लोकसभा में जारी गतिरोध के बीच अब मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. कांग्रेस स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस लोकसभा के महासचिव को सौंप दिया है. इससे पहले, लोकसभा में गतिरोध खत्म करने की कोशिश में संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सभी दलों के फ्लोर लीडर्स के साथ बैठक भी की.
फ्लोर लीडर्स की बैठक में विपक्षी दलों के आठ सांसदों का निलंबन खत्म करने की शर्त पर गतिरोध खत्म करने के लिए तैयार हो गया. इसके बाद दो बजे से लोकसभा में चर्चा की शुरुआत हो सकी. गौरतलब है कि मंगलवार को सदन की कार्यवाही शुरू होते ही जोरदार हंगामे के कारण पहले 12 और फिर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई थी.
झारखंड के राजमहल से झारखंड मुक्ति मोर्चा के सांसद विजय कुमार हंसदाक ने यूएस डील पर सवाल खड़े किए और 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालने के दावे को असत्य बताया. उन्होंने कहा कि अभी भी जब 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन देना पड़ रहा है, तो गरीबी कम कहां हुई है. गरीबी और बढ़ी है. डेटा आज छिपाया जा रा है. पहले डेटा आता था कि किस मंत्रालय ने क्या-क्या काम किए. असम के मुख्यमंत्री का आज जिस तरह के विवादास्पद बयान आते हैं, वहां जिस तरह से ट्राइब के ऊपर अत्याचार हो रहा है, वह बिल्कुल गलत है. निशिकांत दुबे ने नियम 353 के तहत एक्सपंज किया जाना चाहिए. उन्होंने आगे कहा कि हमारे चौकीदार की तरफ से हमने सुना था कि हमारा क्या है, हम तो झोला उठाकर चले जाएंगे. उनकी फकीरी के चक्कर में पूरा देश फकीर होने की कगार पर पहुंच गया है.
गोवा से कांग्रेस के सांसद कैप्टन विरियातो फर्नांडिस ने वित्त मंत्री के स्पीच की तुलना सैंटा क्लॉज के बच्चों को गिफ्ट बांटने से करते हुए कहा कि हम इंतजार करते रहे, लेकिन निराशा हाथ लगी. उन्होंने कहा कि मुझे निराशा इसलिए नहीं हुई कि आपने गोवा का नाम नहीं लिया, बजट में कुछ नहीं दिया. आपने पिछले 11 साल में गोवा से जंगल, कृषि भूमि छीन ली. हमारे 18 विधायक ले लिए, वह भी बिना जीएसटी के. गोवा में प्राइमरी हेल्थ सेंटर्स की जरूरत है. गोवा को स्पेशल स्टेटस मिलना चाहिए.
टीएमसी सांसद सौगत रॉय ने कहा कि वित्त मंत्री पश्चिम बंगाल को लेकर निष्ठुर हैं. पिछले बजट में मैंने कहा था कि बिहार और आंध्र प्रदेश के लिए परियोजनाओं की बात थी, इस बार केवल एक फ्रेट कॉरिडोर की बात है बंगाल के लिए. वह भी दानकुनी से गुजरात. मैं इसका विरोध करता हूं. वित्त मंत्री ने पश्चिम बंगाल के लिए बजट में किसी प्रोजेक्ट की घोषणा नहीं की है, प्रधानमंत्री ने उन्हें रोका होगा कि मैं करूंगा. उन्होंने अमेरिका के साथ ट्रेड डील पर भी सरकार को घेरा और कहा कि यह भी निष्ठुर कदम है. अमेरिका हमें फ्री एक्सपोर्ट करेगा, लेकिन इम्पोर्ट पर 18 फीसदी टैक्स लेगा. यह शर्मनाक है. हम गांधी के देश हैं, इस तरह सिर नहीं झुका सकते. सौगत रॉय ने फूड फर्टिलाइजर और फूड प्रोडक्ट पर सब्सिडी में कटौती का भी मुद्दा उठाया.
जम्मू कश्मीर के अनंतनाग राजौरी से नेशनल कॉन्फ्रेंस के सांसद मियां अल्ताफ अहमद ने वित्त मंत्री की तारीफ की और कहा कि बच्चे अगर नशे की तरफ जा रहे हैं तो उसकी बेसिक वजह बेरोजगारी है. बड़े-बड़े कॉलेज खुल रहे हैं, लेकिन वहां से जो डिग्री लेकर निकल रह हैं, उनके लिए कोई रोडमैप नहीं है. ऐसे में इन यूनिवर्सिटी-कॉलेज को खोलने का क्या फायदा. मनरेगा अच्छी स्कीम थी, बदकिस्मती से उसे डाइवर्ट किया गया. धीरे-धीरे वह बंद हो जाएगी. गांवों में जो रोजगार का जरिया था, उसमें भी लोगों को नुकसान होगा.
बिहार के औरंगाबाद से आरजेडी के सांसद अभय कुमार सिन्हा ने कहा कि केंद्र सरकार बिहार के लिए एथेनॉल नीति लाई थी. बोले थे कि उद्योग लगेंगे और रोजगार बढ़ेगा. कई यूनिट्स ने उत्पादन रोक दिया है और 25 हजार लोग बेरोजगार हो गए हैं. 2014 में जब सत्ता में आए थे, ये वादा किया था कि महंगाई और बेरोजगारी खतम करेंगे. 2014 में 386 रुपये सिलेंडर था, तब एक इनके ही खेमे की एक मंत्री हुआ करती थीं, सिलेंडर सिर पर रखकर डांस किया करती थीं. एक हजार पार हो गया, तब भी उनके कान पर जू नहीं रेंगा. पिछले बजट में 80 करोड़ बीपीएल परिवार को पांच किलो अनाज फ्री में देते हैं, इस बार भी अगर उतने लोग फ्री राशन लेते हैं, तो कहां गरीबी उन्मुलन हुआ. ये कह रहे हैं कि 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से उठाकर लाए हैं. कहां लाए हैं भाई.
लोकसभा की कार्यवाही का समय बढ़ा दिया गया है. सदन में अब आज रात आठ बजे तक बजट पर चर्चा होगी. आसन पर डिप्टी स्पीकर पैनल के एनके प्रेमचंद्रन हैं.
राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित हो गई है. बजट पर चर्चा के बाद उच्च सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई है. वहीं, लोकसभा में बजट पर चर्चा जारी है.
कांग्रेस की अगुवाई में विपक्षी दलों ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस दिया है. विपक्षी दलों ने ओम बिरला पर पक्षपात के आरोप लगाए हैं. ओम बिरला अविश्वास प्रस्ताव पर फैसले तक सदन में नहीं जाएंगे.
यह भी पढ़ें: स्पीकर ओम बिरला का बड़ा फैसला, अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा होने तक लोकसभा नहीं जाएंगे
राजस्थान के चुरू से कांग्रेस के सांसद राहुल कसवां ने कहा कि घोषणाएं आगे दौड़ती हैं, योजनाएं पीछे रह जाती हैं और जवाबदेही सधे हुए शब्दों में गायब हो जाती है. उन्होंने कैपिटल एक्सपेंडिचर से लेकर योजनाओं के लिए आवंटन और खर्च के आंकड़े गिना सरकार को कठघरे में खड़ा किया. राहुल कसवां ने दावा किया कि केंद्र सरकार योजनाओं पर अपना पूरा-पूरा बजट भी खर्च नहीं कर पा रही है. सरकार ने अभी अच्छी घोषणा की है कंटेंट क्रिएटर्स लैब की, लेकिन ट्रेनर्स कहां से आएंगे.
मुंबई दक्षिण मध्य से शिवसेना यूबीटी के सांसद अनिल यशवंत देसाई ने बजट को ठेकेदारों के पक्ष में बताते हुए कहा कि महाराष्ट्र के संदर्भ में हमारी चिंता भ्रष्टाचार को लेकर है. उन्होंने मुंबई अर्बन ट्रांसपोर्ट से लेकर पुणे मेट्रो प्रोजेक्ट तक, तमाम परियोजनाएं गिनाईं और कहा कि ये महाराष्ट्र के हित की योजनाएं हैं लेकिन इनमें ठेकेदारों को फायदा पहुंचाया जा रहा है. विकसित भारत के लिए बैंकिंग सेक्टर को लेकर उच्चस्तरीय कमेटी के गठन की बात है. आज आईडीबीआई जैसे बैंकों के कर्मचारी चिंतित हैं कि क्यों प्राइवेटाइजेशन किया जा रहा है. प्राइवेट बैंक जनहित नहीं, प्रॉफिट की चिंता करते हैं.
टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने अपराजिता बिल का मुद्दा उठाया और कहा कि राज्य सरकार ने महिलाओं के साथ रेप जैसे घृणित अपराध के मामलों में सख्त कार्यवाही के लिए कानून बनाकर राज्यपाल के जरिये मंजूरी के लिए केंद्र को भिजवा दिया. इस पर सरकार अब तक कोई फैसला नहीं ले सकी है. उन्होंने गरीबों की स्थिति से स्मार्ट सिटी मिशन तक, सरकार को कठघरे में खड़ा किया और उच्च शिक्षा के लिए बजट आवंटन पर भी सवाल खड़े किए. पीएम केयर्स को लेकर जानकारी मांगिए, तो पीएमओ कहता है कि ये प्राइवेट फंड है, इसकी जानकारी नहीं दी जा सकती. डॉक्टर आंबेडकर से लेकर महात्मा गांधी और स्वामी विवेकानंद को कोट किया और कहा कि आजकल भारत में टैक्स कमाई के पीछे नहीं, नहीं जिंदगी के पीछे चलता है. अभिषेक बनर्जी ने पेंशन से हेल्थकेयर तक टैक्स के आंकड़े गिनाए और कहा कि मौत के बाद शोक सभा में अगरबत्ती जलाने के लिए भी परिवार को टैक्स देना पड़ता है. जन्म से अंतिम संस्कार तक, हर कदम पर टैक्स रिफॉर्म नहीं है. 2016, 2021 और 2024 पश्चिम बंगाल में बीजेपी को तीन शिकस्त मिली. इस सरकार ने पांच साल से हमारे सारे फंड फ्रीज करके रखे हैं. हमने स्वनिर्भर बंगाल की तरह काम करके दिखाया है. मेमेरी इरेज नहीं की जा सकती. जब बैलट सन्नाटा तोड़ेगा, हम विजेता बनकर निकलेंगे.
अखिलेश ने कहा कि गरीब की थाली खाली है. इस बजट ने पेवन साटने की जगह और चीथड़े कर दिए. मंडियों में कोई खरीद नहीं हो रही है. शाहजहांपुर में हमने मेडिकल कॉलेज बनवाया था. ये प्रचार में बहुत आगे हैं. हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज की ये बात करते हैं, लेकिन अस्पतालों में उपचार नहीं है. दवाई नहीं है. दिल्ली में एम्स के लिए पांच हजार करोड़ रुपये और आयुष्मान में पूरे देश के लिए 4000 करोड़ रुपये. स्वास्थ्य को लेकर गरीब हमेशा परेशान रहता है. उत्तर प्रदेश से आता हूं, जहां प्रधान संसदीय क्षेत्र है. राजमाता अहिल्याबाई होल्कर की मूर्ति थी वहां, उसे बुलडोजर से तोड़वा दिया. मणिकर्णिका घाट सदियों से हमारी सांस्कृतिक पहचान से जुड़ी रही, वहां बुलडोजर से केवल एक नहीं, गिनती करेंगे तो लगभग सौ मंदिरों को तोड़ने का काम इसी सरकार में हुआ है. जो घंटा बजता था, नेपाल नरेश ने गिफ्ट किया था, वह घंटा भी लापता है. गंगा को लेकर हमारे कानों में अभी भी वो बातें गूंजती हैं कि मां गंगा ने मुझे बुलाया है. 11 साल से मां गंगा बह रही हैं. वह आज किस हालत में हैं. कोई कह रहा था कि गंगा बहेंगी तो अब दूर तक जाएंगी. वो ये नहीं जानते कि कभी कभी उल्टी गंगा भी बहती है. उल्टी गंगा बहेंगी तो यूपी तक आते आते साफ हो जाएंगे. इसी राजधानी में यमुना के किनारे रिवर फ्रंट बनाने की बात कही गई. यमुना की सफाई का कोई इंतजाम सरकार ने नहीं किया. देश का सबसे अच्छा रिवर फ्रंट लखनऊ में गोमती किनारे बना है. 26 जनवरी को इसी वर्ष एक अखबार में देखा कि रिवर वाटर में हाई यूरेनियम को लेकर एक्सपर्ट्स चेतावनी दे रहे हैं. आर्सेनिक लेवल का सोच ही नहीं सकते. जो संपन्न हैं, वो पानी साफ करने की मशीन खरीद सकते हैं. हमारा गरीब क्या करेगा. जिसका पानी खराब हो, सरकार को मालूम है नहीं मालूम है, प्राइवेट कंपनियां जिन्हें पानी बेचना है, वो बता रही है कि क्या क्या है. अगर गलत है, तो सरकार को एक्शन लेना चाहिए गलत प्रचार के लिए. सरकार को कोई नमस्कार न करे, उसको नहीं डरा सकते. नमस्कार नहीं कर सकते, तो आदाब तो कर ही देते वहां जाकर. जो लोग पिछड़े, पीडीए की बात निकली है, किस तरह विश्वविद्यालयों में नियुक्तियां हो रही हैं, उसी पर कुछ कहना चाहता हूं. जिस तरह से आरक्षण पर खिलवाड़ हो रहा है, उसकी कोई कल्पना नहीं कर सकता था. विकसित भारत तभी विकसित माना जाएगा, जब सभी को बराबरी का हक मिलेगा. अभी सुप्रीम कोर्ट ने 16 जनवरी को माइग्रेशन को लेकर हाईकोर्ट का फैसगला पलट दिया और कहा कि ज्यादा नंबर पाने पर आरक्षित वर्ग का अभ्यर्थी अनारक्षित वर्ग में चयनित किया जाएगा. इस बजट से न आर्थिक गैर बराबरी दूर हो रही है, ना सामाजिक गैरबराबरी दूर हो रही है.
वित्त मंत्री को सदन के सामने स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए. मनरेगा को लेकर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए. राम जी को हमारे यहां बैठाना चाहिए, ये पीछे बैठाए हुए हैं. इस पर सत्ता पक्ष से किसी ने रामभक्तों पर गोली चलवाने की घटना का जिक्र किया. अखिलेश यादव ने कहा कि जिन्होंने गोली चलवाई, वो राम मंदिर बनवा रहे हैं. जाकर पता करो. अखिलेश ने किसानों की आय दोगुनी करने के वादे से लेकर काउ मिल्क प्लांट और गो सेवा तक, सरकार पर जमकर वार किए. उन्होंनेै कहा कि आय कितनी दोगुनी हुई है, सरकार बताए. क्या कारण है कि एफडीआई में लगातार कमी आ रही है. रुपये के मूल्य में डॉलर के मुकाबले क्यों लगातार गिरावट आ रही है. इस डील और ढील के बाद हमारा रुपया कहां होगा, सरकार ये जरूर बताए.
सरकार उद्योगपतियों के साथ खड़ी है. जो लेबर कोड लाए गए हैं, वह लेबर नहीं उद्योगपतियों के पक्ष में हैं. एयर पॉल्यूशन को लेकर पहले ही कह चुका हूं. शहरी विकास क्योटो को देखा है. स्वास्थ्य और शिक्षा का बजट केवल 10 और 14.2 परसेंट ही बढ़ाया गया है, पिछले साल का पूरा बजट खर्च ही नहीं हो पराया है. सरकार बताए. प्रधानमंत्री ने जो गांव गोद लिया था, उसे अनाथ छोड़ दिया है, हर साल रियल वेजेज दो परसेंट कम हो रही हैं. सरकार बताएगी कि इसके पीछे कारण क्या हैं. मेक इन इंडिया और पीएलआई योजना सफल नहीं हुई और बेरोजगारी बढ़ रही है. ये बजट दिशाहीन है, 2047 तक विकसित भारत नहीं बनेगा, लेकिन गरीबो से अन्याय होगा. एआई और बजट, बीजेपी सबसे ज्यादा खर्च करती है दूसरों को बदनाम करने में.
अखिलेश यादव ने बजट लको दिशाहीन बताते हुए कहा कि इसमें गरीब, पिछड़े, दलित के लिए कुछ नहीं है. हम इतने बजट ला रहे हैं, हमारी पर कैपिटा इनकम नहीं बढ पा रही. सरकार को कम से कम फ्री राशन पाने वालों की पर कैपिटा इनकम तो बताना ही चाहिए. यूपी जैसे प्रदेश की डबल इंजन की सरकार को बहुत कुछ कहा जाता है. यूपी के लिए कोई खास योजना ऐसी नहीं आई है, जिससे यूपी के 25 करोड़ लोगों को मुख्य धारा से जोड़ा जाए. यूपी से प्रधानमंत्री आते हैं, भारत सरकार के बजट से कोई भी एक्सप्रेसवे नहीं बना है. जो बने भी हैं, उस क्वालिटी के नहीं हैं, जैसे विकसित भारत की क्वालिटी होनी चाहिए. भ्रष्टाचार पर सवाल उठाने वालों को देखना चाहिए. अटल बिहारी वाजपेयी के नाम से कोई एक्सप्रेसवे बन रहा था. बनने के साथ-साथ उसका नाम भी बदल दिया. पहले चंबल फिर अटल जी के नाम पर... लग रहा वह बस कागजों पर बन रहा था. किसानों की आय दोगुनी करने की बात थी. इस डील के बाद हमारे किसानों का हाल क्या होगा. जब सब कुछ विदेश से ही आएगा, किसान क्या उगाएगा और क्या बेच पाएगा. सरकार ने एग्री इंफ्रा, मंडिया तैयार करने की बात कही थी. किसानों को आज भी एमएसपी की कानूनी गारंटी सरकार नहीं दे पाई. सरकार हर्टिकल्चर क्रॉप्स और दुग्ध उत्पादन के आंकड़े गिनाती है. एमएसपी की गारंटी कब देंगे. अगर किसान को लाभ नहीं मिलेगा, अपवना घर कैसे चलाएगा, बच्चों को कैसे पढ़ाएगा, बेटियों को विदा कैसे करेगा. आज सोने के भाव कहां पहुंच गए. पहले गरीब सोचता था कि बिटिया की विदाई में सोने का कुछ दे देंगे. यही सरकार चलती रही तो चांदी दूर, लोहे पर पीतल का पानी चढ़ाकर भी वह बेटी की विदाई नहीं कर पाएगा.
लोकसभा में अखिलेश यादव बजट पर बोल रहे हैं. उन्होंने कहा कि शशि थरूर अभी बोल रहे थे. काफी आंकड़े गिनाए, उसी से मिलते-जुलते आंकड़े मेरे पास भी हैं. उन्होंने कहा कि बजट आने से पहले और बजट आने के बाद पूरे देश में अमेरिका से डील को लेकर बात चल रही थी. बीजेपी ने दावे किए कि हमने दुनिया में कई देशों से फ्री ट्रेड डील कर ली है. उनसे जानना चाहूंगा कि कितने देश बचे हैं, जिनसे फ्री ट्रेड डील नहीं कर पाए हैं. कुछ लोग रुपये को लेकर उम्र पर सवाल उठाते थे, इस डील के बाद रुपया कहां जाएगा. यही डील करनी थी, तो पहले ही क्यों नहीं कर ली गई. ये डील नहीं, ढील हुई है. देश जानना चाहता है कि 18 बड़ा है या जीरो. बजट पहले बना या पहले डील हुई.
राज्यसभा में बजट पर चर्चा के दौरान राजस्थान से कांग्रेस के सांसद नीरज डांगी ने सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि यह बजट कॉर्पोरेट केंद्रित भी है. इस बजट में सरकार ने जीवन रक्षक दवाओं पर टैक्स घटाने की बात कही है, लेकिन बेतहाशा एमआरपी निर्धारण पर लगाम लगाने के लिए किसी कदम की चर्चा इसमें नहीं है. राज्यों के बजट में भी कटौती की गई हैं. आम आदमी, जनता, गरीबों को पूरी तरह नजरअंदाज करने का काम किया गया है. ये बजट किसी भी प्रकार से किसान, युवा के हित में नहीं है.
शिक्षित युवाओं की बेरोजगारी दर उच्च स्तर पर बनी हुई है. देश का विकास स्लोगन और हेडलाइंस से नहीं होता. स्मार्ट सिटी की घोषणा के बाद डेडलाइंस लगातार बढ़ती रहीं, लेकिन जमीन पर कुछ भी नहीं बदला है. यूएस ट्रेड डील पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि हमारा ट्रेड सरप्लस 45 बिलियन डॉलर है और हमने यह डील कर ली कि अगले पांच साल में 500 बिलियन डॉलर के अमेरिकी सामान खरीदेंगे. यह ट्रेड डेफिसिट लॉन्ग टर्म में बहुत नुकसानदायक होगा. गारंटीड परचेज कमिटमेंट भारत के हित में नहीं है. वाणिज्य और विदेश मंत्री को टाइमलाइन और अन्य सवालों के जवाब देने चाहिए. हमको मालूम है जन्नत की हकीकत लेकिन, दिल बहलाने के लिए गालिब ये खयाल अच्छा है. विकसित भारत स्लोगन से नहीं, अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं की डिलीवरी से बनेगा. ये हमारा कर्तव्य है.
विपक्ष की ओर से लोकसभा स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के नोटिस पर 119 सांसदों के हस्ताक्षर हैं. लेकिन लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के हस्ताक्षर नहीं हैं. कांग्रेस ने इसकी वजह भी बताई है.
यह भी पढ़ें: स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव, 119 विपक्षी सांसदों के साइन लेकिन राहुल का नाम नहीं
लोकसभा में बजट पर चर्चा की शुरुआत करते हुए कांग्रेस सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री शशि थरूर ने मनरेगा से लेकर कृषि तक, बजट आवंटन को लेकर सरकार को कठघरे में खड़ा किया. उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुनी कर नहीं सके, कम से कम किसान सम्मान निधि ही दोगुनी कर दीजिए. यह पिछले छह साल से छह हजार पर ही अटका पड़ा है. शशि थरूर ने बजट में उड़ान योजना का जिक्र नहीं होने पर भी सवाल उठाए.
लोकसभा की कार्यवाही पटरी पर लौट आई है. लोकसभा में दो बजे जब कार्यवाही शुरू हुई, बजट पर चर्चा शुरू हो गई है. लोकसभा में कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने बजट पर चर्चा की शुरुआत की है. आसन पर कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी आए हैं.
यह भी पढ़ें: स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष ने दिया अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस, 119 सांसदों के हस्ताक्षर
कांग्रेस ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ आक्रामक रुख अख्तियार कर लिया है. कांग्रेस अब स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लेकर आई है. मुख्य विपक्षी पार्टी ने इससे संबंधित नोटिस लोकसभा सचिवालय को सौंप दिया है. लोकसभा के महासचिव को सौंपे गए नोटिस के बाद ओम बिरला ने खुद को सदन की कार्यवाही के संचालन से अलग कर लिया है और मंगलवार को वह सदन की कार्यवाही का संचालन करने आसन पर नहीं आए.
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने लोकसभा में गतिरोध खत्म करने के लिए सभी दलों के फ्लोर लीडर्स के साथ बैठक की. सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक विपक्ष इस बात पर गतिरोध खत्म करने के लिए तैयार हो गया है. हालांकि, इसे लेकर अभी कोई आधिकारिक वर्जन नहीं आया है.
कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक एआई वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी की संसद में गैरहाजिरी की आलोचना की गई. इसके जवाब में केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने संसद के भीतर का वीडियो पोस्ट कर कांग्रेस के आरोपों को खारिज किया है.
राज्यसभा में भोजनावकाश हो गया है. सदन की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है. सदन में शून्यकाल और प्रश्नकाल की कार्यवाही चली. इसके बाद सभापति सीपी राधाकृष्णन ने कार्यवाही दो बजे तक के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी.
लोकसभा में विपक्ष के सांसद वेल में आकर जोरदार हंगामा कर रहे हैं. जोरदार हंगामे के बीच संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि पहले भी आग्रह कर चुका हूं, बजट पर चर्चा शुरू होने दें. चेयर की ओर से इसके लिए कांग्रेस के शशि थरूर का नाम भी पुकारा जा चुका है. सपा, टीएमसी और बाकी दलों के नेताओं को भी बोलना है, लेकिन कांग्रेस ही अपना काम शुरू नहीं कर रही है. सदन का काफी समय पहले ही बर्बाद हो चुका है, अब और नहीं होना चाहिए.
लोकसभा में बजट सत्र में विपक्ष के हंगामे पर बीजेपी की महिला सांसदों ने स्पीकर ओम बिरला को पत्र लिखा है. बीजेपी सांसदों ने विपक्ष पर सदन की मर्यादाओं का उल्लंघन करने का आरोप लगाया और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
यह भी पढ़ें: ‘लोकतंत्र का सबसे काला पल’, लोकसभा हंगामे पर BJP की महिला सांसदों ने विपक्ष को घेरा
राज्यसभा में शून्यकाल के बाद अब प्रश्नकाल की कार्यवाही शुरू हो गई है. सदस्य लोकहित से जुड़े विषयों पर प्रश्न पूछ रहे हैं, जिनका सरकार की ओर से संबंधित विभाग के मंत्री जवाब दे रहे हैं.
लोकसभा की कार्यवाही फिर से शुरू हो गई है. आसन पर पीसी मोहन आए हैं. विपक्षी सदस्य वेल में आकर हंगामा कर रहे हैं. हंगामे के बीच ही सदन में लिस्टेड बिजनेस लिए जा रहे हैं.
इंडिया ब्लॉक में शामिल दलों के फ्लोर लीडर्स की बैठक हुई. इस बैठक में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे भी मौजूद थे. इंडिया ब्लॉक के नेताओं ने इस बैठक में संसद के चालू सत्र को लेकर रणनीति पर मंथन किया.
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने जनरल नरवणे की किताब को लेकर एक बार फिर केंद्र सरकार पर हमला बोला है. उन्होंने आजतक से बातचीत में कहा कि या तो नरवणे साहब पर यकीन करें या पेंगुइन पर विश्वास करें. जाहिर तौर पर मैं तो जनरल नरवणे पर ही विश्वास करूंगा.
यह भी पढ़ें: 'पूर्व सेना प्रमुख झूठ नहीं बोल रहे', नरवणे की किताब को लेकर सरकार पर राहुल का हमला
लोकसभा में कार्यवाही की शुरुआत हुई, तब आसन पर डिप्टी स्पीकर पैनल के पीसी मोहन आए. कार्यवाही की शुरुआत कराने सदन में आज ओम बिरला नहीं आए. ऐसा चालू सत्र में पहली बार हुआ है,, जब स्पीकर ने कार्यवाही शुरू कराने के लिए आसन पर आने से परहेज किया. चालू सत्र के दौरान गतिरोध के बावजूद हर रोज कार्यवाही शुरू कराने स्पीकर ओम बिरला खुद आसन पर आते रहे हैं. चालू सत्र के दौरान ऐसा पहली बार हुआ है, जब स्पीकर आसन पर नहीं आए और डिप्टी स्पीकर पैनल के किसी सदस्य ने दिन की कार्यवाही शुरू कराई.
लोकसभा की कार्यवाही शुरू होने के बाद दो मिनट भी नहीं चल सकी. सदन की कार्यवाही जैसे ही शुरू हुई, विपक्षी सदस्य हंगामा करते हुए वेगल में आ गए. वेल में आकर हंगामा कर रहे सदस्यों से पीठासीन ने अपनी चेयर पर जाने की अपील की. पीठासीन की ओर से बार-बार अपील किए जाने के बाद बावजूद भी जब विपक्षी सदस्य अपनी चेयर पर नहीं लौटे, तब उन्होंने सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी. लोकसभा दो मिनट भी नहीं चल सकी और कार्यवाही स्थगित हो गई.