फर्रुखाबाद जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बार एसोसिएशन फतेहगढ़ के पूर्व महासचिव माफिया संजीव पारिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की. संजीव व उनके परिजनों की फर्रुखाबाद व फतेहगढ़ स्थित 36 करोड़ से अधिक की चल व अचल संपत्ति को कुर्क किया गया. संजीव पारिया पर गैंगेस्टर एक्ट की धारा 14/1 के तहत एक्शन लिया गया. जिसके चलते संजीव और उसके परिवार के 10 सदस्यों की 36 करोड़ रुपये की समस्त चल व अचल को जिला प्रशसन ने भारी पुलिस बल के साथ कुर्क किया.
संजीव पारिया के खिलाफ एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज है. जिला प्रशासन ने उसे माफिया अनुपम दुबे के गैंग का सक्रिय सदस्य घोषित किया था. प्रशासन ने संजीव के दो इंटर कॉलेज, दुकाने, मकान और कृषि भूमि को कुर्क किया. उसके कॉलेजों को जिला विद्यालय निरीक्षक के सुपुर्द कर दिया है. जिससे छात्रों की पढ़ाई का किसी तरह का कोई नुकसान न हो. संजीव परिया फतेहगढ़ बार एसोसिएशन के पिछले 20 वर्षों से महासचिव पद पर रहे. वर्ष 2023 के चुनाव में डिबार होने के चलते चुनाव नहीं लड़े थे.
संजीव पारिय के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत एक्शन
बार एसोसिएशन के पूर्व महासचिव संजीव परिया के खिलाफ प्रशासन के इस एक्शन के बाद खौफ पैदा हो गया है. तहसीलदार श्रद्धा पांडे ने बताया कि जिलाधिकारी महोदय के आदेश से अभियुक्त संजीव परिया पुत्र जदुनाथ सिंह निवासी ओल्ड बंगला केंट फतेहगढ़ के खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट की धारा 14/1के तहत इनकी चल व अचल संपत्ति जो अभियक्त द्वारा अवैध रूप से अर्जित कर अपने व परिजनों के नाम की है.
जिला प्रशासन ने 36 करोड़ रुपये की संपत्ति को कुर्क किया
इस संपत्ति को कुर्क किया जा रहा है, कुर्क की गई संपत्ति में दो इंटर कॉलेज भी है, इन कॉलेजों को जिला विद्यालय निरीक्षक के सुपुर्द किया गया जिससे कि कॉलेज में छात्रों की शिक्षा जारी रहे. वहीं इनकी समस्त कुर्क की गई संपत्ति की कीमत 36 करोड़ रुपये से अधिक की है. संपत्ति को कुर्क कर प्रशासन ने अपने कब्जे में ले लिया है.