहमान

Posted by :- Radha Kumari

तारिक रहमान 300 फीट रोड जिसे 36 जुलाई एक्सप्रेसवे भी कहा जाता है, स्थित कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए हैं. समर्थकों की भारी भीड़ के कारण उन्हें हवाई अड्डे से 300 फीट तक पहुंचने में करीब साढ़े तीन घंटे लगे, जबकि यह दूरी महज लगभग छह किलोमीटर है. कार्यक्रम स्थल पहुंचने के बाद उनकी संबोधन शुरू हो चुका है.

3:15 PM (एक महीने पहले)

Bangladesh Unrest Live: कसम तोड़कर बांग्लादेश लौटे तारिक रहमान, जानिए 17 साल पहले क्या हुआ

Posted by :- Nitin

17 सालों तक लंदन में गुमनाम रहने और दरबदर जिंदगी गुजारने के लिए बाद बांग्लादेश के 'क्राउन प्रिंस' तारिक रहमान आज ढाका लौटे हैं. इन 17 सालों में बांग्लादेश की राजनीति लोकतंत्र, उदारवाद और कट्टरपंथ के बीच संतुलन बनाती रही है. 2008 में जब पूर्व पीएम खालिदा जिया के बेटे और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के नेता तारिक रहमान ढाका छोड़ रहे थे तो उनके लिए वो भावुक क्षण था. यहां पढ़ें पूरी खबर...

2:10 PM (एक महीने पहले)

Dhaka Violence: अवामी लीग के चुनाव लड़ने पर यूनुस प्रशासन ने लगाया प्रतिबंध

Posted by :- Nitin

बांग्लादेश में शेख हसीना की सत्ता का तख्तापलट के बाद उनकी पार्टी अवामी लीग पर लगातार हमले हो रहे हैं. अब मोहम्मद यूनुस प्रशासन ने अवामी लीग को फरवरी 2026 में होने वाले चुनावों में आधिकारिक रूप से प्रतिबंध लगा दिया है.

2:01 PM (एक महीने पहले)

Bangladesh Unrest: ढाका के अपने घर पहुंची तारिक रहमान की पत्नी और बेटी

Posted by :- Nitin

बीएनपी के कार्यकारी अध्यक्ष तारिक रहमान अपनी पत्नी और बेटी के साथ 17 सालों बाद बांग्लादेश लौट आए हैं. एयरपोर्ट से बाहर आने के बाद तारिक रैली स्थल की ओर रवाना हो गए. वहीं, सूत्रों ने बताया कि तारिक रहमान की पत्नी जुबैदा रहमान और उनकी बेटी जैमा रहमान ढाका के गुलशन इलाके में मकान नंबर- 196 स्थित अपने आवास पर पहुंच गई हैं.

12:49 PM (एक महीने पहले)

रैली स्थल की ओर रवाना हुए तारिक रहमान

Posted by :- Nitin

बीएनपी के कार्यवाहक अध्यक्ष तारिक रहमान कड़ी सुरक्षा के बीच ढाका एयरपोर्ट से रैली स्थल की ओर रवाना हो गए हैं. स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, तारिक एयरपोर्ट से नंगे पैर बाहर निकले और उन्होंने बाहर निकलते ही अपने हाथों पर मिट्टी लगाई.

 

Advertisement
12:24 PM (एक महीने पहले)

कड़ी सुरक्षा के बीच तारिक रहमान ढाका एयरपोर्ट से रवाना

Posted by :- ram shankar

बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के नेताओं और अपने परिजनों से मुलाकात के बाद कड़ी सुरक्षा के बीच तारिक अनवर ढाका एयरपोर्ट से रवाना हो गए हैं. हवाई अड्डे से बाहर निकलते ही उन्होंने एयरपोर्ट की मिट्टी को हाथ में लेकर मुल्क की धरती को सलाम किया. अब वे बुलेटप्रूफ बस में सवार होकर 36 जुलाई एक्सप्रेस-वे की ओर जा रहे हैं. थोड़ी देर में वे रैली को संबोधित करेंगे.

12:11 PM (एक महीने पहले)

रिश्तेदारों से तारिक रहमान ने की मुलाकात

Posted by :- ram shankar

17 साल बाद लंदन से ढाका पहुंचने के बाद तारिक रहमान का उनके समर्थकों ने जबरदस्त स्वागत किया. बाद में तारिक ने अपनी बेगम जुबैदा और बेटी जायमा रहमान के साथ ढाका एयरपोर्ट के वीआईपी लाउंज में अपने रिश्तेदारों से मुलाकात की.

11:25 AM (एक महीने पहले)

ढाका पहुंचे तारिक रहमान, कुछ देर रैली को करेंगे संबोधित

Posted by :- Nitin

BNP के कार्यकारी अध्यक्ष तारिक रहमान का विमान ढाका पहुंच गया है. 17 साल बाद अपने वतन लौट रहमान अपने राजनीतिक जीवन की दूसरी नई शुरुआत करने जा रहे हैं. एयरपोर्ट से बाहन निकलने के बाद रहमान पार्टी समर्थक और कार्यकर्ताओं के संबोधित करेंगे. बताया जा रहा है कि वह रैली स्थल तक बुलेटप्रूफ बस से जाएंगे जो वहां से 300 फीट की दूरी पर स्थित है.

11:01 AM (एक महीने पहले)

तारिक के विमान ने सिलहट एयरपोर्ट से भरी उड़ान, थोड़ी देर में ढाका में होगी लैंडिंग

Posted by :- Nitin

बांग्लादेशी मीडिया के अनुसार 17 साल बाद अपने वतन लौटे तारिक रहमान का विमान सिलहट एयरपोर्ट से ढाका के लिए रवाना हो गया है. रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ये विमान स्थानीय समय अनुसार, करीब 12 बजे ढाका के इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड करेगा. 

10:46 AM (एक महीने पहले)

करीब 12 बजे ढाका पहुंचेगा तारिक रहमान का विमान

Posted by :- Nitin

BNP के कार्यकारी अध्यक्ष तारिक रहमान की वापसी से पहले हजरत शाहजलाल इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है. हवाई अड्डे के वीवीआईपी टर्मिनल के मुख्य द्वार पर सुरक्षा की कई लेयर स्थापित की गई है, जहां सेना, बीजीबी, एयरफोर्स, पुलिस और रैब के जवान तैनात हैं. बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस के अनुसार, ये फ्लाइट सुबह लगभग 11:45 बजे सिलहट होते हुए ढाका के हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने वाली है.

 

Advertisement
10:26 AM (एक महीने पहले)

Bangladesh Protest Live: तारिक रहमान के विमान की सिलहट में लैंडिंग, ढाका होंगे रवाना

Posted by :- Nitin

बीएनपी के कार्यकारी तारिक रहमान के विमान की बांग्लादेश के सिलहट एयरपोर्ट पर लैंडिंग हो गई हैं. बताया जा रहा है कि यहां से वह पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ ढाका रवाना होंगे. द डेली स्टार की रिपोर्ट के अनुसार, तारिक का विमान सिलहट के उस्मानी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड कर गया है. यहां ये विमान कुछ देर रुकेगा और इसके विमान ढाका के लिए रवाना होगा. स्थानीय समय के अनुसार ये विमान सुबह करीब 11:45 बजे ढाका के हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचेगा. इसके बाद उन्हें एयरपोर्ट के वीआईपी गेट से बाहर निकाला जाएगा, जहां से वह बुलेटप्रूफ बस के जरिए कई कार्यक्रम स्थलों तक पहुंचेंगे.

स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट्स की मानें तो तारिक अस्पताल में भर्ती अपनी मां और बांग्लादेश की पूर्व पीएम खालिदा जिया से भी मुलाकात करेंगे.

 

10:06 AM (एक महीने पहले)

शेख हसीना के मामले में भारत ने मानवीय भावना से काम लिया: शशि थरूर

Posted by :- Nitin

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने बुधवार को कहा कि शेख हसीना को वापस लौटने के लिए मजबूर न करके भारत ने सही मानवीय भावना से काम लिया है. उन्होंने हसीना को भारत की लंबे वक्त से मित्र बताया और इस बात पर जोर दिया कि जटिल कानूनी और संधि संबंधी मुद्दों को कुछ ही लोग समझ पाते हैं.

तिरुवनंतपुरम में बोलते हुए थरूर ने कहा कि इस मामले को सरकार पर उचित विचार के लिए छोड़ देना चाहिए, लेकिन संधि दायित्वों और अपवादों की विस्तृत जांच पूरी होने तक भारत को हसीना को सुरक्षित रूप से रहने की अनुमति देनी चाहिए, जबकि अधिकारी इस मुद्दे का आगे अध्ययन कर रहे हैं.

9:47 AM (एक महीने पहले)

ढाका की हिंदू बस्तियों में डर हुए हैं लोग

Posted by :- Nitin

बांग्लादेश में शेख हसीना की सरकार का तख्तापलट के बाद से हिंदुओं के खिलाफ हिंसा जारी है. हाल ही में छात्र नेता शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद कट्टरपंथियों ने दीप चंद्र दास की पीट-पीट कर हत्या कर दी और पेड़ पर लटकाकर जला दिया. हिंदुओं पर हो रहे लगातार हमले से हिंदू बस्तियों में डर का माहौल है. देखिए ग्राउंड रिपोर्ट...

9:33 AM (एक महीने पहले)

भारत के बिना बांग्लादेश का चलना मुश्किल

Posted by :- Nitin

बांग्लादेश में हालात बेकाबू होते जा रहे हैं. देश में बीते दिनों हिंसा जारी है, खासतौर पर हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार की दुनिया में निंदा हो रही है. इस जारी बवाल के बीच भारत विरोधी प्रदर्शन भी देखने को मिले हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि भले ही बांग्लादेश में भारत विरोधी प्रदर्शन हो रहे हैं, लेकिन पड़ोसी देश भारत पर बड़े स्तर पर निर्भर है और कई जरूरी सामान खरीदता है, जिनका निर्यात रुका तो वो बड़े संकट में फंस जाएगा और भुखमरी के हालात पैदा हो सकते हैं. आइए जानते हैं उन सामानों और प्रोजेक्ट्स के बारे में, जिनके बगैर बांग्लादेश का चलना भी मुश्किल है. यहां पढ़ें पूरी खबर...

9:24 AM (एक महीने पहले)

Bangladesh Unrest Live: तारिक रहमान की वापसी भारत के लिए अच्छी खबर क्यों है?

Posted by :- Nitin

तारिक रहमान की बांग्लादेश वापसी भारत के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, खासकर तब जब भारत समर्थक अवामी लीग को चुनाव लड़ने से रोक दिया गया है और जिया अस्पताल में भर्ती हैं. तारिक की वापसी ऐसे वक्त में हो रही हैं जब बांग्लादेश एक नाजुक दौर से गुजर रहा है, जहां अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व में कट्टरपंथी इस्लामिस्ट बेकाबू होकर भारत विरोधी नफरत फैला रहे हैं. 

ऐसे परिदृश्य में भारत बीएनपी को एक अधिक उदार और लोकतांत्रिक विकल्प के रूप में देख रहा है.

Advertisement
9:16 AM (एक महीने पहले)

बंगाल में बांग्लादेश उप उच्चायोग के पास हिंदू जागरण का प्रदर्शन

Posted by :- Nitin

बांग्लादेश में हिंदू के खिलाफ हो रही हिंसा के विरोध में पश्चिम बंगाल में हिंदू जागरण के सदस्यों ने बुधवार को बांग्लादेश उप उच्चायोग के पास प्रदर्शन किया. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश उप उच्चायोग पास लगे बैरिकेड तोड़ दिए.

 

9:07 AM (एक महीने पहले)

तारिक रहमान के विमान ने बांग्लादेश एयरस्पेस में की एंट्री

Posted by :- Nitin

लंबे वक्त बाद तारिक रहमान बांग्लादेश लौट रहे हैं. इसी बीच जानकारी आ रही है कि तारिक का विमान बांग्लादेश के एयरस्पेस में एंट्री कर चुका हैं और कुछ देर बाद विमान की ढाका में लैंडिंग होगी, जहां बीएनपी कार्यकर्ता अपने अध्यक्ष के स्वागत के लिए पहुंच रहे हैं. 

8:51 AM (एक महीने पहले)

तारिक की वतन वापसी से बांग्लादेश में जश्न, सड़कों पर उतरे BNP कार्यकर्ता

Posted by :- Nitin

बीएनपी के कार्यवाहक अध्यक्ष तारिक रहमान लंदन से ढाका के लिए रवाना हो चुके हैं. उनकी फ्लाइट करीब दोपहर 12 बजे ढाका एयरपोर्ट पर लैंड करेगी. उनके स्वागत के लिए लाखों बीएनपी कार्यकर्ता एयरपोर्ट पर पहुंच रहे हैं. तारिक की वतन वापसी से बीएनपी कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है. 

 

8:46 AM (एक महीने पहले)

ढाका स्थित अमेरिकी दूतावास ने जारी की एडवाइजरी

Posted by :- Nitin

बीएनपी के कार्यवाहक अध्यक्ष तारिक रहमान की लंबे वक्त बाद बांग्लादेश वापसी के मौके पर बीएनपी ने एक विशाल रैली का आयोजन किया है. इसी को ध्यान में रखते हुए ढाका स्थित अमेरिकी राजदूत ने अपने देश के नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है. उन्होंने कहा कि मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, बांग्लादेश नेशनल पार्टी (बीएनपी) ने कार्यवाहक अध्यक्ष तारिक रहमान की वापसी के उपलक्ष्य में गुरुवार 25 दिसंबर को सुबह 11:45 बजे से ढाका में हजरत शाहजलाल इंटरनेशनल एयरपोर्ट से गुलशन तक जाने वाले पुरबाचल एक्सप्रेसवे ("300 फीट रोड") और अन्य मार्गों पर एक विशाल जनसभा का आयोजन किया है. 

इस रैली से भारी ट्रैफिक जाम की आशंका है. इस दौरान ढाका या उसके आसपास यात्रा करने वाले लोगों को अतिरिक्त वक्त लेकर चलना चाहिए और वैकल्पिक मार्गों पर विचार करना चाहिए. हजरत शाहजलाल इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर जाने वाले यात्रियों को अपना हवाई टिकट और यात्रा डॉक्यूमेंट साथ रखना चाहिए और पुलिस चौकियों पर उन्हें दिखाने के लिए तैयार रहना चाहिए.

 

8:36 AM (एक महीने पहले)

17 साल बाद बांग्लादेश लौट रहे हैं तारिक रहमान

Posted by :- Nitin

हिंसा और बवाल के बीच बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के कार्यवाहक अध्यक्ष तारिक रहमान 17 साल के निर्वासन के बाद आज ढाका पहुंच रहे हैं. वे लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट से बांग्लादेशी एयरलाइंस की फ्लाइट से ढाका के लिए रवाना हो चुके हैं. तारिक की फ्लाइट दोपहर करीब 12 बजे ढाका में लैंड करेगी, जहां बीएनपी ने लाखों समर्थकों के साथ भव्य स्वागत की तैयारी की है.

Advertisement
8:02 AM (एक महीने पहले)

Bangladesh Unrest Live: अंतरिम सरकार के आरोपों को छात्र विंग ने किया खारिज

Posted by :- Nitin

अवामी लीग की छात्र विंग के महासचिव शेख एनन ने छात्र नेता उस्मान हादी की हत्या में संगठन की संलिप्तता के आरोपों को खारिज कर दिया है. उन्होंने हादी की हत्या के आरोपों को देश की अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस द्वारा रची गई साजिश करार दिया. 

समाचार एजेंसी से बात करते हुए एनान ने अंतरिम सरकार की आलोचना की और हादी की मौत के बाद भड़की हिंसा के लिए उसे जिम्मेदार ठहराया.

7:54 AM (एक महीने पहले)

Bangladesh Violence: उस्मान हादी की हत्या मामले में एक और शख्स गिरफ्तार

Posted by :- Nitin

ढाका पुलिस ने इंकलाब मंच के प्रवक्ता और ढाका-8 संभावित उम्मीदवार शरीफ उस्मान हादी की हत्या मामले में जुबो लीग के कार्यकर्ता हिमोन रहमान सिकदर को गिरफ्तार किया है. बताया जा रहा है कि सिकदर आलमगीर का सहयोगी है जो मोटरसाइकिल सवार कथित तौर पर हादी की हत्या में शामिल था.

7:46 AM (एक महीने पहले)

ढाका के लिए रवाना हुए तारिक रहमान

Posted by :- Nitin

Bangladesh Protest Live: बांग्लादेश राष्ट्रवादी पार्टी (बीएनपी) के कार्यवाहक अध्यक्ष तारिक रहमान 17 साल के निर्वासन के बाद लंदन से ढाका के लिए रवाना हो गए हैं. पार्टी सूत्रों ने बुधवार को ये जानकारी दी. बीएनपी द्वारा गंभीर सुरक्षा खतरों के रूप में वर्णित स्थिति के बीच रहमान को हीथ्रो हवाई अड्डे पर बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस की उड़ान में सवार होने की तैयारी करते हुए देखा गया है.

पार्टी के मीडिया सेल के अनुसार, रहमान 24 दिसंबर को बांग्लादेशी समयानुसार रात 8:05 बजे अपने परिवार के साथ लंदन स्थित आवास से निकले और रात 10:18 बजे हवाई अड्डे पर पहुंचे. बांग्लादेश में उनकी वापसी राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है.

7:42 AM (एक महीने पहले)

बांग्लादेश: गृह मंत्रालय के मुख्य सलाहकार के विशेष सहायक ने अपने पद से दिया इस्तीफा

Posted by :- Nitin

बांग्लादेश में हिंसा के बीच गृह मंत्रालय के प्रभारी मुख्य सलाहकार के विशेष सहायक खुदाबख्श चौधरी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया. बुधवार को राष्ट्रपति ने उनका इस्तीफा भी स्वीकार कर लिया है. खुदाबख्श को पिछले साल 11 नवंबर को मुख्य सलाहकार के विशेष सहायक के रूप में नियुक्त किया गया था. वह बांग्लादेश पुलिस के पूर्व महानिरीक्षक हैं और उन्हें अंतरराष्ट्रीय शांति अभियानों का व्यापक अनुभव है. उन्होंने मई 1996 में पूर्वी स्लावोनिया में संयुक्त राष्ट्र संक्रमणकालीन प्रशासन (UNTAES) में कार्यभार संभाला, जहां उन्होंने पहले उप-क्षेत्र प्रमुख और बाद में मिशन के दो क्षेत्रों में से एक में क्षेत्र प्रमुख के रूप में कार्य किया.

बता दें कि 12 दिसंबर को इंकलाब मंच के नेता शरीफ उस्मान हादी पर हुए हमले और मौत के बाद गृह मामलों के सलाहकार लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) मोहम्मद जहांगीर आलम चौधरी और विशेष सहायक खुदाबख्श चौधरी के इस्तीफे की मांग तेज हो गई थी. इसी पृष्ठभूमि में खुदाबख्श चौधरी ने इस्तीफा दे दिया है.

(इनपुट- शिवानी)