बाहरी दिल्ली के अलीपुर में बस में चेकिंग का विरोध करने और वीडियो बनाने पर एक कॉन्स्टेबल की मुसाफिर से झड़प हो गई. इससे दोनों में हाथापाई शुरु हो गई. धक्का-मुक्की में मुसाफिर ने कॉन्स्टेबल को बस से धकेल दिया, जिससे बस की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
दिल्ली में पुलिस पर हमले रुकने का नाम नहीं ले रहे. ताजा मामला बाहरी दिल्ली के अलीपुर का है. एक जुलाई को दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर पर दिल्ली पुलिस के एक कॉन्स्टेबल की एक मुसाफिर से झड़प हो गई. हाथापाई के दौरान मुसाफिर ने जवान को धक्का दे दिया. इसके बाद बस के नीचे आने से उसकी मौत हो गई.
चश्मदीदों के मुताबिक, कॉन्स्टेबल लोकेश ड्यूटी खत्म होने के बाद पंजाब रोडवेज में सवार यात्रियों के बैग चैक कर रहा था. इसका राजेश नाम के शख्स ने विरोध किया तो बात हाथापाई तक जा पहुंची. धक्का मुक्की में राजेश ने कॉन्स्टेबल लोकेश को धक्का दे दिया. इससे वो चलती बस की चपेट में आ गया. उसको अस्पताल में भर्ती कराया गया.
अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. कॉन्स्टेबल लोकेश भेरा बांकीपुर गांव सोनीपत का रहने वाला था. वह उत्तरी दिल्ली में पीसीआर वैन में तैनात था. आरोपी की पहचान राजेश पांडे के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया है. इस मामले की जांच शुरु कर दी गई है.
मुकेश कुमार