आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taza Khabar), 13 फरवरी, 2026 की खबरें और समाचार: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीएनपी अध्यक्ष तारिक रहमान को बांग्लादेश चुनाव में जीत की बधाई दी. वहीं, भारत ने रूस से 288 एस 400 सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइलों की खरीद को मंजूरी दी. इन खबरों के अलावा, सेंसेक्स 1048 अंक और निफ्टी 336 अंक गिरकर लाल निशान पर बंद हुए. पढ़ें शुक्रवार शाम की बड़ी खबरें.
पीएम मोदी ने तारिक रहमान से की बात, BNP की बंपर जीत के बाद भारत ने इस बात का दिया भरोसा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीएनपी अध्यक्ष तारिक रहमान को बांग्लादेश चुनाव में जीत की बधाई दी. पीएम मोदी ने उनकी इस जीत को जनता की आकांक्षाओं और लोकतांत्रिक विश्वास का प्रतीक बताया. एक्स पर PM मोदी ने लिखा कि वे बांग्लादेश की जनता की उम्मीदों को पूरा करने के उनके प्रयासों के लिए शुभकामनाएं देते हैं.
S-400 के लिए 288 और मिसाइलें आएंगी भारत, ऑपरेशन सिंदूर में PAK के छुड़ाए थे छक्के
डिफेंस एक्विज़िशन काउंसिल ने रूस से 288 S-400 सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइलों की खरीद को मंज़ूरी दी है. इसकी अनुमानित लागत ₹10,000 करोड़ है. ये मिसाइलें मई 2025 के ऑपरेशन सिंदूर में इस्तेमाल हुई थीं, जहां भारत ने पाकिस्तान के लड़ाकू विमानों, AWACS और ड्रोन को मार गिराया था. यह फैसला वायुसेना की हवाई रक्षा को और मज़बूत करेगा.
Stock Market Crash: झटके में 7 लाख करोड़ स्वाहा... शेयर बाजार में मचा कोहराम, 1000 अंक टूटा सेंसेक्स!
शुक्रवार को शेयर बाज़ार में भारी कोहराम मचा और निवेशकों के पोर्टफोलियो लाल निशान पर बंद हुए. आईटी सेक्टर से लेकर रियल एस्टेट तक तेज़ बिकवाली दिखी. इस गिरावट में टीसीएस, इंफोसिस और रिलायंस जैसे शेयरों का बड़ा योगदान रहा. सेंसेक्स 1048 अंक टूटकर 82,626 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 50, 336 अंक फिसलकर 25,471 पर क्लोज हुआ.
IPL 2026: राजस्थान रॉयल्स ने किया नए कप्तान का ऐलान, जडेजा-यशस्वी नहीं... इस धुरंधर को मिली जिम्मेदारी
इंडियन प्रीमियर लीग 2026 से पहले राजस्थान रॉयल्स ने रियान पराग को नया कप्तान बनाया. लंबे समय से कप्तान रहे संजू सैमसन को ट्रेड कर चेन्नई की टीम भेजा गया. इस डील के जरिए रविंद्र जडेजा और सैम करन राजस्थान टीम में शामिल हुए. राजस्थान रॉयल्स का कप्तान बनने के लिए यशस्वी जायसवाल भी दावेदार थे, पर 24 वर्षीय पराग पर भरोसा जताया गया.
चीन बॉर्डर के पास नदी के नीचे भारत बना रहा दो सुरंग... रणनीतिक रूप से अहम
भारत सरकार ब्रह्मपुत्र नदी के नीचे वर्ल्डक्लास अंडरवाटर रोड और रेल सुरंग बनाने की तैयारी में है. यह सुरंग असम में गोहपुर को नुमलिगढ़ से जोड़ेगी, जिसकी अनुमानित लागत 18600 से 19000 करोड़ रुपये बताई गई है. यह भारत की पहली ऐसी सुरंग होगी, जिसमें सड़क और रेल दोनों होंगी. केंद्रीय कैबिनेट जल्द ही इस प्रोजेक्ट को मंजूरी देने वाली है.
भारतीय पासपोर्ट की रैंकिंग में बड़ा सुधार, 56 देशों में बिना वीजा एंट्री
हेनली पासपोर्ट इंडेक्स 2026 की ताज़ा रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय पासपोर्ट की ताकत बढ़ी है. भारत 10 पायदान की छलांग लगाकर 75वें स्थान पर पहुंच गया है. इस सुधार का मतलब है कि अब भारतीय नागरिकों के लिए कई देशों की यात्रा पहले की तुलना में ज़्यादा आसान हो गई है और वीज़ा संबंधी सुविधाएं बेहतर हुई हैं.
T20 वर्ल्ड कप में हुआ सबसे बड़ा उलटफेर, जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को रौंदा, दूसरी बार बना ये कीर्तिमान
आईसीसी मेन्स टी ट्वेंटी वर्ल्ड कप 2026 में बड़ा उलटफेर हुआ, जब जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को 23 रन से हरा दिया. तेज़ गेंदबाज़ ब्लेसिंग मुजरबानी और ब्रैड इवांस की घातक गेंदबाज़ी से पूर्व चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया ढेर हो गया. इस टूर्नामेंट के इतिहास में यह लगातार दूसरी बार है, जब जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम को हराया.
बदल गया PMO का पता... पीएम मोदी ने किया सेवातीर्थ का उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को सेवा तीर्थ का उद्घाटन किया. आज से PM मोदी नए PMO ‘सेवा तीर्थ’ में शिफ्ट होने जा रहे हैं. इस तरह शुक्रवार से देश का पॉवर सेंटर बदल जाएगा. दोपहर करीब 1:30 बजे पीएम मोदी ने ‘सेवा तीर्थ’ बिल्डिंग कॉम्पलेक्स के नाम का अनावरण किया. PM मोदी ने शुक्रवार को ‘सेवा तीर्थ’ भवन परिसर का उद्घाटन किया.
RIL को मिल गया US से लाइसेंस, अब वेनेजुएला का तेल बिना रोक सस्ते में खरीदेगी कंपनी
अमेरिका ने Reliance Industries को Venezuela से तेल खरीदने का लाइसेंस दे दिया है. अब कंपनी बिना अतिरिक्त अनुमति या सैंक्शन के वेनेजुएला में तेल खरीद सकेगी. रिलायंल को जनवरी में आवेदन के बाद यह मंज़ूरी मिली है. इससे पहले रिलायंस ने करीब 2 मिलियन बैरल कच्चा तेल Vitol और Trafigura कंपनियों के जरिए खरीदा था.
aajtak.in