आजतक के ऑपरेशन 'बेटी बाजार' पर एक्शन में राजस्थान सरकार, मंत्री ने दिया बड़ा बयान

आजतक के स्टिंग ऑपरेशन 'बेटी बाजार' पर मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि बेटियों को बेचना महा पाप है. हमारे यहां लड़कियों को पूजा जाता है. उन्होंने इस स्टिंग ऑपरेशन को अंजाम देने और मामले का खुलासा करने के लिए आजतक का शुक्रिया भी अदा किया.

Advertisement
प्रताप सिंह खाचरियावास (फाइल फोटो) प्रताप सिंह खाचरियावास (फाइल फोटो)

जयकिशन शर्मा / पंकज जैन / रवीश पाल सिंह

  • जयपुर,
  • 29 सितंबर 2023,
  • अपडेटेड 1:41 PM IST

राजस्थान और मध्य प्रदेश में किए गए आजतक के स्टिंग ऑपरेशन 'बेटी बाजार' के बाद राजस्थान सरकार एक्शन में आ गई है. बेटियों की सौदेबाजी के चौकाने वाले खुलासे के बाद राजस्थान के कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा है कि वह आजतक के स्टिंग ऑपरेशन की जानकारियां पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ शेयर करेंगे.

खाचरियावास ने कहा कि बेटियों को बेचना महा पाप है. हमारे यहां लड़कियों को पूजा जाता है. उन्होंने इस स्टिंग ऑपरेशन को अंजाम देने और मामले का खुलासा करने के लिए आजतक का शुक्रिया भी अदा किया. उन्होंने कहा कि अगर ऐसा है तो जरूर कार्रवाई की जाएगी. परिवारजनों के खिलाफ भी कार्रवाई करेंगे.

Advertisement

महापाप के खिलाफ एक्शन होगा

उन्होंने आगे कहा,'यह मामला पूरे देश के लिए चुनौती है. हर राज्य में बेटियों का सम्मान होना चाहिए. मैं खुद मुख्यमंत्री से बात करूंगा. क्योंकि होम डिपार्टमेंट उनके पास है. अगर कोई माफिया क्रिएट हुआ है तो इस महापाप के खिलाफ एक्शन होगा.'

वहीं, नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने कहा है कि इससे पहले पहले भीलवाड़ा में स्टांप पर बेटियां बेची गई. ऑपरेशन बेटी बाजार देख कर दिल दहल उठा. बेटियों की बिक्री सभ्य समाज पर कलंक और सरकार के ऊपर कालिख की तरह है. इस पर संज्ञान लेना चाहिए.

ऑपरेशन बेटी बाजार में मध्य प्रदेश के मामले भी बताए गए हैं. इस बीच, एमपी कांग्रेस का भी इस पर बयान आ गया है. कांग्रेस प्रवक्ता केके मिश्रा ने सीएम शिवराज सिंह चौहान पर निशाना साधते हुए कहा है कि मामा को बहनों और भांजियों की याद सिर्फ वोट के लिए आती है. एमपी में पिछले 18 साल से शिवराज सिंह चौहान की सरकार है, जो बेटियों के मामा हैं और बहनों के भाई हैं, लेकिन क्या उन्होंने अभी तक इस समुदाय की ओर ध्यान दिया? क्योंकि वह मुट्ठी भर वोट हैं? 

Advertisement

पड़ताल करने की जरूरत: गोपाल राय

वहीं, 'ऑपरेशन बेटी बाजार' पर दिल्ली के मंत्री गोपाल राय ने कहा कि यह काफी दुखद है. इसकी जांच पड़ताल करने की जरूरत है कि ऐसी क्या स्थिति है, जिसकी वजह से परिवार के लोग इस तरह की गतिविधियों में इंवॉल्व होने के लिए मजबूर हो रहे हैं. ऐसे मामलों में पुलिसिया कार्रवाई करने की जरूरत है, ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके. इन गतिविधियों की गहराई से जांच पड़ताल करके एक कार्य योजना बनाने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' नारा देना एक बात है और जमीनी हकीकत पर तब्दील करना दूसरी बात है. बहुत सारे ऐसे मौके आते हैं, जब ऐसा लगता है कि नारा अलग है और रियल कार्रवाई अलग है.

बच्चियों को धंधे में धकेला जा रहा

दरअसल, आजतक के स्टिंग ऑपरेशन में पता चला है कि राजस्थान और मध्य प्रदेश में रोजाना नाबालिग बच्चियों को जिस्मफरोशी के धंधे में धकेला जा रहा है. आजतक की इन्वेस्टिगेशन टीम सबसे पहले राजस्थान के तीन गांवों में पहुंची और इस सौदेबाजी को अपने कैमरे में रिकॉर्ड किया. राजस्थान के इन गांवों में बेटियों की बोलियां लगाई जा रही हैं. इनकी सौदेबाजी हो रही है. 

ऑपरेशन में डरावना सच उजागर

Advertisement

बेटियों के इस बाजार में बिचौलियों की भरमार है. देश में एक तरफ बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा दिया जाता है लेकिन देश के एक हिस्से में बेटियों को अंधाधुंध सौदा किया जा रहा है. बेटियों की सरेआम बोलियां लगाई जा रही हैं. आजतक की इन्वेस्टिगेशन टीम ने लड़कियों की तस्करी और वेश्यावृत्ति के डरावने सच को उजागर किया है.

चंद रुपयों के खातिर बेच रहे बेटियां

बात करें राजस्थान के बूंदी जिले के एक गांव की. बूंदी का एक गांव रामनगर, जहां हर तरफ गरीबी है. यहां चंद रुपयों की खातिर लोग अपनी बेटियों को बेच रहे हैं. इस गांव में लाखन नाम का बिचौलिया बताता है कि गांव में बहुत सारी लड़किया हैं. कम से कम 50 से 60 लड़किया हैं. वह हमें लड़कियां दिखाने की बात करता है.

पूरा एक्सक्लूसिव ऑपरेशन पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »