पश्चिम बंगाल के चुनावी नतीजों को लेकर भारतीय जनता पार्टी में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है. इस जीत के जश्न में एक खास बात सामने आई है, जहां पश्चिम बंगाल का लोकप्रिय फास्ट फूड झालमुड़ी जश्न का प्रतीक बन गया है. पार्टी नेता और कार्यकर्ता इस पारंपरिक स्नैक के साथ जीत का आनंद ले रहे हैं. उत्तर प्रदेश सरकार में आयुर्वेद मंत्री दयाशंकर मिश्रा दयालु, जो पश्चिम बंगाल चुनाव के दौरान कई विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारी रहे, इन नतीजों को लेकर खासे उत्साहित नजर आए. उन्होंने चुनाव के दौरान गली-गली जाकर प्रचार किया था और अब नतीजे आने के बाद वह एक तरफ टीवी पर चुनावी परिणाम देख रहे हैं, तो दूसरी तरफ झालमुड़ी का स्वाद ले रहे हैं. दयाशंकर मिश्रा ने कहा कि यह जीत भाजपा कार्यकर्ताओं के वर्षों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है.