IND-W vs NZ-W: भारत और न्यूजीलैंड की महिला टीमों के बीच इस महीने होने वाली वनडे सीरीज में बदलाव किया गया है. दोनों टीमों को मैचों के बीच अधिक समय देने के लिए न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने कार्यक्रम में बदलाव किया है. वनडे सीरीज अब 12 फरवरी से शुरू होगी.
भारतीय टीम को नौ फरवरी से न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन स्थानों पर पांच वनडे और एक टी20 मैच खेलना था, लेकिन न्यूजीलैंड क्रिकेट (NZC) ने अब सारे मुकाबले क्वींसटाउन में कराने का फैसला लिया है. ताकि कोरोना महामारी के बीच कम यात्रा करनी पड़े. इसके साथ ही दोनों टीमों को मैचों के बीच अधिक समय देने के लिये कार्यक्रम में बदलाव किया गया है.
न्यूजीलैंड क्रिकेट ने कहा, 'भारतऔर न्यूजीलैंड की महिला टीमों के बीच होने वाले मुकाबलों के कार्यक्रम में बदलाव किए गए हैं. पहला केएफसी टी20 मैच उसी समय पर होगा, लेकिन पांच मैचों की वनडे सीरीज के कार्यक्रम में बदलाव किया गया है.'
न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज मार्च-अप्रैल में होने वाले विश्व कप की तैयारी के मद्देनजर अहम मानी जा रही है. इस दौरे में इकलौता टी20 मैच नौ फरवरी को ही खेला जाएगा.
पांच मैचों की वनडे सीरीज अब 12 फरवरी से होगी. इसके बाद दूसरा वनडे 14 फरवरी को एवं तीसरा वनडे 18 फरवरी को खेला जाएगा. आखिरी दोनों वनडे 22 और 24 फरवरी को आयोजित होंगे.
न्यूजीलैंड दौरे पर भारत का शेड्यूल-
टी20 मुकाबला- 9 फरवरी, क्वींसटाउन
पहला वनडे- 12 फरवरी, क्वींसटाउन
दूसरा वनडे- 14 फरवरी, क्वींसटाउन
तीसरा वनडे- 18 फरवरी, क्वींसटाउन
चौथा वनडे- 22 फरवरी, क्वींसटाउन
पांचवां वनडे- 24 फरवरी, क्वींसटाउन
भारतीय वनडे टीम: मिताली राज (कप्तान), हरमनप्रीत कौर (उपकप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, यास्तिका भाटिया, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), स्नेह राणा, झूलन गोस्वामी, पूजा वस्त्राकर, मेघना सिंह, रेणुका सिंह ठाकुर, तानिया भाटिया (विकेटकीपर), राजेश्वरी गायकवाड़, पूनम यादव.