सोशल मीडिया पर बोल्ड तस्वीरें और एडल्ट कंटेंट बनाकर चर्चा में आई एक पूर्व महिला पुलिस अफसर अब एक अलग ही मामले में गिरफ्तार हुई है. अश्लील कंटेंट बनाने के चक्कर में पहले ही उसकी नौकरी जा चुकी थी. अब उसे पुलिस ने एक अलग केस में अरेस्ट किया है.
मामला अर्जेंटीना का है, जहां 20 साल निकोल गैब्रिएला वेरोन कभी पुलिस विभाग में काम करती थी. डेली स्टार की रिपोर्ट के मुताबिक, उसे पुलिस की वर्दी पहनकर एडल्ट कंटेंट बनाने और उसे ऑनलाइन बेचने के कारण नौकरी से निकाल दिया गया था. लेकिन अब वह एक नए विवाद में फंस गई है.
अब वह एक सड़क हादसे के बाद फिर सुर्खियों में है. पहले नौकरी गई, फिर एक भीषण एक्सीडेंट में उसका नाम सामने आया. फिर उसके पास से पिस्तौल और गोलियां बरामद हुई. अब इस आरोप में उसे गिरफ्तार किया गया है.
सड़क हादसे के बाद बढ़ा शक
बताया गया कि 3 जून को निकोल एक लग्जरी BMW कार में दो अन्य महिलाओं के साथ सफर कर रही थी. इसी दौरान हाईवे पर कार एक भीषण सड़क हादसे में शामिल हो गई. आरोप है कि BMW की वजह से कई वाहनों की टक्कर हुई, जिसमें एक पिकअप ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई.
हादसे के बाद पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे. इसी दौरान निकोल ने पुलिसकर्मियों से कहा कि उसकी तबीयत ठीक नहीं है. इस पर उसे कुछ देर के लिए पुलिस की गाड़ी में बैठने की अनुमति दे दी गई.
पुलिस की गाड़ी में मिली गुलाबी पिस्तौल
कुछ मिनट बाद जब पुलिसकर्मी वापस अपनी गाड़ी के पास पहुंचे तो उन्हें एक चौंकाने वाली चीज मिली. जांच में पुलिस वाहन के अंदर एक गुलाबी रंग की 9 एमएम पिस्तौल बरामद होने का दावा किया गया. पिस्तौल की मैगजीन में आठ गोलियां भी मौजूद थीं.
आरोप है कि यह हथियार उसी जगह छिपाया गया था, जहां निकोल बैठी हुई थी. इसके बाद अधिकारियों ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी.
कार से मिले दूसरे संदिग्ध सामान
पुलिस ने हादसे में शामिल BMW कार की भी तलाशी ली. जांच के दौरान कार से एक ग्राइंडर मिला, जिसमें कथित तौर पर गांजा के अवशेष पाए गए. इसके अलावा भूख बढ़ाने वाली दवा की एक स्ट्रिप भी बरामद हुई.इन बरामदगी के बाद जांच एजेंसियों ने यह भी पता लगाना शुरू कर दिया कि कहीं मामला मादक पदार्थों की तस्करी या उससे जुड़ी किसी गतिविधि से तो नहीं जुड़ा है.
पहले भी विवादों में रह चुकी है निकोल
निकोल वेरोन पहले ब्यूनस आयर्स पुलिस में अधिकारी थी. लेकिन रिपोर्ट्स के अनुसार, उसने पुलिस की वर्दी में वीडियो और तस्वीरें बनाकर एक एडल्ट कंटेंट प्लेटफॉर्म पर पोस्ट किए थे. मामला सामने आने के बाद विभाग ने उसे सेवा से हटा दिया था. इसके बाद से वह सोशल मीडिया और एडल्ट कंटेंट इंडस्ट्री से जुड़ी हुई बताई जाती है.
हादसे की जांच जारी
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि दुर्घटना कैसे हुई और हादसे के समय BMW कौन चला रहा था. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कार चला रही महिला भी एडल्ट कंटेंट बनाने से जुड़ी हुई बताई जा रही है.
यह भी पढ़ें: पहले कर्ज लेकर पढ़ाई की... अब प्लंबर बनने की ट्रेनिंग क्यों ले रही ये लड़की?
फिलहाल अधिकारियों ने कार को जब्त कर लिया है और मामले की कई पहलुओं से जांच जारी है. यह स्पष्ट नहीं है कि हादसे में शामिल महिलाओं को जमानत मिली है या वे अभी भी हिरासत में हैं.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, जिस महिला पुलिस अफसर को पहले वर्दी में अश्लील कंटेंट बनाने के कारण नौकरी से निकाला गया था, वही अब एक जानलेवा सड़क हादसे के बाद फिर जांच एजेंसियों के रडार पर आ गई है. हादसे के बाद पुलिस वाहन से कथित तौर पर पिस्तौल और गोलियां मिलने के आरोप ने उसकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं. यही वजह है कि निकोल वेरोन को गिरफ्तार कर लिया गया है.