अर्जुन तेंदुलकर को लंबे इंतजार के बाद इस आईपीएल सीजन में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के लिए डेब्यू करने का मौका मिल ही गया. अर्जुन का आईपीएल 2026 में पहला मुकाबला काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा. पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ खेले गए मैच में सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन ने बल्ले से 5 रन बनाए, जबकि गेंदबाजी में शानदार शुरुआत करते हुए अपने पहले ओवर में सिर्फ 4 रन दिए. हालांकि उनका यह ओवर और भी बेहतर हो सकता था, अगर कप्तान ऋषभ पंत विकेट के पीछे एक कैच पकड़ लेते.
पंजाब की पारी के सातवें ओवर में अर्जुन ने लेग स्टम्प के आसपास शॉर्ट गेंद डाली, जिस पर प्रभसिमरन सिंह पुल शॉट खेलने गए. गेंद उनके ग्लव्स से लगकर विकेटकीपर पंत के बाईं ओर गई. पंत ने डाइव लगाकर गेंद को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन बॉल हाथ से छूट गई. इस दौरान पंत खुद से काफी नाराज दिखे, वहीं अर्जुन भी निराश नजर आए.
इस जीवनदान का फायदा उठाते हुए प्रभसिमरन सिंह ने 39 गेंदों पर 69 रनों की तूफानी पारी खेली. हालांकि बाद में अर्जुन ने ही 15वें ओवर में प्रभसिमरन को आउट कर लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए अपना पहला विकेट हासिल किया. अर्जुन तेंदुलकर ने इस मैच में 4 ओवर में 36 रन देकर एक विकेट झटका.
पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 196 रन बनाए. टीम की ओर से जोश इंग्लिस ने 44 गेंदों पर 72 रनों की शानदार पारी खेली. उन्होंने कप्तान ऋषभ पंत (26 रन, 21 गेंद) के साथ चौथे विकेट के लिए 65 रन जोड़े और टीम को शुरुआती झटकों से उबारा.
इंग्लिस ने पारी की शुरुआत में ही अर्शदीप सिंह पर हमला बोला और पहले ओवर में चार चौकों की मदद से 16 रन बटोरे. इसके बाद आयुष बदोनी ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 18 गेंदों पर 43 रन बनाए. बदोनी ने अजमतुल्लाह उमरजई के एक ओवर में 24 रन लूटे. उनकी इस पारी से LSG ने पावरप्ले में 66/2 का मजबूत स्कोर बना लिया. हालांकि बदोनी की तेजतर्रार पारी ज्यादा देर नहीं चली और प्रभसिमरन सिंह ने युजवेंद्र चहल की गेंद पर शानदार स्टम्पिंग कर उन्हें पवेलियन भेजा. डीआरएस में भी फैसला सही पाया गया.
इसके बाद इंग्लिस ने फिर तेजी पकड़ी और अर्शदीप के ओवर में एक छक्के के अलावा दो चौके लगाए. उन्होंने अपनी फिफ्टी सिर्फ 28 गेंदों में पूरी की. दूसरी ओर ऋषभ पंत ज्यादा लय में नहीं दिखे, लेकिन उन्होंने इंग्लिस का अच्छा साथ निभाया. पंत को 18 रनों के निजी स्कोर पर श्रेयस अय्यर ने जीवनदान भी दिया था, लेकिन बाद में चहल ने उन्हें आउट कर दिया. चहल ने अपने चार ओवर में 25 रन देकर 2 विकेट लिए.
जोश इंग्लिस आखिरकार शशांक सिंह की गेंद पर आउट हुए, जबकि अब्दुल समद ने 20 गेंदों पर नाबाद 37 रन बनाकर टीम को 196 तक पहुंचाया. इसके बावजूद लखनऊ 200 रन का आंकड़ा पार नहीं कर सकी. हालांकि यह मैच लखनऊ सुपर जायंट्स 7 विकेट से हार गई.
मैच के बाद सचिन तेंदुलकर ने अपने बेटे अर्जुन की लंबे इंतजार के दौरान दिखाई गई मेहनत और धैर्य की जमकर तारीफ की. सचिन तेंदुलकर ने एक्स पर लिखा, 'अर्जुन ने पूरे सीजन अनुशासन और सकारात्मक सोच बनाए रखी, जो उनकी सबसे बड़ी ताकत रही.'
अर्जुन तेंदुलकर को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने ₹30 लाख में अपनी टीम में शामिल किया था. आईपीएल 2026 सीजन से पहले उन्हें मुंबई इंडियंस से ट्रेड कर LSG में लाया गया था.