IPL-12: आज पंजाब और कोलकाता में 'करो या मरो' का मुकाबला

यह मुकाबला रात 8.00 बजे से खेला जाएगा. दोनों टीमें अंक तालिका में सबसे नीचे हैं और प्लेआफ की उम्मीदें बरकरार रखने के लिए उन्हें हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी.

Advertisement
फोटो- iplt20.com फोटो- iplt20.com

aajtak.in

  • मोहाली,
  • 03 मई 2019,
  • अपडेटेड 6:20 PM IST

टूर्नामेंट से बाहर होने की कगार पर खड़ी दो बार की चैम्पियन कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और किंग्स इलेवन पंजाब (KXIP) इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के ‘करो या मरो’ के मुकाबले में शुक्रवार को एक-दूसरे के सामने होंगी. यह मुकाबला रात 8.00 बजे से खेला जाएगा. दोनों टीमें अंक तालिका में सबसे नीचे हैं और प्लेऑफ की उम्मीदें बरकरार रखने के लिए उन्हें हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी.

Advertisement

दोनों के 12 मैचों में 10 अंक हैं, लेकिन कोलकाता 8 टीमों में छठे स्थान पर है और नेट रनरेट के आधार पर पंजाब 7वें स्थान पर है. पहले हाफ में दोनों टीमों का प्रदर्शन अच्छा रहा, लेकिन दूसरे हाफ में दोनों ने लय खो दी. पहले 5  में से चार मैच जीतने और एक हारने वाली केकेआर को लगातार 6 पराजय झेलनी पड़ी.

पिछले मैच में उसने मुंबई इंडियंस (MI) को हराया, लेकिन प्लेऑफ में क्वालिफाई करने की उम्मीदें बरकरार रखने के लिए उसे आखिरी दो मैच भी जीतने होंगे. मुंबई के खिलाफ केकेआर के शीर्षक्रम के बल्लेबाजों शुभमन गिल (76), क्रिस लिन (54) और आंद्रे रसेल (नाबाद 80) ने एक इकाई के रूप में अच्छा प्रदर्शन कर दो विकेट पर 232 रन बनाए. केकेआर ने वह मैच 34 रनों से जीता.

Advertisement

इस सत्र में रसेल शानदार फॉर्म में रहे हैं और 12 मैचों में 207.69 के स्ट्राइक रेट से 486 रन बना चुके हैं. केकेआर को उनसे एक बार फिर इस तरह की पारी की अपेक्षा होगी. बल्लेबाजी जहां उसकी ताकत है, वहीं गेंदबाजों ने निराश किया. सुनील नरेन और पीयूष चावला मुंबई के खिलाफ महंगे साबित हुए, रसेल ने गेंदबाजी में भी 25 रन देकर दो विकेट चटकाए.

दूसरी ओर पंजाब ने लगातार तीन मैच गंवाए हैं और उनकी स्थिति और भी खराब है. केएल राहुल ने 12 मैचों में 520 रन बनाए हैं और सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में डेविड वॉर्नर के बाद वह दूसरे स्थान हैं. क्रिस गेल ने भी 448 रन बनाए हैं, लेकिन वह लगातार अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रहे. मयंक अग्रवाल, निकोलस पूरन और डेविड मिलर को मध्यक्रम में अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी. गेंदबाजी में कप्तान आर. अश्विन और मोहम्मद शमी का प्रदर्शन अच्छा रहा है.

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement