कॉमेडियन प्रणीत मोरे के एक स्टैंड-अप शो से शुरू हुआ '₹370 वसूल करूंगा' विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. पहले सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर बवाल मचा, फिर माफी मांगनी पड़ी, अकाउंट डिलीट हुए और अब इस मामले में शामिल युवक की नौकरी भी चली गई है. एक साधारण क्राउडवर्क से शुरू हुआ यह मामला अब महिलाओं के प्रति सोच, डेटिंग कल्चर और सहमति (कंसेंट) जैसे मुद्दों पर बड़ी बहस में बदल गया है.
आखिर क्या था पूरा मामला?
विवाद की शुरुआत प्रणीत मोरे के एक स्टैंड-अप शो से हुई. शो के दौरान ऑडियंस से बातचीत करते हुए गुरुग्राम के रहने वाले 23 वर्षीय हिमांशु जांगड़ा ने अपनी एक डेट का जिक्र किया. बातचीत के दौरान उसने कहा कि उसने डेट पर चिकन बिरयानी के लिए ₹370 खर्च किए थे और इसलिए वह 'वसूली' करना चाहता था.
युवक की यह टिप्पणी सोशल मीडिया पर वायरल हो गई. लोगों ने इसे महिलाओं के प्रति गलत मानसिकता और रिश्तों को लेन-देन की तरह देखने वाला नजरिया बताया.
अंधेरे पार्क वाली बात पर और बढ़ा विवाद
विवाद सिर्फ ₹370 वाले बयान तक सीमित नहीं रहा. वायरल क्लिप में युवक ने यह भी बताया कि लड़की की हिचकिचाहट के बावजूद वह उसे एक अंधेरे पार्क में ले जाने के लिए मनाने की कोशिश कर रहा था. इस हिस्से को लेकर सोशल मीडिया पर और ज्यादा नाराजगी देखने को मिली.कई यूजर्स ने कहा कि यह मामला सिर्फ एक खराब मजाक का नहीं, बल्कि सहमति और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ी सोच का है.
प्रणीत मोरे भी घिरे
वायरल वीडियो में युवक की बात सुनकर कॉमेडियन प्रणीत मोरे हंसते हुए दिखाई दिए थे और उन्होंने इसे 'पीक गुरुग्राम कंटेंट' कहा था. इसी वजह से सोशल मीडिया पर लोगों ने प्रणीत मोरे की भी आलोचना की.
यूजर्स का कहना था कि मंच पर मौजूद कॉमेडियन को ऐसी टिप्पणी का विरोध करना चाहिए था, न कि उसे मनोरंजन की तरह पेश करना चाहिए था.
युवक की पुरानी पोस्ट भी आईं सामने
विवाद बढ़ने के बाद इंटरनेट यूजर्स ने हिमांशु जांगड़ा की सोशल मीडिया प्रोफाइल खंगालनी शुरू कर दी. कई लोगों ने दावा किया कि उसकी प्रोफाइल पर महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक मीम्स और पोस्ट मौजूद थीं. इसके बाद सोशल मीडिया पर उसके खिलाफ और गुस्सा बढ़ गया.
मामला बढ़ने पर युवक ने माफी मांगने की कोशिश की, लेकिन तब तक विवाद काफी बड़ा हो चुका था. बाद में उसके सोशल मीडिया अकाउंट्स भी डिलीट या प्राइवेट कर दिए गए.
कंपनी ने नौकरी से निकाला
विवाद के बीच हिमांशु जांगड़ा की कंपनी स्टारविक डिजाइन के संस्थापक विवेक विश्वकर्मा ने इंस्टाग्राम पर बयान जारी किया. उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो सामने आने के बाद उन्हें सैकड़ों ईमेल, कॉल और मैसेज मिले.
उन्होंने साफ कहा कि वीडियो में दिखाई गई बातें कंपनी के मूल्यों के खिलाफ हैं और ऐसी सोच का समर्थन नहीं किया जा सकता. हालांकि कंपनी की आंतरिक जांच में किसी कर्मचारी, खासकर महिला सहकर्मियों ने हिमांशु के खिलाफ कार्यस्थल पर किसी गलत व्यवहार की शिकायत नहीं की.
कंपनी के अनुसार, सहकर्मियों ने उसे पेशेवर, मेहनती और सम्मानजनक कर्मचारी बताया. इसके बावजूद कंपनी का कहना था कि विवाद अब व्यक्तिगत दायरे से निकलकर संगठन को प्रभावित करने लगा था. इसी वजह से उसे नौकरी से निकालने का फैसला लिया गया.
सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़
विवाद के बाद इंटरनेट पर ₹370 को लेकर मीम्स और जोक्स की बाढ़ आ गई. लोगों ने मजाक में लिखा कि ₹370 में तो आजकल सनस्क्रीन, लिप ग्लॉस या एक अच्छी कॉफी तक नहीं आती. वहीं कई यूजर्स ने इसे आधुनिक डेटिंग कल्चर और रिश्तों में अपेक्षाओं पर चर्चा का विषय बना दिया.
क्यों हो रही है इतनी चर्चा?
कई लोगों का मानना है कि यह मामला सिर्फ एक वायरल वीडियो का नहीं है. इसने महिलाओं के प्रति नजरिए, रिश्तों में सहमति और पुरुष अधिकारवादी सोच को लेकर एक बड़ी बहस छेड़ दी है. यही वजह है कि '₹370 वसूल करूंगा' वाला बयान सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा में बना हुआ है और विवाद अभी भी थमता नजर नहीं आ रहा.